संबंधित पाठ्यक्रम
सामान्य अध्ययन-2: भारत से संबंधित और/अथवा भारत के हितों को प्रभावित करने वाले द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक समूह तथा करार।
संदर्भ:
हाल ही में भारत ने ऑस्ट्रेलिया और कनाडा के साथ एक नई त्रिपक्षीय प्रौद्योगिकी एवं नवाचार साझेदारी की घोषणा की है, जिसका लक्ष्य महत्वपूर्ण और उभरती तकनीकों में सहयोग को प्रगाढ़ करना है। यह घोषणा G20 लीडर्स समिट, जोहान्सबर्ग, दक्षिण अफ्रीका के दौरान की गई।
अन्य संबंधित जानकारी
- तीनों देशों के अधिकारियों की पहली बैठक 2026 की पहली तिमाही में होगी, ताकि इस पहल को आगे बढ़ाया जा सके।
- ACITI पहल भारत की वैश्विक प्रौद्योगिकी साझेदारी को बढ़ावा देने और G20 मंच पर बहुपक्षीय ढाँचों के माध्यम से आपूर्ति श्रृंखला सुरक्षा के सुदृढ़ीकरण के प्रयासों से संरेखित है।
ACITI साझेदारी के मुख्य बिंदु

- यह पहल महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग को गबढ़ाएगी, आपूर्ति श्रृंखलाओं के विविधीकरण का समर्थन करेगी, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देगी और एआई के व्यापक उपयोग को प्रोत्साहित करेगी।
- ACITI का उद्देश्य नेट-जीरो उत्सर्जन की दिशा में साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाना, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के विविधीकरण का समर्थन करना और एक सुरक्षित, सतत और लचीले तकनीकी इकोसिस्टम को बढ़ावा देना है।
- यह साझेदारी कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विकास और व्यापक उपयोग का भी अध्ययन करेगी, ताकि नागरिकों के जीवनस्तर में सुधार लाया जा सके।
- ACITI साझेदारी प्रत्येक देश की तकनीकी और औद्योगिक क्षमताओं का लाभ उठाएगी, साथ ही सुरक्षित और सतत भविष्य के लिए साझा उद्देश्यों का भी समर्थन करेगी।
G20 लीडर्स समिट
- G20 लीडर्स समिट विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों की वार्षिक बैठक है, जिसमें वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा की जाती है।
- नवंबर 2025 की जोहान्सबर्ग बैठक अफ़्रीकी महाद्वीप पर आयोजित पहली G20 लीडर्स समिट थी।
- इस सम्मेलन में ग्लोबल साउथ की प्रमुख प्राथमिकताओं, जैसे ऋण की स्थिरता, जलवायु वित्त और संस्थागत सुधार पर विशेष ध्यान दिया गया।
G-20 के बारे में
- G20, या “ग्रुप ऑफ ट्वेंटी” विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं का एक मंच है जहाँ वैश्विक महत्व के आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की जाती है।
- यह अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक सहयोग के लिए प्राथमिक मंच है। ऐसी भूमिका जिसे औपचारिक तौर पर सितंबर 2009 में पिट्सबर्ग सम्मेलन में मान्यता दी गई थी।
- संयुक्त रूप से, G20 सदस्य लगभग 85% वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद (GDP), 75% से अधिक विश्व व्यापार, और दुनिया की लगभग दो-तिहाई जनसंख्या का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसमें प्रतिवर्ष अतिरिक्त आमंत्रित अतिथि देश और अंतर्राष्ट्रीय संगठन भी भाग लेते हैं।
- G20 के 21 सदस्य देश हैं: दक्षिण अफ्रीका, अफ़्रीकी संघ, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राज़ील, कनाडा, चीन, यूरोपीय संघ, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मेक्सिको, सऊदी अरब, रूस, तुर्की, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त राज्य अमेरिका।
- 1 दिसंबर 2024 से 30 नवंबर 2025 तक G20 की अध्यक्षता दक्षिण अफ्रीका करेगा। भारत को 2023 में एक बार G20 की अध्यक्षता मिली थी।
