संबंधित पाठ्यक्रम

सामान्य अध्ययन-2: केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा जनसंख्या के अति-संवेदनशील वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाएँ और उनका कार्य निष्पादन।

संदर्भ: जनजातीय कार्य मंत्रालय की राष्ट्रीय प्रवासी छात्रवृत्ति (National Overseas Scholarship–NOS) योजना मेधावी अनुसूचित जनजाति (ST) के विद्यार्थियों को विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करती है। इसका उद्देश्य वैश्विक शैक्षिक अवसरों तक समावेशी पहुँच को बढ़ावा देना है।

अन्य संबंधित जानकारी

  • वर्ष 2026–27 से यह योजना नवीनतम QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग के शीर्ष 1,000 विश्वविद्यालयों में मास्टर डिग्री और PhD की पढ़ाई के लिए सहायता प्रदान करती है।
  • इस योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष 20 नई छात्रवृत्तियाँ प्रदान की जाती हैं। इनमें से 30% छात्रवृत्तियाँ महिलाओं के लिए निर्धारित हैं तथा तीन स्थान विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTGs) के लिए आरक्षित हैं।
  • सरकार द्वारा इस योजना के अंतर्गत वितरित की जाने वाली राशि वर्ष 2015–16 के ₹0.39 करोड़ से बढ़कर वर्ष 2025–26 में ₹8 करोड़ हो गई।

राष्ट्रीय प्रवासी छात्रवृत्ति योजना के बारे में

  • मंत्रालय: जनजातीय कार्य मंत्रालय।
  • प्रकृति: केंद्रीय क्षेत्रक योजना, जो वर्ष 1954–55 से संचालित है।
  • उद्देश्य: वित्तीय बाधाओं को कम करके मेधावी अनुसूचित जनजाति (ST) के विद्यार्थियों के लिए विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करना सुगम बनाना।
  • कार्यान्वयन: विदेश मंत्रालय के अंतर्गत विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों/मिशनों के माध्यम से।
  • इस योजना का विस्तार वर्ष 2010–11 में इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी और विज्ञान के क्षेत्रों में 15 छात्रवृत्तियों से बढ़ाकर चार व्यापक क्षेत्रों में 20 छात्रवृत्तियों तक किया गया है।

राष्ट्रीय प्रवासी छात्रवृत्ति योजना की प्रमुख विशेषताएँ

  • संख्या एवं विषयवार आवंटन: इस योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष 20 नई छात्रवृत्तियाँ प्रदान की जाती हैं, जिनमें से 17 छात्रवृत्तियाँ अनुसूचित जनजाति (ST) के अभ्यर्थियों तथा तीन छात्रवृत्तियाँ विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTGs) के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित हैं।
  • महिलाओं की भागीदारी: कुल छात्रवृत्तियों में से 30% महिलाओं के लिए निर्धारित हैं। चयनित अभ्यर्थियों में महिलाओं की हिस्सेदारी वर्ष 2015–16 में 20% (15 में से 3) से बढ़कर वर्ष 2024–25 में 47.8% (23 में से 11) हो गई। महिलाओं के लिए निर्धारित रिक्त स्थानों को पात्र पुरुष अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध करा दिया जाता है।
  • पात्रता मानदंड
    • शैक्षणिक योग्यता: मास्टर डिग्री के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास संबंधित विषय में स्नातक की डिग्री तथा PhD के लिए आवेदन करने वालों के पास मास्टर डिग्री होना आवश्यक है। दोनों ही स्थितियों में न्यूनतम 55% अंक या समकक्ष ग्रेड अनिवार्य है।
    • अधिकतम आयु: चयन वर्ष की 1 जुलाई को मास्टर डिग्री के लिए अधिकतम आयु 32 वर्ष तथा PhD के लिए 35 वर्ष होनी चाहिए।
    • पारिवारिक आय: परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय ₹6 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए।
    • प्रत्येक परिवार से केवल एक संतान पात्र है। प्रत्येक अभ्यर्थी इस छात्रवृत्ति का लाभ केवल एक बार उठा सकता है तथा समान या उच्च स्तर पर कोई अन्य छात्रवृत्ति/पुरस्कार प्राप्त नहीं कर सकता।
  • अवधि एवं वित्तीय सहायता: PhD के लिए अधिकतम चार वर्ष तथा मास्टर पाठ्यक्रमों के लिए एक या दो वर्ष तक वित्तीय सहायता उपलब्ध है।
  • वित्तीय प्रगति: रिपोर्ट की गई अवधि के दौरान कुल 400 विद्यार्थियों को सहायता प्रदान की गई, जबकि वर्ष 2025–26 में 64 नए एवं निरंतर लाभार्थी थे। वर्ष 2014–15 से इस योजना के अंतर्गत ₹46.46 करोड़ की राशि जारी की जा चुकी है।Top of Form

योजना की आवश्यकता एवं महत्त्व

  • शैक्षिक समावेशन को बढ़ावा: वित्तीय बाधाओं को कम करके प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों तक पहुँच का विस्तार करती है। यह AISHE के अनुसार उच्च शिक्षा में ST विद्यार्थियों के नामांकन में हुई वृद्धि को भी पूरक सहयोग प्रदान करती है। नामांकन वर्ष 2019–20 में 21,56,109 से बढ़कर 2023–24 में 28,83,218 हो गया।
  • जनजातीय महिलाओं एवं PVTGs का सशक्तिकरण: महिलाओं के लिए 30% आरक्षण तथा PVTG अभ्यर्थियों के लिए तीन विशेष छात्रवृत्तियों के माध्यम से समान अवसरों को बढ़ावा देती है। चयनित लाभार्थियों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व वर्ष 2015–16 में 20% से बढ़कर 2024–25 में 47.8% हो गया।
  • ज्ञान एवं अनुसंधान को बढ़ावा: अंतरराष्ट्रीय अनुभव, विशिष्ट ज्ञान और उन्नत अनुसंधान के अवसर प्रदान करके जनजातीय विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करती है।
  • सामाजिक-आर्थिक गतिशीलता को बढ़ावा: व्यावसायिक कौशल, रोजगार के अवसरों और सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा देती है। साथ ही, जनजातीय विद्यार्थियों को अपने समुदायों के विकास में योगदान देने में सक्षम बनाती है।
  • समावेशी मानव संसाधन विकास: भारत की ज्ञान अर्थव्यवस्था में जनजातीय समुदायों की भागीदारी को मजबूत करती है। इस योजना के अंतर्गत वर्ष 2025–26 में 64 नए एवं निरंतर लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई तथा रिपोर्ट की गई अवधि में कुल 400 विद्यार्थियों को लाभ मिला। यह विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने में योगदान देती है।

Shares: