संबंधित पाठ्यक्रम
सामान्य अध्ययन-2: भारतीय संविधान—ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, विकास, विशेषताएँ, संशोधन, महत्त्वपूर्ण प्रावधान और मूल ढाँचा|
संदर्भ: हाल ही में, पंचायती राज मंत्रालय ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में दो दिवसीय पेसा महोत्सव: ‘उत्सव लोक संस्कृति का‘ मनाया।
अन्य संबंधित जानकारी
- यह महोत्सव पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम (PESA), 1996 की वर्षगांठ पर मनाया गया।

- इस महोत्सव की परिकल्पना एक ऐतिहासिक पहल के रूप में की गई है, जिसमें चक्की खेल, उप्पन्ना बरेलु, चोलो और पुली मेका, मल्लखंभ, पिठ्ठू, गेड़ी दौड़ और सकोर जैसे पारंपरिक खेलों के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय व्यंजनों का प्रदर्शन किया जाता है।
- इसका उद्देश्य जनजातीय समुदायों को उनकी समृद्ध परंपराओं का उत्सव मनाने, उन्हें संरक्षित करने और बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त मंच प्रदान करके उनका सशक्तिकरण करना है।
पेसा (PESA)अधिनियम, 1996के बारे में
- पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम (PESA), 1996, को 24 दिसंबर 1996 को अधिनियमित किया गया था, ताकि संविधान के भाग IX (73वां संशोधन अधिनियम, 1992) का विस्तार पाँचवीं अनुसूची के क्षेत्रों तक किया जा सके, जहाँ मुख्यतः जनजातीय आबादी निवास करती है।
- पंचायती राज मंत्रालय द्वारा 24 दिसंबर को पेसा दिवस के रूप में मनाया जाता है।
- अनुच्छेद 243M के तहत, 5वीं और 6वीं अनुसूची के क्षेत्रों के साथ-साथ कुछ अन्य क्षेत्रों/राज्यों को संविधान के भाग IX (पंचायतों) के प्रावधानों से छूट दी गई है। हालांकि, संसद कानून बनाकर भाग IX के प्रावधानों का अनुसूचित क्षेत्रों (5वीं अनुसूची) और जनजातीय क्षेत्रों (6वीं अनुसूची) तक विस्तार कर सकती है।
- इसके तहत, संसद ने भूरिया समिति की सिफारिशों पर, संविधान के भाग IX के प्रावधानों का कुछ संशोधनों और छूटों के साथ 5वीं अनुसूची के तहत आने वाले अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार करने के लिए पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम (PESA), 1996 लागू किया।
- वर्तमान में, 10 राज्यों आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान और तेलंगाना में पाँचवीं अनुसूची के क्षेत्र हैं।

Source:
Pib
Mha
Egramswaraj
Instagram
