संबंधित पाठ्यक्रम

सामान्य अध्ययन-2: भारत से संबंधित और/अथवा भारत एक हितों को प्रभावित करने वाले द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक समूह तथा करार।

संदर्भ: डिजिटल वित्तीय संपर्क और पड़ोसी देशों के साथ सहयोग को महत्व देते हुए, भारत और नेपाल ने आधिकारिक तौर पर पीयर-टू-पीयर (P2P) सीमा-पार प्रेषण तंत्र की शुरुआत की है।

पीयर-टू-पीयर (P2P) सीमा-पार प्रेषण तंत्र के बारे में

  • यह तंत्र भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) और नेपाल के नेशनल पेमेंट्स इंटरफेस (NPI) के बीच प्रत्यक्ष जुड़ाव स्थापित करता है।
  • यह प्रणाली व्यक्तियों को पारंपरिक बैंकिंग माध्यमों पर निर्भर रहने या भौतिक नकदी ले जाए बिना सीधे धनराशि स्थानांतरित करने की अनुमति देती है।
  • तकनीकी एकीकरण को नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की अंतर्राष्ट्रीय शाखा, NPCI इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (NIPL) और नेपाल क्लियरिंग हाउस लिमिटेड (NCHL) के बीच सहयोग के माध्यम से कार्यान्वित किया गया था।
  • यह पहल सुरक्षित, सुलभ और किफायती सीमा-पार भुगतान प्रणालियों को बढ़ावा देने के व्यापक क्षेत्रीय प्रयासों का हिस्सा है।

तंत्र का महत्व

  • वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देता है: दोनों देशों के नागरिकों के लिए तेज और सुरक्षित डिजिटल वित्तीय सेवाओं तक पहुँच का विस्तार करता है।
  • भारत-नेपाल आर्थिक संबंधों को मजबूत करता है: लंबे समय से चले आ रहे सामाजिक और जन संपर्कों को मजबूत करते हुए डिजिटल और आर्थिक एकीकरण को बढ़ावा देता है।
  • वास्तविक समय में सीमा-पार हस्तांतरण की सुविधा: तत्काल प्रेषण को सक्षम बनाता है और शिथिल पारंपरिक बैंकिंग प्रणालियों पर निर्भरता को कम करता है।
  • यात्रियों की सुविधा में सुधार: भौतिक मुद्रा विनिमय, बड़ी मात्रा में नकदी ले जाने और अपरिचित भुगतान प्रणालियों से निपटने की आवश्यकता को समाप्त करता है।
  • स्थानीय व्यवसायों और व्यापारियों का समर्थन: नेपाली व्यापारियों को भारतीय आगंतुकों तक अधिक पहुँच प्रदान करता है, जिससे संभावित रूप से लेनदेन की मात्रा और डिजिटल भुगतान में वृद्धि होती है।
  • परिचालन दक्षता को बढ़ावा: अनुकूलित नकद प्रबंधन को सक्षम बनाता है, नकद-संचालन लागत को कम करता है, और लेनदेन का सुरक्षित तरीके से वास्तविक समय में निपटान सुनिश्चित करता है।
  • क्षेत्रीय डिजिटल संपर्क को बढ़ावा: दक्षिण एशिया में इंटरऑपरेबल डिजिटल भुगतान इकोसिस्टम बनाने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ता है।
  • यूपीआई की वैश्विक पहुँच का विस्तार: यह जुड़ाव यूपीआई की अंतर्राष्ट्रीय उपस्थिति को और मजबूत करता है।
    • यूपीआई वर्तमान में नौ देशों सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, भूटान, कतर, श्रीलंका और कंबोडिया में स्वीकार किया जाता है।
Shares: