संबंधित पाठ्यक्रम
सामान्य अध्ययन-3: भारतीय अर्थव्यवस्था और योजना, संसधानों को जुटाने, प्रगति, विकास और रोजगार से संबंधित विषय।
संदर्भ: हाल ही में, नीति आयोग ने वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर 2025) के लिए ‘ट्रेड वॉच क्वार्टरली’ का 7वां संस्करण जारी किया। यह बदलती वैश्विक स्थितियों के बीच वैश्विक और घरेलू व्यापार प्रवृत्तियों का एक व्यापक मूल्यांकन करता है।
‘ट्रेड वॉच क्वार्टरली‘ के बारे में
- ट्रेड वॉच क्वार्टरली एक आवधिक विश्लेषणात्मक रिपोर्ट है जो प्रत्येक तिमाही में भारत के वस्तु और सेवा व्यापार प्रदर्शन का मूल्यांकन करती है।
- यह क्षेत्रीय प्रवृत्तियों, वैश्विक मांग के स्वरूपों और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार तथा वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में भारत की स्थिति के बारे में अंतर्दृष्टि प्रदान करती है।
- इस रिपोर्ट में प्रमुख क्षेत्रों का विषयगत विश्लेषण भी शामिल है, जो प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के लिए नीति-प्रासंगिक सिफारिशें प्रदान करता है।
- यह साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण और व्यापार रणनीति तैयार करने के लिए एक महत्वपूर्ण उपकरण के रूप में कार्य करती है।
मुख्य बिंदु और प्रवृत्तियां
- लचीला किन्तु मिश्रित व्यापार प्रदर्शन
- वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही (Q3) में भारत का व्यापार प्रदर्शन एक मिश्रित लेकिन लचीली प्रवृत्ति को दर्शाता है, जिसमें वस्तु निर्यात में 1.6% की मामूली वृद्धि (110.48 बिलियन डॉलर तक) हुई, जबकि आयात 7.9% की तेज गति से बढ़ा (202.33 बिलियन डॉलर तक), जिसके परिणामस्वरूप व्यापार घाटा और बढ़ गया है।
- इसके विपरीत, सेवा निर्यात में लगभग 7.8% की मजबूत वृद्धि (111.2 बिलियन डॉलर तक) दर्ज की गई, जिससे एक महत्वपूर्ण व्यापार अधिशेष बना रहा, जो समग्र बाह्य स्थिरता को समर्थन प्रदान करता है।
- कुल व्यापार (वस्तु + सेवा) में वार्षिक आधार पर लगभग 5.6% की सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई, जो बाह्य क्षेत्र की निरंतर सक्रियता का संकेत देती है।
- क्षेत्रवार फोकस: रत्न और आभूषण
- यह रिपोर्ट रत्न एवं आभूषण क्षेत्र को भारत के श्रम-प्रधान विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र के एक प्रमुख स्तंभ के रूप में रेखांकित करती है।
- वैश्विक बाजार का आकार (कच्चे सोने को छोड़कर) लगभग 378 अरब डॉलर अनुमानित है, जिसमें भारत का निर्यात योगदान लगभग 29.5 अरब डॉलर (7.8% हिस्सेदारी) है।
- भारत वैश्विक प्रसंस्करण केंद्र के रूप में एक प्रभावी भूमिका निभाना जारी रखे हुए है, विशेष रूप से हीरों की कटाई और पॉलिशिंग के क्षेत्र में।
- विकसित होती व्यापार संरचना
- भारत के व्यापार पैटर्न स्थिर निर्यात संरचना और परिवर्तनशील आयात गतिशीलता को दर्शाते हैं, जो वैश्विक उत्पादन नेटवर्क के साथ गहरे एकीकरण को प्रदर्शित करते हैं।
- हर्फ़िंडाहल-हर्श्मन सूचकांक (HHI) की प्रवृत्तियाँ यह संकेत देती हैं कि भारत का निर्यात भौगोलिक और उत्पाद-वार आधार पर अधिक विविध हो गया है। वर्ष 2017-18 से 2024-25 के दौरान, एशिया की हिस्सेदारी लगभग 49% से घटकर ~40% रह गई है, जबकि इसके साथ ही यूरोप (~22%) और अमेरिका (25% से अधिक) की हिस्सेदारी में वृद्धि हुई है।
चुनौतियाँ
- स्थायी वस्तु व्यापार घाटा: निर्यात की तुलना में आयात की तीव्र वृद्धि के परिणामस्वरूप एक बड़ा वस्तु व्यापार घाटा (तीसरी तिमाही में ~$91.85 बिलियन) उत्पन्न हुआ है, जो बाह्य स्थिरता के लिए चिंता का विषय है।
- वैश्विक अनिश्चितताएं: जारी भू-राजनीतिक तनाव और व्यापक आर्थिक अस्थिरता, व्यापार प्रवाह और वैश्विक मांग के लिए जोखिम उत्पन्न करते हैं।
- संरचनात्मक बाधाएं: रिपोर्ट सीमित मूल्यवर्धन, आयातित इनपुट पर निर्भरता और क्षेत्रीय संकेंद्रण जैसे मुद्दों को प्रतिस्पर्धात्मकता के मार्ग में बाधा के रूप में पहचानती है।
- व्यापार नीति और FTA उपयोग में बाधाएं: क्षेत्र-विशिष्ट आवश्यकताओं के साथ मुक्त व्यापार समझौतों (FTAs) का तालमेल न होना, शुल्क वापसी में देरी और अस्पष्ट निर्यात प्रोत्साहन, तरलता को बाधित करते हैं और तरजीही बाजार पहुंच के प्रभावी उपयोग को सीमित करते हैं।
- वित्त की उच्च लागत और ऋण तक सीमित पहुंच: उच्च पूंजी लागत और MSMEs के लिए औपचारिक ऋण की प्रतिबंधित उपलब्धता अनौपचारिक वित्तपोषण पर निर्भरता बढ़ाती है, जिससे उत्पादन लागत बढ़ती है और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता कम होती है।
नीतिगत सिफारिशें
- घरेलू क्षमताओं का सुदृढ़ीकरण: घरेलू विनिर्माण और मूल्यवर्धन को बढ़ाने पर जोर दिया गया है, विशेष रूप से प्रमुख निर्यात क्षेत्रों में।
- निर्यात विविधीकरण: वैश्विक झटकों और मांग के उतार-चढ़ाव के प्रति संवेदनशीलता को कम करने के लिए भारत को अपने निर्यात बास्केट और बाजारों में विविधता लाने की आवश्यकता है।
- वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं (GVCs) के साथ एकीकरण: रिपोर्ट प्रतिस्पर्धात्मकता में सुधार और बाजार पहुंच का विस्तार करने के लिए वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में गहरे एकीकरण का आह्वान करती है।
- कौशल, प्रौद्योगिकी और क्लस्टर बुनियादी ढांचे में निवेश: उत्पादकता बढ़ाने और मूल्य श्रृंखला में ऊपर जाने के लिए कौशल, प्रौद्योगिकी और बुनियादी ढांचे में एक साथ निवेश की आवश्यकता है।
