संबंधित पाठ्यक्रम

सामान्य अध्ययन-3: विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारतीयों की उपलब्धियाँ; देशज रूप से प्रौद्योगिकी का विकास एवं नई प्रौद्योगिकी का विकास।

संदर्भ: परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड (AERB) ने राजस्थान परमाणु ऊर्जा परियोजना की इकाई-8 (RAPP-8) के प्रथम क्रांतिकता चरण (First Approach to Criticality–FAC) के लिए अनुमति प्रदान की है। यह भारत के स्वदेशी परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम में एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है।

प्रथम क्रांतिकता चरण (FAC) के बारे में

  • अर्थ: FAC परमाणु रिएक्टर के कमीशनिंग (चालू करने) की प्रक्रिया का एक महत्त्वपूर्ण चरण है। यह नियंत्रित एवं आत्मनिर्भर परमाणु विखंडन श्रृंखला अभिक्रिया की शुरुआत को दर्शाता है।
  • क्रांतिकता (Criticality): जब परमाणु विखंडन के माध्यम से उत्पन्न न्यूट्रॉन श्रृंखला अभिक्रिया को स्थिर दर से जारी रखते हैं, तब रिएक्टर क्रांतिकता की अवस्था प्राप्त कर लेता है।
  • उद्देश्य: यह नियंत्रित परमाणु श्रृंखला अभिक्रिया को बनाए रखने की रिएक्टर की क्षमता स्थापित करता है तथा इसके बाद की कमीशनिंग गतिविधियों को सक्षम बनाता है।
  • नियामक अनुमोदन: परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड (AERB) रिएक्टर की सुरक्षा, निर्माण, कमीशनिंग परीक्षणों के परिणामों तथा परिचालन संबंधी तैयारियों की समीक्षा करने के बाद FAC के लिए अनुमति प्रदान करता है।
  • वाणिज्यिक संचालन: FAC का अर्थ तत्काल बिजली उत्पादन शुरू होना नहीं है। इसके लिए आगे के परीक्षण, विद्युत उत्पादन क्षमता में क्रमिक वृद्धि, विद्युत ग्रिड के साथ समन्वयन तथा नियामक अनुमोदन आवश्यक होते हैं।

परमाणु रिएक्टर की कमीशनिंग के चरण

  • प्रारंभिक ईंधन लोडिंग (IFL): नियामक अनुमति प्राप्त करने और निर्धारित सुरक्षा आवश्यकताओं को पूरा करने के बाद रिएक्टर के कोर में परमाणु ईंधन भरा जाता है।
  • क्रांतिकता-पूर्व सुरक्षा जाँच: परिचालन संबंधी तैयारियों को सुनिश्चित करने के लिए रिएक्टर प्रणालियों की अखंडता की जाँच, सुरक्षा मूल्यांकन और कमीशनिंग परीक्षण किए जाते हैं।
  • प्रथम क्रांतिकता चरण (FAC): नियंत्रित एवं आत्मनिर्भर परमाणु विखंडन श्रृंखला अभिक्रिया स्थापित करने के लिए रिएक्टर को धीरे-धीरे क्रांतिकता की अवस्था में लाया जाता है।
  • कम शक्ति पर भौतिकी प्रयोग: कम शक्ति पर रिएक्टर के व्यवहार, परमाणु विशेषताओं और सुरक्षा प्रणालियों का परीक्षण किया जाता है।
  • विद्युत उत्पादन क्षमता में वृद्धि एवं ग्रिड समन्वयन: रिएक्टर की शक्ति में धीरे-धीरे वृद्धि की जाती है, जिसके बाद परीक्षण और विद्युत ग्रिड के साथ समन्वयन किया जाता है।
  • वाणिज्यिक संचालन: कमीशनिंग परीक्षणों के संतोषजनक ढंग से पूरा होने और आवश्यक नियामक अनुमोदन प्राप्त होने के बाद वाणिज्यिक विद्युत उत्पादन शुरू होता है।

भारत का त्रि-चरणीय परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम

  • डॉ. होमी जहाँगीर भाभा द्वारा परिकल्पित भारत के त्रि-चरणीय परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम का उद्देश्य बंद परमाणु ईंधन चक्र के माध्यम से सीमित घरेलू यूरेनियम भंडार और प्रचुर मात्रा में उपलब्ध थोरियम संसाधनों का उपयोग करना है।
  • 6 अप्रैल, 2026 को तमिलनाडु के कलपक्कम में भारत के स्वदेशी रूप से अभिकल्पित 500 मेगावाट विद्युत (MWe) प्रोटोटाइप फास्ट ब्रीडर रिएक्टर (PFBR) ने प्रथम क्रांतिकता (First Criticality) प्राप्त की।
  • 6 अप्रैल, 2026 को तमिलनाडु के कलपक्कम में भारत के स्वदेशी रूप से अभिकल्पित 500 मेगावाट विद्युत (MWe) प्रोटोटाइप फास्ट ब्रीडर रिएक्टर (PFBR) ने प्रथम क्रांतिकता (First Criticality) प्राप्त की।
    • इसका विकास भारतीय नाभिकीय विद्युत निगम लिमिटेड (BHAVINI) द्वारा किया गया है, जबकि इसकी प्रौद्योगिकी इंदिरा गांधी परमाणु अनुसंधान केंद्र (IGCAR) द्वारा विकसित की गई है।
    • इसमें यूरेनियम-प्लूटोनियम मिश्रित ऑक्साइड (MOX) ईंधन तथा अतिरिक्त प्लूटोनियम-239 के उत्पादन के लिए यूरेनियम-238 के आवरण (Blanket) का उपयोग किया जाता है।
    • भविष्य में थोरियम आवरण का उपयोग तीसरे चरण की ओर संक्रमण में सहायक होगा।
    • इस उपलब्धि के साथ भारत ने अपने परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के दूसरे चरण में प्रवेश किया।

दाबित भारी जल रिएक्टर (PHWR) प्रौद्योगिकी के बारे में

  • PHWR में भारी जल (D₂O) का उपयोग मंदक (Moderator) और शीतलक (Coolant) दोनों के रूप में किया जाता है।
  • इसमें सामान्यतः ईंधन के रूप में प्राकृतिक यूरेनियम का उपयोग किया जाता है, जिससे संवर्धित यूरेनियम पर निर्भरता कम होती है।
  • भारी जल न्यूट्रॉनों को धीमा करता है और उनमें से अपेक्षाकृत बहुत कम न्यूट्रॉनों को अवशोषित करता है, जिससे कुशल परमाणु श्रृंखला अभिक्रिया को बनाए रखने में सहायता मिलती है।

परमाणु ऊर्जा के लिए सरकारी पहलें

    • परमाणु ऊर्जा मिशन: केंद्रीय बजट 2025–26 में घोषित इस मिशन का लक्ष्य वर्ष 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा क्षमता हासिल करना है।
    • वित्तीय आवंटन: लघु मॉड्यूलर रिएक्टरों (SMRs) के विकास और तैनाती के लिए ₹20,000 करोड़ आवंटित किए गए हैं।
    • SMR लक्ष्य: वर्ष 2033 तक कम-से-कम पाँच स्वदेशी रूप से अभिकल्पित SMRs को चालू करना।
    • स्वदेशी प्रौद्योगिकी: भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) BSMR-200 (200 MWe), SMR-55 (55 MWe) और हाइड्रोजन उत्पादन के लिए एक उच्च तापमान वाले गैस-शीतित रिएक्टर का विकास कर रहा है।
    • शांति (SHANTI) अधिनियम, 2025: यह भारत के परमाणु कानूनी ढाँचे का आधुनिकीकरण करता है तथा नियामक निगरानी के अंतर्गत निजी क्षेत्र की सीमित भागीदारी को सक्षम बनाता है।

    Shares: