संबंधित पाठ्यक्रम
सामान्य अध्ययन-2: स्वास्थ्य, शिक्षा एवं मानव संसाधन से संबंधित सामाजिक क्षेत्र/सेवाओं के विकास और प्रबंधन से संबंधित विषय।
संदर्भ: सर्वोच्च न्यायालय ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को निर्देश दिया कि वह पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर अनिवार्य पैकेट के सामने पोषण संबंधी लेबलिंग (FoPNL) लागू करे, जिनमें चीनी, संतृप्त वसा और नमक की मात्रा अधिक होती है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक स्वास्थ्य की रक्षा करना और उपभोक्ताओं को सोच-समझकर विकल्प चुनने में सक्षम बनाना है।
सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के प्रमुख बिंदु

- अलग-अलग चेतावनियाँ: प्रत्येक पोषक तत्त्व के लिए एक अलग लाल षट्भुज (Hexagon) होना चाहिए, जिसमें मानकीकृत चित्र-चिह्न (Pictogram) और “HIGH SUGAR” (अधिक चीनी), “HIGH FAT” (अधिक वसा) या “HIGH SALT” (अधिक नमक) शब्द लिखे हों।
- चिंताजनक प्रमुख पोषक तत्त्व: FSSAI को नमक के साथ केवल अतिरिक्त चीनी और अतिरिक्त वसा के बजाय कुल शर्करा तथा संतृप्त वसा पर विचार करना होगा।
- वैज्ञानिक सीमाएँ: निर्धारित सीमाएँ साक्ष्य-आधारित होनी चाहिए। ये न तो बहुत कम होनी चाहिए (जिससे लेबल संबंधी चेतावनियों के प्रति उपभोक्ताओं की उदासीनता बढ़े) और न ही बहुत अधिक (जिससे अस्वास्थ्यकर उत्पाद चेतावनियों से बच निकलें)। न्यायालय द्वारा उद्धृत एक अध्ययन के अनुसार, प्रस्तावित सीमाओं के अंतर्गत पैकेटबंद खाद्य पदार्थों के 44,109 अभिलेखों में से 94.1% पर कम-से-कम एक चेतावनी लगानी पड़ेगी।
- आकार: प्रत्येक षट्भुज को मुख्य प्रदर्शन पटल के कम-से-कम 4–5% क्षेत्र में स्थान दिया जाना चाहिए तथा उस पर लिखा पाठ स्पष्ट और आसानी से पढ़ने योग्य होना चाहिए।
- कार्यान्वयन: एकल-चरणीय प्रणाली के अंतर्गत उन सभी उत्पादों को शामिल किया जाएगा, जिनमें किसी एक पोषक तत्त्व की मात्रा भी निर्धारित सीमा से अधिक होगी।
- समय-सीमा: FSSAI को चार महीने के भीतर मसौदा विनियमों को अंतिम रूप देना होगा। इसमें हितधारकों और विश्व व्यापार संगठन (WTO) के साथ परामर्श के लिए 60 दिन शामिल होंगे। खाद्य व्यवसाय संचालकों (FBOs) को संक्रमण के लिए 365 दिनों की अवधि दी जाएगी। साथ ही, बिना लेबल वाले उत्पादों का भंडारण रोकने के लिए सुरक्षा उपाय भी किए जाएँगे।
- अन्य निर्देश: FSSAI को छूट प्राप्त खाद्य पदार्थों की पहचान करनी होगी, यह सुनिश्चित करना होगा कि योजक (Additives) और परिरक्षक (Preservatives) लेबलिंग के उद्देश्यों को विफल न करें तथा पेय पदार्थों की श्रेणी के लेबल अधिक चीनी संबंधी चेतावनियों जैसे न दिखें।
- उद्योग की जवाबदेही: न्यायालय ने बहुराष्ट्रीय खाद्य कंपनियों से विभिन्न देशों में उत्पादों और लेबलिंग के समान मानक बनाए रखने का आग्रह किया तथा आगाह किया कि उद्योग जगत की आपत्तियों के कारण विनियमन में देरी नहीं होनी चाहिए।
- विद्यालयों में पोषण संबंधी साक्षरता: केंद्र सरकार को खाद्य सुरक्षा एवं मानक (विद्यालयों में बच्चों के लिए सुरक्षित भोजन और संतुलित आहार) विनियम, 2020 का कार्यान्वयन सुनिश्चित करना होगा। साथ ही, पाठ्यक्रमों, कार्यशालाओं और सह-पाठ्यचर्या संबंधी गतिविधियों के माध्यम से व्यावहारिक पोषण शिक्षा को बढ़ावा देना होगा।
- संवैधानिक आधार: इस निर्णय में FoPNL को अनुच्छेद 21 (स्वास्थ्य का अधिकार), भोजन के अधिकार, सोच-समझकर उपभोक्ता विकल्प चुनने के अधिकार तथा आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक अधिकारों पर अंतरराष्ट्रीय प्रसंविदा (ICESCR) के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय दायित्वों से जोड़ा गया है।
इस निर्णय का महत्त्व
- सार्वजनिक स्वास्थ्य: अस्वास्थ्यकर खान-पान की आदतों पर रोक लगाने और गैर-संचारी रोगों (NCDs) की रोकथाम के लिए राज्य के दायित्व को मजबूत करता है।
- उपभोक्ता संरक्षण: पोषण संबंधी जानकारी को आसानी से उपलब्ध कराता है, जिसमें बच्चे और सीमित साक्षरता वाले लोग भी शामिल हैं।
- उद्योग की जवाबदेही: निर्माताओं को उत्पादों के घटकों में सुधार करने तथा चीनी, नमक और संतृप्त वसा की अत्यधिक मात्रा कम करने के लिए प्रोत्साहित करता है।
- निवारक स्वास्थ्य देखभाल: स्वस्थ खान-पान की आदतों को विकसित करने के लिए खाद्य विनियमन को पोषण शिक्षा के साथ जोड़ता है।
FSSAI की पैकेट के सामने लेबलिंग रूपरेखा का विकास
- 2022: समग्र पोषण मूल्य दर्शाने वाली स्टार-रेटिंग प्रणाली का प्रस्ताव दिया गया था। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इसका विरोध किया, क्योंकि इससे अस्वास्थ्यकर उत्पादों के बारे में भ्रामक सकारात्मक धारणा बन सकती थी।
- 2025: पोषक तत्त्वों को अनुशंसित आहार भत्ता (RDA) के प्रतिशत के रूप में प्रदर्शित करने का प्रस्ताव दिया गया था। इसकी आलोचना की गई, क्योंकि इसके लिए उपभोक्ताओं को जटिल जानकारी की व्याख्या करनी पड़ती।
- उत्तरवर्ती प्रस्ताव: एकल लाल षट्भुज, दो-चरणीय कार्यान्वयन और पेय पदार्थों के लिए अलग-अलग श्रेणी के लेबल का सुझाव दिया गया।
- 2026 के सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश: प्रत्येक पोषक तत्त्व के लिए अलग-अलग चेतावनियाँ, वैज्ञानिक सीमाएँ और एकल-चरणीय कार्यान्वयन निर्धारित किया गया।
भारत को पैकेट के सामने चेतावनी लेबल की आवश्यकता क्यों है?
- गैर-संचारी रोगों (NCDs) का बोझ: भारत में प्रतिवर्ष होने वाली कुल मौतों में लगभग 63% मौतें गैर-संचारी रोगों के कारण होती हैं (लगभग 60 लाख)। अनुमान है कि वर्ष 2030 तक यह आँकड़ा बढ़कर 75% हो जाएगा।
- रोगों की व्यापकता: भारत में अनुमानित रूप से 10.1 करोड़ लोग मधुमेह, 13.6 करोड़ लोग मधुमेह-पूर्व अवस्था (Pre-diabetes), 31.5 करोड़ लोग उच्च रक्तचाप और 25.4 करोड़ लोग सामान्यीकृत मोटापे से ग्रस्त हैं।
- अति-प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों (UPF) का उपभोग: भारत के अति-प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों के क्षेत्र में वर्ष 2011 से 2021 के बीच खुदरा बिक्री मूल्य में 13.37% की वृद्धि दर्ज की गई।
- पोषण संबंधी जागरूकता: पैकेट के पीछे दी गई जटिल जानकारी के कारण अस्वास्थ्यकर सामग्री की शीघ्र पहचान करना कठिन हो जाता है। यह समस्या विशेष रूप से सीमित पोषण संबंधी साक्षरता वाले उपभोक्ताओं के लिए अधिक होती है।
पैकेट के सामने पोषण लेबलिंग की वैश्विक उदाहरण
- कम-से-कम 44 देशों ने FoPNL के विभिन्न रूपों को लागू किया है।
- चेतावनी लेबल: चिली, मेक्सिको, इज़राइल, पेरू, उरुग्वे, ब्राज़ील, अर्जेंटीना, कोलंबिया, वेनेज़ुएला और कनाडा में चेतावनी-आधारित लेबलिंग के विभिन्न रूपों का उपयोग किया जाता है।
- ट्रैफिक लाइट प्रणाली: ब्रिटेन पोषक तत्त्वों के स्तर को दर्शाने के लिए लाल, एम्बर (पीला-नारंगी) और हरे रंग के संकेतकों का उपयोग करता है।
- हेल्थ स्टार रेटिंग: ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड समग्र पोषण गुणवत्ता दर्शाने के लिए स्टार रेटिंग का उपयोग करते हैं।
- स्वास्थ्यवर्धक विकल्प के प्रतीक: नीदरलैंड, चेक गणराज्य और सिंगापुर स्वास्थ्य के लिए बेहतर उत्पादों की पहचान करने हेतु प्रतीकों का उपयोग करते हैं।
