संबंधित पाठ्यक्रम
सामान्य अध्ययन-2: भारत से संबंधित और/अथवा भारत के हितों को प्रभावित करने वाले द्विपक्षीय, क्षेत्रीय,वैश्विक समूह और करार।
संदर्भ: 1 जनवरी, 2026 को बुल्गारिया ने यूरो को अपनी राष्ट्रीय मुद्रा के रूप में स्वीकार किया, जिससे वह यूरोपीय संघ (EU) में शामिल होने के लगभग 20 साल बाद यूरोजोन का 21वां सदस्य बन गया है।
अन्य संबंधित जानकारी
- बुल्गारिया 1881 से चलन में रही अपनी राष्ट्रीय मुद्रा ‘लेव‘ (Lev) को चरणबद्ध तरीके से समाप्त कर रहा है। उल्लेखनीय है कि 1997 से ‘लेव’ का मूल्य पहले जर्मन मार्क और बाद में यूरो के साथ स्थिर रखा गया था।
- 1 जनवरी, 2026 से भुगतान के लिए लेव और यूरो दोनों का उपयोग किया जा सकता है, हालांकि 1 फरवरी से यूरो एकमात्र वैध मुद्रा (Legal Tender) बन जाएगी। इसके अलावा, 8 अगस्त, 2026 तक वस्तुओं की कीमतें यूरो और लेव दोनों में प्रदर्शित की जाएंगी।
बुल्गारिया के लिए यूरो को स्वीकार करने के लाभ

- नागरिकों और व्यवसायों के लिए व्यापक अवसर: यह प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ावा देगा, क्योंकि यूरो एक साझा मुद्रा होने के कारण सदस्य देशों के उपभोक्ताओं को अन्य सदस्य देशों के साथ कीमतों की तुलना करने की सुविधा प्रदान करती है।
- वित्तीय स्थिरता: यूरोजोन के सदस्य देशों को मूल्य स्थिरता का लाभ मिलता है, क्योंकि यूरोपीय सेंट्रल बैंक (ECB) 2% मुद्रास्फीति को लक्षित करता है, और बुल्गारिया को ECB की गवर्निंग काउंसिल में भी एक सीट प्राप्त होगी। दरअसल, गवर्निंग काउंसिल ही यूरोजोन के लिए ब्याज दरें निर्धारित करती है।
- यूरोजोन उस भौगोलिक और आर्थिक क्षेत्र को संदर्भित करता है जिसमें यूरोपीय संघ (जिनकी स्थापना 1992 की मास्ट्रिच संधि के तहत हुई थी) के वे सदस्य शामिल हैं जिन्होंने आधिकारिक मुद्रा के रूप में पूरी तरह से यूरो को स्वीकार कर लिया है।
- गतिशीलता में वृद्धि: यूरो अपनाने से यात्रियों को यूरोजोन में बिना मुद्रा बदले स्वतंत्र रूप से आवाजाही की सुविधा मिलेगी, जिससे बुल्गारिया के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा।
- यूरो छतरी का संरक्षण: यूरोजोन के सदस्य अपनी अर्थव्यवस्था के बड़े आकार के कारण बाहरी झटकों से सुरक्षित रहते हैं, क्योंकि अमेरिकी डॉलर के बाद यूरो दूसरी सबसे बड़ी आरक्षित मुद्रा है।
- आर्थिक गतिविधियों में वृद्धि: बुल्गारिया मुक्त व्यापार क्षेत्र के लाभों का आनंद ले सकेगा। मुक्त व्यापार क्षेत्र यूरोजोन के भीतर श्रम, वस्तुओं, सेवाओं और पूंजी के मुक्त प्रवाह की अनुमति देता है और मुद्रा विनिमय लागत को समाप्त करता है।
बुल्गारिया के लिए यूरो को स्वीकार करने से संबंधित चिंताएं:
- नवीनतम यूरोबैरोमीटर सर्वेक्षण के अनुसार, 49% बुल्गारियाई नागरिक यूरो अपनाने का विरोध करते हैं, क्योंकि उन्हें भय है कि मजदूरी अपरिवर्तित रहने के बावजूद कीमतें बढ़ जाएंगी।
- मुद्रा संक्रमण के दौरान एटीएम और नकद लेनदेन को अस्थायी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
- व्यापार मालिकों और दुकानदारों ने नई मुद्रा को अपनाने में समस्या आने की बात की है।
- बुल्गारिया के रूस के साथ सांस्कृतिक और राजनीतिक संबंध इस स्थिति को चुनौतीपूर्ण बनाते हैं। रूस, बुल्गारिया के इस कदम को अपनी क्षेत्रीय संप्रभुता के लिए एक खतरे के रूप में देखता है, जिसका मुख्य कारण दोनों देशों के बीच साझा रूढ़िवादी ईसाई विरासत और काला सागर के माध्यम से जुड़ाव है।
यूरो क्या है?
- यूरो, यूरोपीय संघ के उन देशों की आधिकारिक मुद्रा है, जो यूरोजोनका हिस्सा हैं।
- इसे पहली बार 1 जनवरी, 2002 को 12 देशों में लागू किया गया था।
- आधिकारिक मुद्रा के रूप में यूरो का उपयोग करने वाले यूरोपीय संघ के देश हैं: ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, क्रोएशिया, साइप्रस, एस्टोनिया, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, ग्रीस, आयरलैंड, इटली, लातविया, लिथुआनिया, लक्जमबर्ग, माल्टा, नीदरलैंड, पुर्तगाल, स्लोवाकिया, स्लोवेनिया और स्पेन।
- क्रोएशिया 2023 में इसमें शामिल होने वाला नवीनतम देश है।
- बुल्गारिया के प्रवेश से यूरो का उपयोग करने वाले यूरोपीय लोगों की संख्या 350 मिलियन से अधिक हो जाएगी।
- यूरोपीय संघ के 27 सदस्य देशों में से छह देशों स्वीडन, पोलैंड, चेक गणराज्य, हंगरी, रोमानिया और डेनमार्क ने अभी तक यूरो को स्वीकार नहीं किया है।
- चार माइक्रोस्टेट्स अर्थात एंडोरा, मोनाको, वेटिकन सिटी और सैन मैरिनो यद्यपि यूरोपीय संघ का हिस्सा नहीं हैं, परन्तु वे यूरोपीय संघ के साथ हुए समझौतों के माध्यम से यूरो का उपयोग करते हैं।
- कोसोवो और मोंटेनेग्रो बिना किसी आधिकारिक समझौते के यूरो को अपनी एकमात्र मुद्रा के रूप में उपयोग करते हैं। हालांकि, इनमें से किसी भी देश को यूरोजोन का सदस्य नहीं माना जाता है।
