संबंधित पाठ्यक्रम

सामान्य अध्ययन -2: स्वास्थ्य, शिक्षा एवं मानव संसाधन से संबंधित सामाजिक क्षेत्र/सेवाओं के विकास एवं प्रबंधन से संबंधित विषय।

संदर्भ: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने वयस्कों में टाइप-1 मधुमेह के निदान और प्रबंधन के लिए अपने पहले दिशानिर्देश जारी किए हैं। इनका उद्देश्य किफायती इंसुलिन, रक्त शर्करा की निगरानी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच में सुधार करना है।

वयस्कों में टाइप-1 मधुमेह के निदान और प्रबंधन हेतु प्रमुख दिशानिर्देश

  • निदान एवं वर्गीकरण: वयस्कों में टाइप-1 मधुमेह के सटीक निदान तथा इसे टाइप-2 मधुमेह और मधुमेह के अन्य प्रकारों से अलग पहचानने पर जोर दिया गया है, ताकि गलत निदान और इंसुलिन उपचार में होने वाली देरी को रोका जा सके।
  • इसमें यह मान्यता दी गई है कि टाइप-1 मधुमेह किसी भी उम्र में विकसित हो सकता है, केवल बचपन में ही नहीं।
  • इंसुलिन थेरेपी: रक्त शर्करा  के स्तर के अनुसार खुराक में समायोजन करते हुए प्रतिदिन इंसुलिन के कई इंजेक्शन लगाने की सिफारिश की गई है।
  • मानव इंसुलिन को एक उपयुक्त और प्रभावी विकल्प माना गया है, जबकि आवश्यकता पड़ने पर इंसुलिन के अन्य फॉर्मूलेशन का भी उपयोग किया जा सकता है।
  • रक्त शर्करा की निगरानी: पिछले कुछ महीनों के औसत शर्करा  स्तर को मापने वाले नैदानिक रक्त परीक्षणों, उँगली में सुई चुभाकर किए जाने वाले परीक्षणों अथवा त्वचा पर पहने जाने वाले सेंसरों का उपयोग करने वाले सतत शर्करा निगरानी (CGM) उपकरणों के माध्यम से नियमित निगरानी की सिफारिश की गई है।
  • जहाँ रक्त शर्करा परीक्षण उपलब्ध नहीं है, वहाँ मूत्र शर्करा परीक्षण पर विचार किया जा सकता है।
  • इंसुलिन देने की विधि एवं व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुरूप प्रबंधन: इसमें उपयुक्त इंसुलिन उपचार पद्धतियों और इंसुलिन देने की विधियों पर ध्यान दिया गया है। उपचार को व्यक्ति की आवश्यकताओं, रक्त शर्करा  के स्तर तथा उपलब्ध स्वास्थ्य देखभाल संसाधनों के अनुसार समायोजित किया जाना चाहिए।
  • आवश्यक मधुमेह देखभाल तक पहुँच: इंसुलिन और शर्करा  की निगरानी करने वाले उपकरणों तक किफायती एवं निर्बाध पहुँच पर जोर दिया गया है। विशेष रूप से सीमित संसाधनों वाले क्षेत्रों तथा आपात स्थितियों या मानवीय संकटों के दौरान, जब स्वास्थ्य सेवाएँ बाधित हो सकती हैं, इस पहुँच को सुनिश्चित करना महत्त्वपूर्ण है।
  • कार्यान्वयन एवं रोगियों की भागीदारी: WHO देशों को इन सिफारिशों के कार्यान्वयन और प्रगति की निगरानी में सहायता देने के लिए व्यावहारिक उपकरण एवं मार्गदर्शन प्रदान करेगा।
  • इसके अतिरिक्त, यह मधुमेह कार्यक्रमों के निर्माण, कार्यान्वयन और मूल्यांकन में टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित लोगों को शामिल करने के लिए भी प्रोत्साहित करता है।

मधुमेह के बारे में

  • मधुमेह मेलिटस एक दीर्घकालिक चयापचय संबंधी रोग है, जिसकी विशेषता रक्त में शर्करा  का उच्च स्तर (हाइपरग्लाइसीमिया) होना है। यह स्थिति तब उत्पन्न होती है, जब अग्न्याशय पर्याप्त मात्रा में इंसुलिन का उत्पादन नहीं करता है अथवा शरीर उत्पादित इंसुलिन का प्रभावी ढंग से उपयोग नहीं कर पाता है।
  • मधुमेह के प्रकार:
  • टाइप-1 मधुमेह
  • टाइप-2 मधुमेह
  • गर्भावधि मधुमेह: गर्भावस्था के दौरान विकसित होने वाला हाइपरग्लाइसीमिया, जिसमें रक्त शर्करा  का स्तर सामान्य से अधिक, लेकिन मधुमेह के निदान की सीमा से कम होता है।
  • अन्य विशिष्ट प्रकार: इनमें शामिल हैं:
  • एकल-जीन मधुमेह: इंसुलिन के स्राव को प्रभावित करने वाले एकल जीन दोष के कारण होता है, जैसे युवावस्था में शुरू होने वाला परिपक्वता-आधारित मधुमेह (MODY) और नवजात मधुमेह मेलिटस (NDM)।
  • अग्नाशयी मधुमेह: अग्न्याशय के रोगों के कारण होता है, जैसे फाइब्रो-कैल्कुलस अग्नाशयी मधुमेह (FCPD)।
  • माइटोकॉन्ड्रियल मधुमेह: यह माइटोकॉन्ड्रियल डीएनए में उत्परिवर्तन से संबंधित एक आनुवंशिक प्रकार है, जिसकी विशेषता प्रायः मातृवंशानुगत मधुमेह और सुनने की क्षमता में कमी होना है।
  • अन्य कारण: अंतःस्रावी विकार, संक्रमण, आनुवंशिक सिंड्रोम और कुछ विशिष्ट दवाएँ।

टाइप-1 मधुमेह के बारे में

  • टाइप-1 मधुमेह मेलिटस (T1DM) एक दीर्घकालिक स्व-प्रतिरक्षित रोग है, जिसमें प्रतिरक्षा प्रणाली अग्न्याशय की इंसुलिन उत्पादित करने वाली बीटा कोशिकाओं को नष्ट कर देती है।
  • इसके परिणामस्वरूप इंसुलिन का उत्पादन बहुत कम या बिल्कुल नहीं होता है, जिससे रक्त में शर्करा  का स्तर बढ़ जाता है (हाइपरग्लाइसीमिया)।
  • टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित लोगों को जीवित रहने के लिए आजीवन इंसुलिन थेरेपी की आवश्यकता होती है।
  • कारण एवं जोखिम कारक:
  • स्व-प्रतिरक्षित प्रतिक्रिया: प्रतिरक्षा प्रणाली गलती से इंसुलिन उत्पादित करने वाली बीटा कोशिकाओं पर हमला करती है।
  • आनुवंशिक संवेदनशीलता: कुछ आनुवंशिक कारक, विशेष रूप से मानव ल्यूकोसाइट एंटीजन (HLA) जीन, इस रोग का जोखिम बढ़ाते हैं।
  • पर्यावरणीय कारक: कुछ वायरल संक्रमण और अन्य पर्यावरणीय कारक रोग के विकास में योगदान दे सकते हैं, हालाँकि इसके सटीक कारण अभी भी स्पष्ट नहीं हैं।
  • लक्षण: सामान्य लक्षणों में अत्यधिक प्यास लगना (पॉलीडिप्सिया), बार-बार पेशाब आना (पॉलीयूरिया), बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन कम होना, लगातार थकान और धुंधली दृष्टि शामिल हैं।
  • निदान: निदान में नैदानिक लक्षणों का आकलन करना और उपवास प्लाज्मा शर्करा  (FPG), मौखिक शर्करा  सहिष्णुता परीक्षण (OGTT) तथा ग्लाइकेटेड हीमोग्लोबिन (HbA1c) जैसे परीक्षणों के माध्यम से रक्त शर्करा  के स्तर को मापना शामिल है।
  • मधुमेह-विशिष्ट स्व एंटीबॉडी परीक्षण और सी-पेप्टाइड का मापन, टाइप-1 मधुमेह को मधुमेह के अन्य प्रकारों से अलग पहचानने में सहायक हो सकते हैं।

टाइप-1 मधुमेह बनाम टाइप-2 मधुमेह

मधुमेह का वैश्विक बोझ

  • वर्ष 2025 में विश्वभर में लगभग 95 लाख लोग टाइप-1 मधुमेह से पीड़ित थे।
  • वर्ष 2025 में लगभग 5 लाख नए मामलों का निदान किया गया।
  • वर्ष 2022 में विश्वभर में लगभग 83 करोड़ लोग मधुमेह से पीड़ित थे, जिनमें अधिकांश टाइप-2 मधुमेह से प्रभावित थे।
  • मधुमेह से पीड़ित 40% से अधिक लोग अपनी बीमारी से अनजान थे और उनका निदान नहीं हो पाया था।

WHO की संबंधित पहलें

  • वैश्विक मधुमेह समझौता (2021): WHO द्वारा मधुमेह की रोकथाम, निदान और उपचार में सुधार के लिए शुरू किया गया, विशेष रूप से निम्न एवं मध्यम आय वाले देशों में।
  • वैश्विक मधुमेह कवरेज लक्ष्य (2022): विश्व स्वास्थ्य सभा ने वर्ष 2030 तक प्राप्त किए जाने वाले मधुमेह से संबंधित पाँच वैश्विक कवरेज लक्ष्यों का समर्थन किया।
  • विश्व मधुमेह दिवस: मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रत्येक वर्ष 14 नवंबर को मनाया जाता है। वर्ष 2026 की थीम मधुमेह पर शीघ्र कार्रवाई (Early Action on Diabetes) है।
Shares: