संबंधित पाठ्यक्रम

सामान्य अध्ययन-2: स्वास्थ्य से संबंधित सामाजिक क्षेत्र/सेवाओं के विकास और प्रबंधन से संबंधित विषय।

संदर्भ: आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) ने आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट्स (ABHA) से 100 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य रिकॉर्डों को जोड़कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है, जो भारत के एकीकृत और अंतःप्रचालनीय (इंटरऑपरेबल) डिजिटल स्वास्थ्य देखभाल इकोसिस्टम को सुदृढ़ करता है।

अन्य संबंधित जानकारी 

• ABDM के अंतर्गत अब तक 100 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य रिकॉर्डों को ABHA (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) के साथ सफलतापूर्वक जोड़ा जा चुका है, जिससे यह विश्व के सबसे बड़े डिजिटल स्वास्थ्य इकोसिस्टम में से एक बन जाता है।  

• लिंक किए गए रिकॉर्डों की संख्या फरवरी 2025 के 50 करोड़ से दोगुनी होकर मात्र 15 महीनों के भीतर 100 करोड़ से अधिक हो गई है, जिसमें लगभग प्रत्येक दो से तीन महीने में 10 करोड़ रिकॉर्ड जोड़े जा रहे हैं।

• अधिक सार्वजनिक और निजी स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी समाधान आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन इकोसिस्टम के साथ एकीकृत हो चुके हैं, जिससे स्वास्थ्य देखभाल सुविधाओं के बीच स्वास्थ्य रिकॉर्डों का निर्बाध और पेपरलैस आदान-प्रदान संभव हुआ है।

• इस ऐतिहासिक उपलब्धि में प्रमुख योगदानकर्ताओं में सरकारी प्लेटफॉर्म और कार्यक्रम शामिल हैं जैसे कोविन, पीएम-जय (PM-JAY), ई-हॉस्पिटल, ई-सुश्रुत, ई-कवच, टैको (TeCHO) और आईएचएमएस (iHMS), साथ ही कई निजी डिजिटल स्वास्थ्य भागीदार भी इसमें शामिल हैं।

• राज्यों में, उत्तर प्रदेश 15 करोड़ से अधिक ABHA-लिंक्ड स्वास्थ्य रिकॉर्डों के साथ अग्रणी योगदानकर्ता के रूप में उभरा है, जिसके बाद क्रमशः आंध्र प्रदेश, बिहार, राजस्थान और गुजरात का स्थान है।

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के बारे में 

• भारत में एक एकीकृत डिजिटल स्वास्थ्य अवसंरचना का आधार तैयार करने के लिए स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) द्वारा आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन को कार्यान्वित किया गया था।

• इसे सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (DPI) का लाभ उठाकर एक जुड़े हुए, अंतःप्रचालनीय और नागरिक-केंद्रित डिजिटल स्वास्थ्य देखभाल इकोसिस्टम को विकसित करने के लिए शुरू किया गया था।

• आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन का विज़न राष्ट्रीय स्वास्थ्य नीति (NHP) 2017 और जे. सत्यनारायण की अध्यक्षता में तैयार किए गए राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य ब्लूप्रिंट (NDHB) से प्रेरित है।

• ABDM को प्रारंभिक तौर पर 15 अगस्त 2020 को छह केंद्र शासित प्रदेशों — लद्दाख, चंडीगढ़, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव, पुदुचेरी, लक्षद्वीप, और अंडमान तथा निकोबार द्वीप समूह में ‘राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य मिशन’ (NDHM) के नाम से एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया था।

• प्रायोगिक चरण की सफलता के आधार पर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 27 सितंबर 2021 को इसके राष्ट्रव्यापी क्रियान्वयन की घोषणा की गई और इस मिशन का नाम बदलकर ‘आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन’ (ABDM) कर दिया गया।

• यह मिशन डिजिटल राजमार्गों और अंतःप्रचालनीय मंचों के माध्यम से स्वास्थ्य देखभाल इकोसिस्टम के विभिन्न हितधारकों के बीच के अंतर को पाटने का प्रयास करता है।

• ABDM के प्रमुख घटक:

  • आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता (ABHA)– नागरिकों के लिए अद्वितीय डिजिटल स्वास्थ्य पहचान।
  • स्वास्थ्य देखभाल पेशेवर रजिस्ट्री (HPR) – सत्यापित स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों का डेटाबेस।
  • स्वास्थ्य सुविधा रजिस्ट्री (HFR) – पंजीकृत स्वास्थ्य देखभाल सुविधाओं की रिपॉजिटरी।
  • स्वास्थ्य सूचना विनिमय और सहमति प्रबंधक (HIE-CM) – सहमति-आधारित स्वास्थ्य रिकॉर्डों के आदान-प्रदान को सक्षम बनाता है।
  • एकीकृत स्वास्थ्य इंटरफ़ेस (UHI) – डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए खुला नेटवर्क।
  • राष्ट्रीय स्वास्थ्य दावा विनिमय (NHCX) – स्वास्थ्य बीमा दावों के डिजिटल प्रोसेसिंग को सुगम बनाता है।

• ABDM के उद्देश्य:

  • डिजिटल स्वास्थ्य अवसंरचना और अंतःप्रचालनीय स्वास्थ्य डेटा प्रणालियों को स्थापित करना।
  • स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों, स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं और औषधालयों के लिए रजिस्ट्रियों का निर्माण करना।
  • डिजिटल स्वास्थ्य देखभाल में खुले मानकों को अपनाने को बढ़ावा देना।
  • सूचित सहमति पर आधारित सुलभ व्यक्तिगत स्वास्थ्य रिकॉर्ड के निर्माण को सक्षम बनाना।
  • स्वास्थ्य सेवाओं की राष्ट्रीय सुवाह्यता (पोर्टेबिलिटी) सुनिश्चित करना।
  • स्वास्थ्य अभिशासन, विश्लेषण, अनुसंधान और साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण को सुदृढ़ करना।
  • राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से सहकारी संघवाद को बढ़ावा देना।
  • डिजिटल स्वास्थ्य देखभाल वितरण में निजी क्षेत्र की भागीदारी को प्रोत्साहित करना।

ABDM का महत्व

• नागरिक-केंद्रित स्वास्थ्य देखभाल: नागरिकों को उनके स्वास्थ्य डेटा पर स्वामित्व और सहमति-आधारित नियंत्रण प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाता है।

• निर्बाध और कागज़विहीन स्वास्थ्य देखभाल: विभिन्न स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के बीच प्रिस्क्रिप्शन, नैदानिक रिपोर्टों और डिस्चार्ज विवरणों तक डिजिटल पहुँच और उनके सुरक्षित आदान-प्रदान को सक्षम बनाता है।

• देखभाल की निरंतरता: स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों को बेहतर निदान, उपचार और परवर्ती देखभाल के लिए मरीजों की चिकित्सा पृठभूमि की जानकारी हासिल करने की अनुमति देता है।

• डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (DPI) को सुदृढ़ करना: एक अंतःप्रचालनीय स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली के निर्माण के लिए भारत के डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र जैसे कि आधार, यूपीआई (UPI) और मोबाइल कनेक्टिविटी का लाभ उठाता है।

• बेहतर अभिशासन और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाएं: साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण, टेलीमेडिसिन, त्वरित दावा प्रसंस्करण, स्वास्थ्य विश्लेषण और चिकित्सा अनुसंधान को सहायता प्रदान करता है।

आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट  (ABHA) के बारे में

• ABHA (आभा), ABDM का एक प्रमुख घटक है जो प्रत्येक व्यक्ति को एक अद्वितीय डिजिटल स्वास्थ्य पहचान प्रदान करता है।

• यह यादृच्छिक रूप से जनरेट 14-अंकीय संख्या है, जिसका उपयोग व्यक्तियों की विशिष्ट पहचान करने और विभिन्न स्वास्थ्य देखभाल प्रणालियों में उनके स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सुरक्षित रूप से जोड़ने के लिए किया जाता है।

• ABHA की विशेषताएँ:

  • स्वास्थ्य रिकॉर्डों के सुरक्षित डिजिटल भंडारण (स्टोरेज) और साझाकरण (शेयरिंग) को सक्षम बनाता है।
  • प्रिस्क्रिपशन, प्रयोगशाला रिपोर्टों और निदान रिकॉर्डों तक निर्बाध पहुँच की सुविधा प्रदान करता है।
  • सत्यापित स्वास्थ्य देखभाल प्रदाताओं और स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ संवाद की अनुमति देता है।
  • व्यक्तिगत स्वास्थ्य जानकारी की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले एक सूचित सहमति-आधारित ढांचे पर कार्य करता है।

• ABHA के लाभ:

  • स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं तक परेशानी मुक्त और पेपरलैस पहुँच प्रदान करता है।
  • विभिन्न अस्पतालों और राज्यों में चिकित्सा रिकॉर्डों की सुवाह्यता (पोर्टेबिलिटी) सुनिश्चित करता है।
  • नागरिकों के लिए दीर्घकालिक डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड बनाने में मदद करता है।
  • स्वास्थ्य सेवा वितरण में दक्षता, सुलभता और रोगी-केंद्रितता में सुधार करता है।

Sources:
PIB
Vikaspedia
India Gov
Abdmbeta
DD News
Newsonair

Shares: