संबंधित पाठ्यक्रम

सामान्य अध्ययन-3: संरक्षण, पर्यावरण प्रदूषण और क्षरण, पर्यावरण प्रभाव का आकलन।

सामान्य अध्ययन -2: महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय संस्थान, एजेंसियाँ और मंच- उनकी संरचना, अधिदेश।

संदर्भ: संयुक्त राष्ट्र ने वैश्विक वन लक्ष्य (GFG) रिपोर्ट 2026 जारी की है, जो इस तथ्य पर प्रकाश डालती है कि सतत वन प्रबंधन और वन-संबंधित सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) की दिशा में वैश्विक प्रयास 2030 के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए अपर्याप्त हैं।

अन्य संबंधित जानकारी:

• वैश्विक वन लक्ष्य रिपोर्ट 2026, ‘वनों के लिए संयुक्त राष्ट्र रणनीतिक योजना (UNSPF) 2017-2030’ के तहत निर्धारित छह वैश्विक वन लक्ष्यों और उनसे संबंधित 26 लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में प्रगति पर आधारित दूसरी वैश्विक मूल्यांकन रिपोर्ट है।

• यह रिपोर्ट संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक मामलों के विभाग (UN DESA) और संयुक्त राष्ट्र वन फोरम (UNFF) सचिवालय द्वारा तैयार की गई है।

• यह मूल्यांकन मुख्य रूप से 48 देशों द्वारा प्रस्तुत स्वैच्छिक राष्ट्रीय रिपोर्टों (VNRs) पर आधारित है, जो वैश्विक वन क्षेत्र के लगभग 51% हिस्से का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसके साथ ही इसमें खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के वैश्विक वन संसाधन मूल्यांकन (FRA) 2025 के आंकड़ों का उपयोग किया गया है।

• इस रिपोर्ट को मई 2026 में न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित संयुक्त राष्ट्र वन फोरम के 21वें सत्र (UNFF21) के दौरान लॉन्च किया गया था।

वैश्विक वन लक्ष्यों (GFGs) के बारे में 

• वैश्विक वन लक्ष्यों (GFGs) को ‘वनों के लिए संयुक्त राष्ट्र रणनीतिक योजना (UNSPF) 2017–2030’ के तहत सभी प्रकार के वनों के सतत प्रबंधन, संरक्षण और पुनर्बहाली के लिए एक सार्वभौमिक स्वैच्छिक फ्रेमवर्क के रूप में अपनाया गया था।

• इस फ्रेमवर्क में 6 वैश्विक वन लक्ष्य और 26 संबद्ध लक्ष्य शामिल हैं, जिन्हें 2030 तक प्राप्त किया जाना है।

• वैश्विक वन लक्ष्य (GFGs), सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) के साथ निकटता से संबद्ध है, विशेष रूप से वे लक्ष्य जो जलवायु कार्रवाई, जैव विविधता संरक्षण, गरीबी उन्मूलन, खाद्य सुरक्षा, पारिस्थितिकी तंत्र की पुनर्बहाली और सतत आजीविका से संबंधित हैं।

रिपोर्ट के मुख्य निष्कर्ष 

वैश्विक वन लक्ष्यों में समग्र प्रगति 

• मूल्यांकन के अनुसार, 26 वैश्विक वन लक्ष्य (GFG) लक्ष्यों में से:

• 7 लक्ष्य व्यापक रूप से पूरे कर लिए गए हैं,

• 17 लक्ष्य आंशिक रूप से प्राप्त हुए हैं, और

• 2 लक्ष्य — वैश्विक स्तर पर वन क्षेत्र में 3% की वृद्धि (लक्ष्य 1.1) और वनों पर निर्भर सभी लोगों के लिए अत्यधिक गरीबी का उन्मूलन (लक्ष्य 2.1) — अपने निर्धारित पथ से विचलित हो गए हैं (अर्थात लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में पिछड़ रहे हैं)।

वैश्विक वन हानि की निरंतरता 

• 2015 और 2025 के बीच वैश्विक वन क्षेत्र में 40 मिलियन हेक्टेयर से अधिक की गिरावट आई (वर्ष 2015 में 4.18 बिलियन हेक्टेयर से घटकर वर्ष 2025 में 4.14 बिलियन हेक्टेयर), जिसमें लगभग 16 मिलियन हेक्टेयर प्राथमिक वनों का नुकसान शामिल है।

• दक्षिण अमेरिका में सर्वाधिक गिरावट दर्ज की गई, जहाँ प्रति वर्ष 4.1 मिलियन हेक्टेयर वन क्षेत्र का ह्रास हुआ, जबकि अफ्रीका में प्रति वर्ष लगभग 3 मिलियन हेक्टेयर वन क्षेत्र का ह्रास हुआ।

निर्धनता और आजीविका संबंधी चुनौतियाँ बनी हुई हैं  

• वनों पर निर्भर आबादी में अत्यधिक गरीबी को समाप्त करने का लक्ष्य अभी भी अपने पथ से विचलित है, विशेष रूप से उप-सहारा अफ्रीका में, जहाँ निर्धनता उन्मूलन के सीमित प्रयास किए गए हैं।

• रिपोर्ट का अनुमान है कि वैश्विक औपचारिक वन अर्थव्यवस्था का वार्षिक मूल्य लगभग 1.5 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है, हालांकि अनौपचारिक वन अर्थव्यवस्था और पारिस्थितिकी तंत्र सेवाओं के योगदान का अभी भी अपर्याप्त मापन किया जाता है।

वित्तीय और शासन अंतराल 

• सतत वन प्रबंधन (SFM) के लिए वैश्विक वित्तपोषण 2023 में लगभग 84 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुँच गया, जो 2030 तक आवश्यक लगभग 300 बिलियन अमेरिकी डॉलर की अनुमानित वार्षिक आवश्यकता से काफी कम है।

• निम्न-आय और निम्न-मध्यम-आय वाले देशों में वित्तपोषण अंतराल विशेष रूप से गंभीर है, जहाँ सार्वजनिक वित्तपोषण पर अधिक निर्भरता बनी हुई है और नवीन वित्तपोषण तंत्र अभी भी अल्पविकसित हैं।

नीतिगत सिफारिशें 

• वन संरक्षण में तेजी लाना: देशों को वनोन्मूलन को रोकने, वनों के क्षरण को पलटने, प्राथमिक वनों की रक्षा करने तथा पुनर्वनीकरण और वनीकरण की पहलों का विस्तार करने के प्रयासों को सुदृढ़ करने की आवश्यकता है।

• शासन और समन्वय को सशक्त बनाना: वनोन्मूलन के चालकों के समाधान के लिए बेहतर वन शासन, अवैध कटाई के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और कृषि, खनन एवं बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों के बीच सशक्त समन्वय अनिवार्य है।

• वित्त और सामुदायिक समर्थन जुटाना: सतत वन प्रबंधन के लिए सार्वजनिक, निजी और जलवायु वित्त की अधिक आवश्यकता है। इसके साथ ही, वनों पर निर्भर समुदायों और स्वदेशी लोगों के लिए भूमि स्वामित्व की सुरक्षा और आजीविका सहायता सुनिश्चित करना आवश्यक है।

• डेटा और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग में सुधार: जवाबदेही बढ़ाने और 2030 तक ‘वैश्विक वन लक्ष्यों’ की दिशा में प्रगति को गति देने के लिए सुदृढ़ वन निगरानी प्रणालियों, डेटा ढांचे और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग की आवश्यकता है।

संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक मामलों का विभाग  (UN DESA)

• UN DESA संयुक्त राष्ट्र सचिवालय का एक विभाग है, जो नीतिगत अनुसंधान, सांख्यिकीय विश्लेषण और सदस्य देशों को क्षमता निर्माण में सहायता के माध्यम से सतत विकास पर अंतर्राष्ट्रीय सहयोग का समर्थन करता है।

• यह विभाग सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) और वन-संबंधी शासन ढांचों सहित वैश्विक विकास एजेंडा के कार्यान्वयन में भी सहायता प्रदान करता है।

वनों पर संयुक्त राष्ट्र मंच (UNFF)

• UNFF (वनों पर संयुक्त राष्ट्र मंच) संयुक्त राष्ट्र आर्थिक और सामाजिक परिषद (ECOSOC) का एक सहायक निकाय है, जिसे सभी प्रकार के वनों के सतत प्रबंधन और संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2000 में स्थापित किया गया था।

• यह ‘वनों के लिए संयुक्त राष्ट्र रणनीतिक योजना’ (UNSPF) के कार्यान्वयन की निगरानी करने वाला प्रमुख वैश्विक अंतर-सरकारी मंच है।

Shares: