संबंधित पाठ्यक्रम
सामान्य अध्ययन–2: स्वास्थ्य, शिक्षा एवं मानव संसाधन से संबंधित सामाजिक क्षेत्र/सेवाओं के विकास एवं प्रबंधन से संबंधित विषय।
संदर्भ: विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की वैश्विक क्षय रोग रिपोर्ट 2026 के अनुसार, भारत में वर्ष 2015 से 2025 के बीच टीबी से होने वाली मृत्यु में 38% की कमी दर्ज की गई, जो वैश्विक स्तर पर हुई 35% की कमी से अधिक है। इसके बावजूद, भारत में वैश्विक टीबी मामलों का लगभग एक-चौथाई हिस्सा बना हुआ है।
रिपोर्ट के प्रमुख निष्कर्ष
- भारत-विशिष्ट निष्कर्ष:
- रोग का उच्च बोझ: वर्ष 2025 में भारत में वैश्विक टीबी मामलों के लगभग 25% मामले दर्ज किए गए। इस प्रकार, भारत विश्व में सर्वाधिक टीबी बोझ वाला देश बना रहा।
- मृत्यु दर में गिरावट: वर्ष 2015 से 2025 के बीच टीबी से होने वाली मृत्यु में 38% की कमी आई, जबकि वैश्विक स्तर पर यह गिरावट 35% रही।
- अनुमानित मृत्यु दर वर्ष 2015 में प्रति लाख जनसंख्या पर 28 मौतों से घटकर वर्ष 2025 में 18 मौतें रह गई।
- वैश्विक मौतों में हिस्सेदारी: वर्ष 2025 में वैश्विक स्तर पर टीबी से होने वाली कुल मौतों में भारत की हिस्सेदारी लगभग 23% रही।
- रिपोर्ट किए गए मामले और मौतें: वर्ष 2025 में भारत में टीबी के 25.3 लाख निदान किए गए मामले और 2.63 लाख मौतें दर्ज की गईं। ये रिपोर्ट किए गए आँकड़े हैं, WHO द्वारा अनुमानित टीबी की घटनाओं के आँकड़े नहीं हैं।
- उपचार की सफलता दर: औषधि-संवेदनशील टीबी के रोगियों में भारत ने 94% उपचार सफलता दर हासिल की।
- घरेलू वित्तपोषण: भारत के टीबी कार्यक्रम की वित्तपोषण आवश्यकताओं का लगभग 96% हिस्सा घरेलू संसाधनों के माध्यम से पूरा किया गया।
- औषधि-प्रतिरोधी टीबी: वर्ष 2025 में भारत, चीन, फिलीपींस और रूसी संघ में संयुक्त रूप से वैश्विक स्तर पर अनुमानित रिफैम्पिसिन-प्रतिरोधी टीबी (RR-TB) के आधे से अधिक मामले दर्ज किए गए।
- WHO की उच्च टीबी बोझ वाले देशों की सूची: भारत वर्ष 2026–2030 के लिए WHO की उच्च टीबी बोझ वाले देशों की तीनों सूचियों में शामिल है:
- 1. टीबी के उच्च बोझ वाले देश।
- 2. टीबी/एचआईवी के उच्च बोझ वाले देश।
- 3. बहुऔषधि/रिफैम्पिसिन-प्रतिरोधी टीबी (MDR/RR-TB) के उच्च बोझ वाले देश।
- टीबी की अनुमानित घटनाओं के आँकड़ों की समीक्षा: WHO ने इस रिपोर्ट में वर्ष 2010–2025 के लिए भारत में टीबी की अनुमानित घटनाओं के आँकड़े प्रकाशित नहीं किए हैं।
- जिला-स्तरीय सेंटिनल निगरानी पूरी होने के बाद इन अनुमानों की समीक्षा की जा रही है। संशोधित अनुमान वर्ष 2027 की शुरुआत में जारी होने की उम्मीद है।
- टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जाँच की प्रगति: गहन अभियान अवधि (7 दिसंबर 2024–8 नवंबर 2026) के दौरान सरकार द्वारा रिपोर्ट की गई प्रगति:
- 25 करोड़ से अधिक लोगों को गहन जाँच के दायरे में लाया गया।
- 11 करोड़ से अधिक छाती के एक्स-रे और 3 करोड़ आणविक परीक्षण किए गए।
- लगभग 48.64 लाख टीबी के मामले पाए गए, जिनमें 14.97 लाख बिना लक्षण वाले मामले शामिल थे।
वैश्विक निष्कर्ष:
- वैश्विक रोग बोझ: वर्ष 2025 में अनुमानित 1.06 करोड़ लोग टीबी से संक्रमित हुए, जबकि इस बीमारी से 11.3 लाख लोगों की मृत्यु हुई।
- घटना दर: वर्ष 2015 से 2025 के बीच वैश्विक टीबी घटना दर में 14% की कमी आई और वर्ष 2025 में यह प्रति लाख जनसंख्या पर 129 मामले रह गई।
- प्रमुख योगदानकर्ता देश: सर्वाधिक टीबी बोझ वाले आठ देशों में वैश्विक मामलों के लगभग दो-तिहाई मामले दर्ज किए गए। भारत (25%) के अतिरिक्त इनमें इंडोनेशिया (10%), फिलीपींस (6.8%), चीन (6.5%), पाकिस्तान (6.4%), नाइजीरिया (4.9%), कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (3.9%) और बांग्लादेश (3.7%) शामिल हैं।
- मृत्यु दर: वर्ष 2015 से 2025 के बीच वैश्विक स्तर पर टीबी से होने वाली मौतों में 35% की कमी आई। इस प्रकार, ‘टीबी की समाप्ति की रणनीति’ (End TB Strategy) का मृत्यु दर संबंधी पहला लक्ष्य पाँच वर्ष की देरी से प्राप्त हुआ।
- जनसांख्यिकीय वितरण: टीबी के नए मामलों में पुरुषों की हिस्सेदारी 54%, महिलाओं की 35% और बच्चों की 11% रही।
- वित्तपोषण में कमी: निम्न एवं मध्यम आय वाले देशों को वर्ष 2025 में टीबी की रोकथाम, निदान और उपचार के लिए 6.6 अरब अमेरिकी डॉलर प्राप्त हुए, जबकि वर्ष 2027 तक वार्षिक वैश्विक लक्ष्य 22 अरब अमेरिकी डॉलर निर्धारित है।
क्षय रोग (टीबी) के बारे में

- क्षय रोग (टीबी) एक संक्रामक बीमारी है, जो माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस कॉम्प्लेक्स से संबंधित बैक्टीरिया के कारण होती है।
- यह मुख्य रूप से फेफड़ों को प्रभावित करती है, लेकिन मस्तिष्क, गुर्दे, हड्डियों और लसीका ग्रंथियों को भी प्रभावित कर सकती है।
- यह रोग हवा के माध्यम से फैलता है, जब सक्रिय फुफ्फुसीय (पल्मोनरी) टीबी से पीड़ित व्यक्ति खाँसता, छींकता या थूकता है।
- उचित उपचार से टीबी की रोकथाम की जा सकती है और इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।
क्षय रोग (टीबी) के प्रकार
- संक्रमण के स्थान के आधार पर:
- फुफ्फुसीय टीबी (Pulmonary TB): फेफड़ों को प्रभावित करती है और यह टीबी का सबसे सामान्य रूप है।
- फुफ्फुसीयेतर टीबी (Extrapulmonary TB): फेफड़ों के अलावा मस्तिष्क, हड्डियों, गुर्दों और लसीका ग्रंथियों जैसे अंगों को प्रभावित करती है।
- जीवाणुओं की सक्रियता के आधार पर:
- अव्यक्त टीबी संक्रमण (Latent TB Infection): जीवाणु शरीर में निष्क्रिय अवस्था में रहते हैं। व्यक्ति में कोई लक्षण नहीं होते और वह संक्रमण नहीं फैला सकता।
- सक्रिय टीबी रोग (Active TB Disease): जीवाणु शरीर में वृद्धि करते हैं और बीमारी उत्पन्न करते हैं। फुफ्फुसीय टीबी से संक्रमण दूसरों में फैल सकता है।
- औषधि प्रतिरोध के आधार पर:
- औषधि-संवेदनशील टीबी (Drug-Susceptible TB): टीबी-रोधी प्रथम-पंक्ति की मानक दवाओं से ठीक हो जाती है।
- रिफैम्पिसिन-प्रतिरोधी टीबी (RR-TB): रिफैम्पिसिन के प्रति प्रतिरोधी होती है, जो टीबी के उपचार में उपयोग की जाने वाली एक प्रमुख प्रथम-पंक्ति की दवा है।
- बहुऔषधि-प्रतिरोधी टीबी (MDR-TB): कम-से-कम रिफैम्पिसिन और आइसोनियाज़िड दोनों दवाओं के प्रति प्रतिरोधी होती है।

