संबंधित पाठ्यक्रम
GS-1: विश्व भर में प्रमुख प्राकृतिक संसाधनों का वितरण (दक्षिण एशिया और भारतीय उपमहाद्वीप सहित)।
GS-3: औद्योगिक नीति में परिवर्तन और औद्योगिक विकास पर उनके प्रभाव।
संदर्भ : विदेश व्यापार महानिदेशालय ने निर्दिष्ट लिथियम-आयन बैटरी ब्लैक मास के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसका उद्देश्य मूल्यवान द्वितीयक महत्त्वपूर्ण खनिजों को भारत में बनाए रखना तथा घरेलू बैटरी पुनर्चक्रण (बैटरी रीसाइक्लिंग) और खनिज पुनर्प्राप्ति (मिनरल रिकवरी) की क्षमताओं को सुदृढ़ करना है।
लिथियम-आयन बैटरी ब्लैक मास को समझना
- अर्थ एवं संरचना (मीनिंग एंड कंपोजिशन): ब्लैक मास एक गहरे रंग का, चूर्ण जैसा पदार्थ है, जो जीवन-अवधि पूरी कर चुकी लिथियम-आयन बैटरियों तथा बैटरी निर्माण से उत्पन्न अपशिष्ट को छोटे टुकड़ों में काटने (श्रेडिंग) से प्राप्त होता है। इसमें लिथियम, कोबाल्ट, निकेल और मैंगनीज जैसे पुनर्प्राप्त किए जा सकने वाले महत्त्वपूर्ण खनिजों के साथ ग्रेफाइट तथा अन्य अवशेष भी होते हैं। इसकी संरचना बैटरी की रासायनिक संरचना और प्रसंस्करण विधियों के आधार पर अलग-अलग होती है।
- बैटरी की रासायनिक संरचना: इसकी संरचना और व्यावसायिक महत्त्व बैटरी के प्रकार पर निर्भर करते हैं:
- निकेल मैंगनीज कोबाल्ट: इसमें लिथियम, निकेल और कोबाल्ट मौजूद होते हैं, जिससे इन धातुओं की पुनर्प्राप्ति आर्थिक रूप से लाभकारी होती है।
- लिथियम आयरन फॉस्फेट: इसमें निकेल या कोबाल्ट नहीं होता है। इसके पुनर्चक्रण की आर्थिक व्यवहार्यता अपेक्षाकृत चुनौतीपूर्ण होती है, क्योंकि इसके कैथोड में लिथियम ही प्रमुख उच्च-मूल्य वाली धातु है।
- पुनर्चक्रण एवं खनिज पुनर्प्राप्ति: इस प्रक्रिया में संग्रहण, सुरक्षित तरीके से बैटरी को खोलना, छोटे टुकड़ों में काटना और यांत्रिक पृथक्करण शामिल हैं। इसके बाद धातुकर्मीय प्रसंस्करण किया जाता है:
- जलधातुकर्म (हाइड्रोमेटलर्जी): इसमें रासायनिक विलयनों का उपयोग करके धातुओं का निक्षालन (लीचिंग), पृथक्करण और पुनर्प्राप्ति की जाती है।
- उच्चतापीय धातुकर्म (पायरोमेटलर्जी): इसमें बैटरी अपशिष्ट से धातुओं की पुनर्प्राप्ति के लिए उच्च तापमान वाली प्रक्रियाओं का उपयोग किया जाता है। कुछ तत्त्वों की पुनर्प्राप्ति के लिए सामान्यतः अतिरिक्त उपचार की आवश्यकता होती है।
- नियामक ढाँचा:
- बेसल अभिसमय, 1989: यह पूर्व सूचित सहमति (प्रायर इन्फॉर्म्ड कंसेंट–पीआईसी) प्रक्रिया के माध्यम से खतरनाक और अन्य अपशिष्टों के सीमापार आवागमन को विनियमित करता है।
- खतरनाक एवं अन्य अपशिष्ट नियम, 2016: ये भारत द्वारा बेसल अभिसमय के तहत किए गए दायित्वों को लागू करते हैं। ब्लैक मास को किसी अन्य प्रसंस्करण इकाई में ले जाने या बेचने पर खतरनाक अपशिष्ट माना जाता है, जबकि उसी परिसर में इसका प्रसंस्करण किए जाने पर इसे मध्यवर्ती उत्पाद (इंटरमीडिएट प्रोडक्ट) की श्रेणी में रखा जा सकता है।
निर्यात प्रतिबंध की आवश्यकता एवं महत्त्व
- महत्त्वपूर्ण खनिज सुरक्षा: इससे लिथियम, कोबाल्ट और निकेल के द्वितीयक स्रोत भारत में ही उपलब्ध रहेंगे। ये प्राथमिक खनिज आपूर्ति के पूरक होंगे तथा आयात पर निर्भरता कम करेंगे।
- घरेलू मूल्य संवर्धन: यह पुनर्चक्रण योग्य मध्यवर्ती सामग्री के निर्यात के बजाय देश में ही उससे खनिजों के निष्कर्षण, परिष्करण और शुद्धीकरण को प्रोत्साहित करता है।
- बैटरी आपूर्ति शृंखलाओं को सुदृढ़ करना: इससे घरेलू पुनर्चक्रणकर्ताओं के लिए कच्चे माल की उपलब्धता और उत्पादन क्षमता का उपयोग बेहतर होगा। इससे बैटरी विनिर्माण, इलेक्ट्रिक वाहन और ऊर्जा भंडारण उद्योगों को समर्थन मिलेगा।
- चक्रीय अर्थव्यवस्था एवं शहरी खनन: इसमें त्याग दी गई बैटरियों को मूल्यवान खनिजों के द्वितीयक स्रोत के रूप में देखा जाता है। इससे प्राथमिक खनन पर निर्भरता घटती है और संसाधनों के कुशल उपयोग को बढ़ावा मिलता है।
- शहरी खनन: यह त्याग दिए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, भवनों और औद्योगिक अपशिष्ट से मूल्यवान धातुओं, खनिजों तथा कच्चे माल को पुनः प्राप्त करने की प्रक्रिया है।
घरेलू बैटरी पुनर्चक्रण की क्षमता को साकार करने में चुनौतियाँ
- तकनीकी सीमाएँ: उन्नत निष्कर्षण, पृथक्करण और परिष्करण क्षमताओं में कमियाँ ब्लैक मास को उच्च शुद्धता वाली बैटरी-ग्रेड सामग्री में बदलने की प्रक्रिया को सीमित करती हैं।
- आर्थिक व्यवहार्यता: उच्च प्रसंस्करण लागत, खनिजों की कीमतों में उतार-चढ़ाव तथा विभिन्न बैटरी रासायनिक संरचनाओं में पुनर्प्राप्ति की अलग-अलग आर्थिक व्यवहार्यता, विशेषकर एलएफपी बैटरियों के मामले में, व्यावसायिक व्यवहार्यता को प्रभावित करती है।
- अपर्याप्त संग्रहण अवसंरचना: बिखरे हुए संग्रहण नेटवर्क, अनौपचारिक पुनर्चक्रण और उचित निगरानी एवं पता लगाने की व्यवस्था (ट्रेसेबिलिटी) का अभाव, जीवन-अवधि पूरी कर चुकी बैटरियों की नियमित आपूर्ति को सीमित करते हैं।
- पर्यावरणीय एवं नियामक चिंताएँ: बैटरी अपशिष्ट की खतरनाक प्रकृति के कारण उसका सुरक्षित रखरखाव, परिवहन और वैज्ञानिक तरीके से पुनर्चक्रण आवश्यक है। इसके साथ ही प्रभावी नियामक प्रवर्तन भी जरूरी है।
- कमजोर मूल्य शृंखला एकीकरण: बैटरी निर्माताओं, पुनर्चक्रणकर्ताओं और परिष्करणकर्ताओं के बीच सीमित संपर्क एवं समन्वय, पुनर्प्राप्त खनिजों के घरेलू उपयोग को बाधित करते हैं।
सरकारी पहल एवं आगे की राह
- बैटरी अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2022: ये अपशिष्ट बैटरियों के संग्रहण और पर्यावरण की दृष्टि से उचित पुनर्चक्रण के लिए विस्तारित उत्पादक उत्तरदायित्व (एक्सटेंडेड प्रोड्यूसर रिस्पॉन्सिबिलिटी–ईपीआर) ढाँचा स्थापित करते हैं।
- महत्त्वपूर्ण खनिज पुनर्चक्रण प्रोत्साहन योजना: राष्ट्रीय महत्त्वपूर्ण खनिज मिशन (नेशनल क्रिटिकल मिनरल मिशन–एनसीएमएम) के अंतर्गत ₹1,500 करोड़ की यह योजना, प्रयुक्त बैटरियों और ई-कचरे सहित द्वितीयक स्रोतों से महत्त्वपूर्ण खनिजों की पुनर्प्राप्ति को प्रोत्साहित करती है।
- महत्त्वपूर्ण खनिज प्रसंस्करण के लिए पूंजीगत व्यय सहायता योजना: ₹2,814 करोड़ की इस योजना के तहत दो लिथियम और दो निकेल प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित करने के लिए 30% पूंजीगत सब्सिडी प्रदान की जाती है।
- घरेलू क्षमताओं को सुदृढ़ करना: उन्नत पुनर्चक्रण प्रौद्योगिकियों, बैटरी-ग्रेड परिष्करण, संगठित संग्रहण नेटवर्क और संपूर्ण बैटरी मूल्य शृंखला के एकीकरण को बढ़ावा देना चाहिए।
