संबंधित पाठ्यक्रम
सामान्य अध्ययन-3: सूचना प्रौद्योगिकी (IT), अंतरिक्ष, कंप्यूटर, रोबोटिक्स, नैनो-प्रौद्योगिकी, जैव-प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में जागरूकता तथा बौद्धिक संपदा अधिकारों से संबंधित मुद्दे।
संदर्भ: संयुक्त राष्ट्र के कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर स्वतंत्र अंतर्राष्ट्रीय वैज्ञानिक पैनल ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर अपनी प्रथम वैज्ञानिक रिपोर्ट जारी की है। यह रिपोर्ट एआई की क्षमताओं, अवसरों, जोखिमों तथा एआई शासन से संबंधित चुनौतियों का वैश्विक वैज्ञानिक आकलन प्रस्तुत करती है।
अन्य संबंधित जानकारी
- यह रिपोर्ट कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर 40 सदस्यीय स्वतंत्र अंतर्राष्ट्रीय वैज्ञानिक पैनल द्वारा तैयार की गई है, जिसकी सह-अध्यक्षता योशुआ बेंगियो तथा मारिया रेसा ने की। इसका उद्देश्य एआई का स्वतंत्र एवं वैज्ञानिक आकलन प्रस्तुत करना है।
- इस रिपोर्ट ने 6–7 जुलाई, 2026 को जिनेवा में आयोजित प्रथम वैश्विक एआई शासन संवाद के लिए वैज्ञानिक आधार का कार्य किया।
- एआई के सात प्रमुख आयामों को समाहित करने वाली यह रिपोर्ट संयुक्त राष्ट्र द्वारा समय-समय पर जारी की जाने वाली वैज्ञानिक आकलन रिपोर्टों की श्रृंखला की पहली रिपोर्ट है। इसका अधिक व्यापक संस्करण वर्ष 2027 में जारी किए जाने की अपेक्षा है।
संयुक्त राष्ट्र की एआई वैज्ञानिक रिपोर्ट के प्रमुख निष्कर्ष
- एआई क्षमताओं में तीव्र प्रगति: तर्क क्षमता, कोडिंग, कंटेंट सृजन तथा वैज्ञानिक अनुसंधान जैसे क्षेत्रों में एआई की क्षमताएँ अभूतपूर्व गति से विकसित हो रही हैं।
- सामान्य प्रयोजन प्रौद्योगिकी के रूप में एआई: एआई स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, शासन तथा वैज्ञानिक अनुसंधान सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक उपयोग वाली एक परिवर्तनकारी प्रौद्योगिकी के रूप में उभर रहा है।
- एआई विकास का संकेंद्रण: अत्याधुनिक (Frontier) एआई का विकास अभी भी कुछ चुनिंदा देशों एवं कंपनियों तक सीमित है। अग्रणी एआई संगणन क्षमता का लगभग 75% संयुक्त राज्य अमेरिका तथा 15% चीन के पास है।
- एआई एक नए विकासात्मक विभाजन को जन्म दे रहा है: जिन देशों के पास संगणन अवसंरचना, कुशल मानव संसाधन, डेटा तथा शासन क्षमता का अभाव है, उनके एआई-आधारित वैश्विक अर्थव्यवस्था में पीछे छूट जाने का जोखिम है।
- स्वायत्त (Agentic) एआई प्रणालियों का उद्भव: एआई प्रणालियाँ स्वायत्त रूप से योजना बनाने तथा कार्यों के निष्पादन में अधिक सक्षम होती जा रही हैं, जिससे शासन संबंधी नई चुनौतियाँ उत्पन्न हो रही हैं।
- सतत विकास में एआई की भूमिका: एआई का उत्तरदायित्वपूर्ण उपयोग स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य प्रणाली तथा जलवायु कार्रवाई जैसे क्षेत्रों में सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) की प्राप्ति को गति प्रदान कर सकता है।
भारत के लिए रिपोर्ट के निष्कर्षों की प्रासंगिकता
- एआई संगणन एवं नवाचार क्षमता का निर्माण: रिपोर्ट में संगणन अवसंरचना तथा अनुसंधान पारिस्थितिकी तंत्र पर दिए गए बल से इंडियाएआई मिशन (IndiaAI Mission), स्वदेशी एआई मॉडल तथा घरेलू GPU क्षमता जैसी पहलों के महत्व को रेखांकित किया गया है।
- एआई क्षमता अंतराल को पाटना: एआई-आधारित अर्थव्यवस्था में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भारत को उच्च-प्रदर्शन संगणन, गुणवत्तापूर्ण डेटासेट, एआई प्रतिभा तथा शासन क्षमताओं तक पहुँच को सुदृढ़ करना होगा।
- विकास के लिए एआई का उपयोग: रिपोर्ट के निष्कर्ष स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, भाषा प्रौद्योगिकी तथा डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (DPI) जैसे क्षेत्रों में एआई के उपयोग संबंधी भारत के प्रयासों के अनुरूप हैं।
- वैश्विक दक्षिण की आवाज़: डिजिटल सार्वजनिक वस्तुओं तथा समावेशी प्रौद्योगिकी शासन के क्षेत्र में भारत का अनुभव उसे न्यायसंगत, विकासोन्मुखी तथा समावेशी वैश्विक एआई शासन ढाँचे की वकालत करने की सुदृढ़ स्थिति प्रदान करता है।

आगे की राह
- वैश्विक एआई क्षमता अंतराल को कम करना: विशेष रूप से विकासशील देशों में संगणन अवसंरचना, डेटासेट, तकनीकी विशेषज्ञता तथा शासन क्षमता तक पहुँच का विस्तार किया जाए।
- एआई मूल्यांकन तंत्र को सुदृढ़ बनाना: अत्याधुनिक एआई मॉडलों के लिए स्वतंत्र परीक्षण, लेखा-परीक्षण, बेंचमार्किंग तथा परिनियोजन के बाद निगरानी तंत्र विकसित किए जाएँ।
- स्वायत्त (Agentic) एआई प्रणालियों के लिए तैयारी: स्वतंत्र रूप से योजना बनाने तथा कार्य करने में सक्षम होती जा रही स्वायत्त एआई प्रणालियों के लिए निगरानी एवं पर्यवेक्षण तंत्र को सुदृढ़ किया जाए।
- साझा वैश्विक साक्ष्य मानकों को बढ़ावा देना: सूचित एवं प्रभावी एआई शासन के समर्थन हेतु समान वैज्ञानिक रूपरेखाओं तथा मापन मानकों का विकास किया जाए।
- अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को सुदृढ़ करना: संयुक्त राष्ट्र के नेतृत्व वाली बहुपक्षीय प्रक्रियाओं के माध्यम से सहयोग को मजबूत किया जाए, ताकि एआई के लाभों का देशों के बीच अधिक न्यायसंगत वितरण सुनिश्चित किया जा सके।
