संबंधित पाठ्यक्रम

सामान्य अध्ययन-2: संघ एवं राज्यों के कार्य तथा उत्तरदायित्व, संघीय ढाँचे से संबंधित विषय एवं चुनौतियाँ, स्थानीय स्तर पर शक्तियों और वित्त का हस्तांतरण और उसकी चुनौतियाँ; कार्यपालिका और न्यायपालिका की संरचना संगठन और कार्य।

संदर्भ: पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और विश्व स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच, केंद्र सरकार ने बाह्य आर्थिक झटकों के खिलाफ भारत के लचीलेपन को बढ़ाने के लिए एक आर्थिक स्थिरीकरण कोष (ESF) के सृजन का प्रस्ताव रखा है।

अन्य संबंधित जानकारी

  • वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में अनुदान की दूसरी अनुपूरक मांगों को प्रस्तुत करते हुए इस प्रस्ताव की घोषणा की।
  • दूसरी अनुपूरक मांगों के तहत, सरकार ने ESF की प्रारंभिक आवंटन राशि के रूप में ₹57,381 करोड़ के लिए संसद की स्वीकृति मांगी है।
  • ESF का कुल राशि लगभग ₹1 लाख करोड़ प्रस्तावित है, जिसकी शेष राशि अन्य मंत्रालयों और विभागों से बचत तथा अंतर-खाता हस्तांतरण के माध्यम से जुटाई जाएगी।
  • यह कोष वैश्विक संकटों, आपूर्ति बाधाओं और क्षेत्र-विशिष्ट झटकों के आर्थिक प्रभाव को प्रबंधित करने में सहायता करेगा।
  • सरकार ने इस बात पर बल दिया है कि यह अतिरिक्त व्यय सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के 4.4% के राजकोषीय घाटे के लक्ष्य के भीतर ही रहेगा।

कोष के बारे में

  • प्रकृति: आर्थिक स्थिरीकरण कोष एक प्रस्तावित समर्पित कोष है, जो केंद्र सरकार के खातों में राजकोषीय बफर के रूप में कार्य करेगा। इसका उपयोग बाहरी या घरेलू व्यापक आर्थिक तनाव की अवधि के दौरान किया जाएगा।
  • आकार और वित्तपोषण: इसकी लक्षित राशि लगभग ₹1 लाख करोड़ है; जिसमें से लगभग ₹57,381 करोड़ द्वितीय अनुपूरक अनुदान के माध्यम से प्रदान किए जा रहे हैं, और शेष राशि विभिन्न अनुदानों के पुन: प्राथमिकता निर्धारण/बचत से प्राप्त की जाएगी।
  • उद्देश्य: वैश्विक प्रतिकूल परिस्थितियों विशेष रूप से तेल की कीमतों में उछाल, पश्चिम एशिया से संबंधित व्यवधानों और अन्य बाह्य झटकों से निपटने के लिए राजकोषीय स्थान प्रदान करना, ताकि अन्य क्षेत्रों में अचानक व्यय कटौती की आवश्यकता न पड़े।
  • उपयोग: इसे एक लचीले साधन के रूप में परिकल्पित किया गया है, जो लक्षित राहत, क्षेत्रीय सहायता, या बजटीय दबावों को कम करने में सहायता कर सकता है, विशेषकर तब जब झटकों का राजकोषीय या विकास पर व्यापक प्रभाव पड़ता हो।

आवश्यकता / महत्व

  • समष्टिगत आर्थिक स्थिरता: यह बाहरी झटकों के विरुद्ध एक बफर प्रदान करता है, जिससे स्थिर विकास दर और मुद्रास्फीति के स्तर को बनाए रखने में सहायता मिलती है।
  • ऊर्जा और आयात जोखिम प्रबंधन: यह अर्थव्यवस्था को कच्चे तेल की कीमतों में होने वाली अस्थिरता से सुरक्षा प्रदान करता है, जो भारत के व्यापार घाटे को महत्वपूर्ण रूप से प्रभावित करती है।
  • प्रति-चक्रीय राजकोषीय नीति: यह सरकार को आर्थिक मंदी के दौरान अचानक राजकोषीय तनाव के बिना व्यय बढ़ाने में सक्षम बनाता है।
  • आपूर्ति श्रृंखला लचीलापन : यह भू-राजनीतिक संघर्षों, महामारियों या वैश्विक व्यापारिक झटकों से उत्पन्न होने वाले व्यवधानों के प्रभाव को कम करने में मदद करता है।
  • निवेशकों का विश्वास: यह राजकोषीय विवेक और तत्परता को प्रदर्शित करता है, जिससे भारत के आर्थिक प्रबंधन में निवेशकों का विश्वास बढ़ता है।
  • नीतिगत लचीलापन: यह तदर्थ (अस्थायी) उपायों पर निर्भरता को कम करता है, जिससे एक संरचित और समयबद्ध प्रतिक्रिया तंत्र सुनिश्चित होता है।
Shares: