संबंधित पाठ्यक्रम
सामान्य अध्ययन-2: भारत एवं उसके पड़ोसी-संबंध।
संदर्भ: 12 दिसंबर 1996 को हस्ताक्षरित भारत-बांग्लादेश की 30 वर्षीय गंगा जल बँटवारा संधि 12 दिसंबर 2026 को समाप्त होने वाली है। ऐसे में, जल सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा पार नदी संसाधनों के न्यायसंगत बँटवारे को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच इस संधि का नवीनीकरण एक महत्त्वपूर्ण द्विपक्षीय मुद्दा बन गया है।
गंगा जल बँटवारा संधि (1996) के बारे में
- पृष्ठभूमि: गंगा जल के बँटवारे को लेकर विवाद 1950 के दशक में तब शुरू हुए, जब भारत ने पश्चिम बंगाल में वर्तमान भारत-बांग्लादेश सीमा से लगभग 18 किमी दूर फरक्का बैराज के निर्माण का प्रस्ताव रखा।
- फरक्का बैराज: इसका निर्माण 1961 में शुरू हुआ तथा 1975 में इसे चालू किया गया। इसका उद्देश्य हुगली नदी में गंगा का पानी प्रवाहित करना था, ताकि गाद (सिल्ट) को हटाया जा सके और कोलकाता बंदरगाह की नौवहन क्षमता बनाए रखी जा सके।
- फरक्का लॉन्ग मार्च (1976): मौलाना भासानी ने भारत की जल मोड़ने की नीति के विरोध में एक आंदोलन का नेतृत्व किया। उनका आरोप था कि पानी के प्रवाह में कमी के कारण बांग्लादेश में पद्मा नदी प्रभावित हो रही है।
- अंतरिम समझौते: भारत और बांग्लादेश ने 1977, 1982 तथा 1985 में अस्थायी जल-बँटवारा समझौतों पर हस्ताक्षर किए, लेकिन इनसे कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका।
- संधि पर हस्ताक्षर: 12 दिसंबर 1996 को भारत के प्रधानमंत्री एच. डी. देवगौड़ा और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने नई दिल्ली में गंगा जल बँटवारा संधि पर हस्ताक्षर किए।
- अवधि: इस संधि के तहत 30 वर्षों के लिए जल-बँटवारे की रूपरेखा निर्धारित की गई, जिसे दोनों देशों की आपसी सहमति से नवीनीकृत किया जा सकता है।
- उद्देश्य: कम प्रवाह वाले मौसम के दौरान गंगा के जल का न्यायसंगत बँटवारा सुनिश्चित करना तथा जल संसाधन प्रबंधन में सहयोग को बढ़ावा देना।
गंगा जल बँटवारा संधि (1996) के प्रमुख प्रावधान

- जल-बँटवारा तंत्र: 1 जनवरी से 31 मई तक फरक्का में गंगा जल का बँटवारा दस-दिवसीय अवधियों के आधार पर किया जाता है। यह बँटवारा 1949–1988 के दौरान दर्ज औसत जल प्रवाह के आधार पर निर्धारित होता है।
- विशेष आवंटन: 11 मार्च से 10 मई के बीच, दोनों देशों को बारी-बारी से आने वाली तीन दस-दिवसीय अवधियों में प्रत्येक को 35,000 क्यूसेक जल प्राप्त होता है।
- आपातकालीन प्रावधान (अनुच्छेदII): यदि किसी दस-दिवसीय अवधि में जल प्रवाह 50,000 क्यूसेक से कम हो जाता है, तो दोनों देशों को तत्काल परामर्श करना होगा तथा न्यायसंगतता, निष्पक्षता और किसी को नुकसान न पहुँचाने के सिद्धांतों के आधार पर आवश्यक समायोजन करना होगा।
- न्यूनतम जल प्रवाह (अनुच्छेद XI): यदि समीक्षा के बाद किए जाने वाले समायोजनों पर दोनों देशों के बीच सहमति नहीं बनती है, तो आपसी सहमति से जल प्रवाह निर्धारित होने तक भारत को बांग्लादेश के सूत्र-आधारित जल हिस्से का कम-से-कम 90% जल छोड़ना होगा।
- अन्य महत्त्वपूर्ण प्रावधान
- अनुच्छेद III: भारत, फरक्का के नीचे बांग्लादेश के लिए छोड़े जाने वाले जल की मात्रा को कम नहीं कर सकता है। हालाँकि, 200 क्यूसेक से अधिक न होने वाले उचित उपयोगों की अनुमति है।
- अनुच्छेद IV: जल प्रवाह की निगरानी के लिए दोनों देशों के समान प्रतिनिधित्व वाली एक संयुक्त समिति की स्थापना का प्रावधान करता है।
- अनुच्छेद VI: संयुक्त समिति द्वारा एकत्रित आँकड़ों और वार्षिक रिपोर्टों को दोनों देशों की सरकारों को प्रस्तुत करने का प्रावधान करता है।
- अनुच्छेद VII: विवादों को पहले संयुक्त समिति, फिर संयुक्त नदी आयोग (JRC) और अंततः दोनों देशों की सरकारों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
- अनुच्छेद VIII: शुष्क मौसम के दौरान गंगा के जल प्रवाह में वृद्धि करने के लिए सहयोग की आवश्यकता को स्वीकार करता है।
- अनुच्छेद IX: अन्य साझा नदियों के संबंध में जल-बँटवारा समझौतों को प्रोत्साहित करता है।
- अनुच्छेद X: प्रत्येक पाँच वर्ष में या किसी एक देश के अनुरोध पर उससे पहले संधि की समीक्षा का प्रावधान करता है।
- अनुच्छेद XII: यह संधि 30 वर्षों तक प्रभावी रहेगी तथा आपसी सहमति से इसका नवीनीकरण किया जा सकता है।
संधि का महत्त्व
- द्विपक्षीय संबंध: कूटनीति के माध्यम से दशकों पुराने जल-बँटवारे के विवाद का समाधान किया तथा भारत-बांग्लादेश संबंधों को मजबूत बनाया।
- जल एवं खाद्य सुरक्षा: कम जल प्रवाह वाले मौसम (जनवरी–मई) के दौरान जल-बँटवारे की एक पूर्वानुमेय व्यवस्था स्थापित की, जिससे सिंचाई, कृषि एवं आजीविका को समर्थन मिला।
- आर्थिक महत्त्व: फरक्का बैराज के माध्यम से जल का प्रवाह मोड़कर हुगली नदी की नौवहन क्षमता तथा कोलकाता बंदरगाह के संचालन को बनाए रखने में सहायता मिली।
- संस्थागत सहयोग: जल प्रवाह की निगरानी एवं संधि के क्रियान्वयन के लिए एक संयुक्त समिति की स्थापना की गई, जिसे 1972 में स्थापित संयुक्त नदी आयोग का समर्थन प्राप्त है।
- क्षेत्रीय सहयोग: साझा जल संसाधनों के प्रबंधन तथा 54 अंतरराष्ट्रीय सीमा पार नदियों के संबंध में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक फ्रेमवर्क प्रदान किया।
संधि के नवीनीकरण में प्रमुख चिंताएँ एवं चुनौतियाँ
- न्यूनतम जल की गारंटी: बांग्लादेश वर्ष 1977 के समझौते के समान अधिक बेहतर जल गारंटी की माँग कर रहा है, जबकि भारत जल की कमी के दौरान अपने ऊपर अतिरिक्त बोझ बढ़ने की आशंका के कारण कठोर प्रतिबद्धताओं का विरोध करता है।
- जलवायु एवं पारिस्थितिक चिंताएँ: यह संधि 1949–1988 के जल प्रवाह संबंधी आँकड़ों पर आधारित है तथा इसमें जलवायु परिवर्तन के अनुरूप पर्याप्त प्रावधानों और पर्यावरणीय जल प्रवाह की व्यवस्था का अभाव है। इससे नदी का स्वास्थ्य, मत्स्य संसाधन तथा डेल्टा की पारिस्थितिकी प्रभावित हो सकती है।
- घरेलू हित: बांग्लादेश 40,000 क्यूसेक जल की गारंटी चाहता है, जबकि बिहार वर्तमान स्वरूप में संधि के नवीनीकरण का विरोध कर रहा है। वहीं, पश्चिम बंगाल कोलकाता बंदरगाह के लिए फरक्का के माध्यम से जल का निरंतर प्रवाह मोड़े जाने की व्यवस्था बनाए रखना चाहता है।
- भू-राजनीतिक तनाव: शेख हसीना को सत्ता से हटाया जाना (2024), उनके प्रत्यर्पण का मुद्दा, बांग्लादेश का चीन के साथ बढ़ता जुड़ाव तथा भारत द्वारा सिंधु जल संधि (2025) को स्थगित रखना, इन सभी घटनाक्रमों ने वार्ता को जटिल बना दिया है।
आगे की राह
- जलवायु अनुकूल संधि: ऐतिहासिक जल विज्ञान संबंधी आँकड़ों को अद्यतन किया जाए तथा जलवायु परिवर्तन, हिमनदों का पीछे हटना, वर्षा की अनिश्चितता और भविष्य की जल आवश्यकताओं को संधि में शामिल किया जाए।
- पारिस्थितिकीय सततता: नदी के स्वास्थ्य, जैव विविधता, मत्स्य संसाधनों तथा तलछट के परिवहन की रक्षा के लिए पर्यावरणीय प्रवाह संबंधी प्रावधान शामिल किए जाएँ।
- वैज्ञानिक सहयोग: वास्तविक समय के जल विज्ञान संबंधी आँकड़ों का आदान-प्रदान, उपग्रह आधारित निगरानी तथा संयुक्त वैज्ञानिक सत्यापन को बढ़ावा दिया जाए।
- नदी बेसिन स्तर पर सहयोग: गंगा के अतिरिक्त अन्य साझा नदियों, विशेष रूप से तीस्ता और ब्रह्मपुत्र पर भी सहयोग का विस्तार किया जाए तथा नेपाल की भागीदारी की संभावनाएँ तलाशी जाएँ।
- संस्थागत सुदृढ़ीकरण: संयुक्त नदी आयोग को तकनीकी एवं विवाद समाधान संबंधी तंत्रों के साथ सशक्त बनाया जाए। अंतरिम व्यवस्थाओं पर विचार किया जाए तथा दोनों देशों के हितों की रक्षा करते हुए जल का न्यायसंगत बँटवारा सुनिश्चित किया जाए।
