संबंधित पाठ्यक्रम
सामान्य अध्ययन -1: महिलाओं की भूमिका और महिला संगठन, जनसंख्या एवं संबद्ध मुद्दे, गरीबी और विकासात्मक मुद्दे, शहरीकरण, उनकी समस्याएँ और उनके समाधान।
संदर्भ: हाल ही में, अफ़्रीकी संघ ने ‘अफ़्रीका में बाल विवाह समाप्त करने पर प्रेसिडेंशियल चैंपियन रिपोर्ट’ जारी की है। इसमें चेतावनी दी गई है कि यह महाद्वीप सतत विकास लक्ष्य (SDG) 5.3 को प्राप्त करने की दिशा में सही रास्ते पर नहीं है, जिसका लक्ष्य वर्ष 2030 तक बाल विवाह का पूर्ण उन्मूलन करना है।

अन्य संबंधित जानकारी
• यह रिपोर्ट अफ़्रीकी संघ के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों के 39वें साधारण सत्र के दौरान लॉन्च की गई थी। इसे ज़ाम्बिया के राष्ट्रपति हाकैंडे हिचिलेमा द्वारा प्रस्तुत किया गया, जो बाल विवाह समाप्त करने के लिए AU चैंपियन हैं।
रिपोर्ट की मुख्य विशेषताएँ
• चुनौती का पैमाना: विश्व स्तर पर हर तीन बाल वधुओं में से एक अफ़्रीका से है।
- अफ़्रीका में लगभग 130 मिलियन लड़कियों और महिलाओं की शादी 18 वर्ष की आयु से पहले कर दी गई थी।
- यदि यही प्रक्रिया जारी रहा, तो वर्ष 2050 तक वैश्विक बाल वधुओं में अफ़्रीका की हिस्सेदारी लगभग 50% हो सकती है।
- वर्ष 2030 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रगति की गति 20 गुना तेज होनी चाहिए।
• क्षेत्रीय वितरण: उप-सहारा अफ़्रीका पर विश्व स्तर पर इसका सबसे अधिक बोझ है।
- पश्चिम और मध्य अफ़्रीका में इसका प्रसार सबसे अधिक है, जहाँ वैश्विक स्तर पर शीर्ष दस देशों में से सात देश इसी क्षेत्र के हैं।
- साहेल क्षेत्र के कुछ भागों में, आधी से अधिक लड़कियों की शादी 18 वर्ष से पहले हो जाती है, और कुछ क्षेत्रों में यह प्रसार 80% से भी अधिक है।
साहेल एक विशाल अर्ध-शुष्क संक्रमणकालीन क्षेत्र है जो उत्तर में सहारा मरुस्थल को दक्षिण में उष्णकटिबंधीय सवाना से अलग करता है।
- इस संदर्भ में पूर्वी अफ़्रीका ने प्रगति की है, जहाँ पिछले पच्चीस वर्षों में प्रसार 48 प्रतिशत से घटकर 31 प्रतिशत रह गया है।
• बाल विवाह के प्रेरक; “पॉलीक्राइसिस” (बहु-संकट) प्रभाव: रिपोर्ट एक साथ आने वाले संकटों पर प्रकाश डालती है जो असुरक्षा को बढ़ा रहे हैं:
- जलवायु झटके: जो आजीविका और स्कूली शिक्षा को प्रभावित कर रहे हैं।
- सशस्त्र संघर्ष और विस्थापन: जिससे सुरक्षा जोखिम बढ़ रहे हैं।
- महामारी: जो सामाजिक सुरक्षा प्रणालियों को कमजोर करती है।
• जलवायु-विशिष्ट निष्कर्ष: वर्षा में 10% का विचलन बाल विवाह में 1% की वृद्धि से जुड़ा है।
- दक्षिणी अफ़्रीका में सूखे के दौरान, स्कूल छोड़ने वाले 70% बच्चे लड़कियाँ थीं।
- चरवाहा क्षेत्रों में पशुधन की हानि ने ‘वधू-मूल्य’ आधारित शीघ्र विवाह पर निर्भरता बढ़ा दी है।
- साहेल में मरुस्थलीकरण बाल विवाह को एक ‘मुकाबला करने की प्रणाली’ के रूप में सुदृढ़ करता है।
• केस स्टडी – ज़ाम्बिया की प्रगति: ज़ाम्बिया को बाल विवाह से निपटने में मजबूत राजनीतिक प्रतिबद्धता और सुधार के उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
- देश ने कानूनी प्रतिबंधों, मुफ्त शिक्षा नीतियों और किशोर माताओं के लिए पुन: प्रवेश सहायता के माध्यम से बाल विवाह के प्रसार को 2018 के 29% से घटाकर 2024 में 23.9% कर दिया है।
- सामुदायिक लामबंदी और पारंपरिक नेताओं के साथ जुड़ाव ने भी प्रगति को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
AU सदस्य देशों के लिए रणनीतिक मार्ग
• शासन और कानूनी सुधार: सदस्य देशों को बिना किसी अपवाद के विवाह की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित करनी चाहिए, वैधानिक, प्रथागत और धार्मिक कानूनों में सामंजस्य स्थापित करना चाहिए और उत्तरदायी प्रणालियों को मजबूत करना चाहिए।
• सामाजिक और आर्थिक उपाय: सरकारों को लड़कियों की शिक्षा और सशक्तिकरण में निवेश करना चाहिए और नकद हस्तांतरण, छात्रवृत्ति तथा व्यावसायिक प्रशिक्षण का विस्तार करना चाहिए।
• जलवायु और मानवीय एकीकरण: बाल विवाह रोकथाम को जलवायु अनुकूलन रणनीतियों और आपदा प्रतिक्रिया ढाँचों में एकीकृत किया जाना चाहिए।
• प्रौद्योगिकी और डेटा: देशों को जागरूकता और आयु सत्यापन के लिए डिजिटल टूल तैनात करने चाहिए और वास्तविक समय के डेटा विश्लेषण में सुधार करना चाहिए।
• क्षेत्रीय सहयोग: रिपोर्ट क्षेत्रीय आर्थिक समुदायों (RECs) के माध्यम से मजबूत सहयोग और सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने का आह्वान करती है।
