संबंधित पाठ्यक्रम
सामान्य अध्ययन-2: भारत एवं उसके पड़ोसी देशों के साथ संबंध; भारत से संबंधित और/अथवा भारत के हितों को प्रभावित करने वाले द्विपक्षीय, क्षेत्रीय एवं वैश्विक समूह तथा करार।
सामान्य अध्ययन -3: सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी चुनौतियाँ एवं उनका प्रबंधन; विकास और उग्रवाद के प्रसार के बीच संबंध।
संदर्भ: हाल ही में, कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन (Colombo Security Conclave–CSC) की 8वीं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) स्तर की बैठक की मेजबानी मालदीव ने की। इस बैठक में सदस्य देशों ने क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए वर्ष 2026–2027 का सहयोग रोडमैप अपनाया।
अन्य संबंधित जानकारी
- प्रतिभागी: भारत, मालदीव, श्रीलंका और बांग्लादेश के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडलों ने बैठक में भाग लिया, जबकि मॉरीशस ने वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लिया। ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया अतिथि देशों के रूप में शामिल हुए।
- प्रमुख परिणाम: भारत, मालदीव, श्रीलंका और मॉरीशस ने सहमत कार्यवृत्त पर हस्ताक्षर किए तथा वर्ष 2026–2027 के लिए सहयोग रोडमैप अपनाया। इसमें CSC के पाँच स्तंभों के अंतर्गत निर्धारित किए गए लक्ष्यों और प्रस्तावित गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।
- कार्यान्वयन की समीक्षा: CSC के पहले महासचिव वाइस एडमिरल एस. एन. घोरमडे (सेवानिवृत्त) ने 20 नवंबर 2025 को नई दिल्ली में आयोजित 7वीं NSA-स्तरीय बैठक में लिए गए निर्णयों के कार्यान्वयन की समीक्षा प्रस्तुत की।
कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन (CSC) के बारे में
- उत्पत्ति: CSC की शुरुआत वर्ष 2011 में भारत, श्रीलंका और मालदीव के बीच त्रिपक्षीय समुद्री सुरक्षा सहयोग तंत्र के रूप में हुई थी।
- संस्थागत स्वरूप: नवंबर 2020 में इस तंत्र का नाम बदलकर औपचारिक रूप से कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन रखा गया। अगस्त 2024 में हस्ताक्षरित CSC चार्टर तथा सचिवालय की स्थापना संबंधी समझौता ज्ञापन के माध्यम से इसके संस्थागत ढाँचे को और मजबूत किया गया।
- उद्देश्य: इसका उद्देश्य सूचना-साझाकरण, परिचालन समन्वय और क्षमता निर्माण के माध्यम से हिंद महासागर क्षेत्र (IOR) में साझा एवं उभरते गैर-पारंपरिक सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग को बढ़ावा देना है।
- सदस्यता: वर्तमान में CSC में भारत, मालदीव, मॉरीशस, श्रीलंका, बांग्लादेश और सेशेल्स शामिल हैं। हालाँकि, बांग्लादेश और सेशेल्स की संस्थागत स्थिति का विस्तार एवं औपचारिक सदस्यता ग्रहण करने की प्रक्रिया के माध्यम से विकास हुआ है।
सहयोग के पाँच स्तंभ
- समुद्री सुरक्षा एवं संरक्षा: समुद्र में सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए समुद्री सहयोग, सूचना-साझाकरण और समन्वय को मजबूत करना।
- आतंकवाद एवं कट्टरपंथ का मुकाबला: आतंकवाद, कट्टरपंथ और उनसे जुड़े सुरक्षा खतरों का मुकाबला करने के लिए सहयोग को बढ़ावा देना।
- तस्करी एवं अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध का मुकाबला: तस्करी, अवैध व्यापार और अन्य अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध सहयोग को सुगम बनाना।
- साइबर सुरक्षा तथा महत्त्वपूर्ण अवसंरचना एवं प्रौद्योगिकी का संरक्षण: साइबर खतरों से निपटने और महत्त्वपूर्ण अवसंरचना एवं प्रौद्योगिकी की सुरक्षा के लिए सहयोग को बढ़ावा देना।
- मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (HADR): मानवीय सहायता, आपदा तैयारी और आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए समन्वय एवं क्षमता को मजबूत करना।
भारत और हिंद महासागर क्षेत्र के लिए महत्त्व
- क्षेत्रीय सुरक्षा संरचना: हिंद महासागर के देशों को साझा एवं उभरती सुरक्षा चुनौतियों का सामूहिक रूप से सामना करने के लिए एक क्षेत्रीय मंच प्रदान करता है।
- समुद्री सुरक्षा: अवैध, अनियमित एवं अनियंत्रित (IUU) मत्स्यन, तस्करी तथा अन्य अंतरराष्ट्रीय समुद्री अपराधों सहित समुद्री खतरों के विरुद्ध सहयोग को मजबूत करता है।
- अंतरराष्ट्रीय खतरे: राष्ट्रीय सीमाओं से परे फैले आतंकवाद, कट्टरपंथ, तस्करी, संगठित अपराध और साइबर खतरों से निपटने के लिए समन्वय को सुगम बनाता है।
- भारत की सामरिक दृष्टि: हिंद महासागर क्षेत्र के साझेदार देशों के साथ बेहतर सुरक्षा सहयोग के माध्यम से भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और महासागर दृष्टिकोण (MAHASAGAR Vision) (क्षेत्रों में सुरक्षा एवं विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति) को आगे बढ़ाता है।
- क्षमता निर्माण: क्षेत्रीय सुरक्षा एजेंसियों के बीच प्रशिक्षण, सूचना-साझाकरण, संस्थागत साझेदारी और क्षमता विकास को बढ़ावा देता है, जिससे सामूहिक तैयारी एवं प्रतिक्रिया क्षमताएँ मजबूत होती हैं।
