संबंधित पाठ्यक्रम
सामान्य अध्ययन-3: सूचना प्रौद्योगिकी (IT) एवं अंतरिक्ष के क्षेत्र में जागरूकता; देशज रूप से प्रौद्योगिकी का विकास तथा नई प्रौद्योगिकियों का विकास।
संदर्भ: इसरो ने तीन विकासात्मक उड़ानों के बाद, दिसंबर 2026 में लघु उपग्रह प्रक्षेपण यान (SSLV) का पहला परिचालन प्रक्षेपण करने का लक्ष्य रखा है। इन तीन उड़ानों में से अंतिम दो सफल रही थीं।
SSLV के बारे में
- विन्यास: ठोस प्रणोदन के तीन चरण (SS1, SS2 और SS3), जिनके बाद द्रव प्रणोदन आधारित वेग समायोजन मॉड्यूल (VTM) होता है।
- पेलोड क्षमता: एकल/बहु उपग्रह – नैनो, माइक्रो और मिनी उपग्रह।
- 500 किमी की समतलीय कक्षा में 500 किलोग्राम तक का पेलोड ले जाने में सक्षम। यह 10–300 किलोग्राम भार वाले तीन उपग्रहों को भी 500 किमी की समतलीय कक्षा में स्थापित कर सकता है।
- प्रमुख विशेषताएँ: कम लागत, कम समय में दोबारा प्रक्षेपण की तैयारी, माँग के अनुसार प्रक्षेपण, अनेक उपग्रहों को एक साथ ले जाने की क्षमता तथा न्यूनतम प्रक्षेपण अवसंरचना।
- विकासात्मक उड़ानें: SSLV-D1 (2022) असफल रहा; SSLV-D2 (2023) और SSLV-D3 (2024) सफल रहे तथा इनके साथ विकासात्मक उड़ानें पूरी हुईं।
- इसरो के प्रक्षेपण यानों की तुलना:
- SSLV: 500 किमी की समतलीय कक्षा में 500 किलोग्राम तक के छोटे उपग्रहों का प्रक्षेपण।
- PSLV: 600 किमी की सूर्य-तुल्यकालिक ध्रुवीय कक्षा (SSPO) में 1,750 किलोग्राम तक का पेलोड।
- GSLV Mk-II: 2 टन श्रेणी के संचार उपग्रहों का प्रक्षेपण।
- LVM3: भू-तुल्यकालिक स्थानांतरण कक्षा (GTO) में 4 टन श्रेणी तथा निम्न पृथ्वी कक्षा (LEO) में 10 टन श्रेणी के पेलोड का प्रक्षेपण।
SSLV की आवश्यकता एवं महत्त्व
- बढ़ती माँग: संचार, पृथ्वी अवलोकन और वैज्ञानिक अनुप्रयोगों के लिए छोटे उपग्रहों की बढ़ती माँग को पूरा करता है।
- समर्पित प्रक्षेपण: छोटे उपग्रह संचालकों को बड़े प्रक्षेपण यानों के साथ साझा प्रक्षेपण मिशनों पर निर्भर रहने के बजाय अपने उपग्रहों के लिए समर्पित प्रक्षेपण की सुविधा प्रदान करता है।
- त्वरित एवं लचीली पहुँच: कम समय में दोबारा प्रक्षेपण की तैयारी और माँग के अनुसार प्रक्षेपण की क्षमता, प्रक्षेपण समय-सारणी में अधिक लचीलापन प्रदान करती है।
- लागत दक्षता: अपेक्षाकृत सीमित प्रक्षेपण अवसंरचना के साथ अंतरिक्ष तक किफायती पहुँच प्रदान करता है।
- व्यावसायिक क्षमता: वैश्विक लघु उपग्रह प्रक्षेपण बाजार में भारत की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत करता है।
व्यावसायीकरण एवं निजी क्षेत्र की भागीदारी
- प्रौद्योगिकी हस्तांतरण: 10 सितंबर 2025 को SSLV की प्रौद्योगिकी HAL को हस्तांतरित करने के लिए ISRO, NSIL, IN-SPACe और HAL के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
- औद्योगिक उत्पादन: SSLV को उत्पादन के अनुकूल बनाया गया है, जिससे भारतीय उद्योग इस प्रक्षेपण यान का निर्माण कर सकेंगे और व्यावसायिक प्रक्षेपण सेवाएँ प्रदान कर सकेंगे।
- महत्त्व: यह उद्योग-नेतृत्व वाले उत्पादन, निजी क्षेत्र की भागीदारी तथा घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छोटे उपग्रहों के प्रक्षेपण की माँग को पूरा करने की भारत की क्षमता को बढ़ावा देता है।
भारत का प्रक्षेपण अवसंरचना तंत्र
- सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (SDSC-SHAR): आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में स्थित भारत का प्रमुख अंतरिक्ष केंद्र। इसका प्रथम प्रक्षेपण स्थल PSLV और SSLV के प्रक्षेपणों के लिए उपयोग किया जाता है।
- कुलशेखरपट्टिनम लॉन्च कॉप्लेक्स: तमिलनाडु में विकसित किया जा रहा आगामी SSLV प्रक्षेपण केंद्र, जिसका मुख्य उद्देश्य सूर्य-तुल्यकालिक ध्रुवीय कक्षाओं में प्रक्षेपण करना है।
- समय-सीमा: इस परिसर के वित्त वर्ष 2026–27 के दौरान चालू होने की उम्मीद है, जबकि इस केंद्र से SSLV के प्रक्षेपण वित्त वर्ष 2027–28 के दौरान शुरू होने की संभावना है।
