संबंधित पाठ्यक्रम
सामान्य अध्ययन-2: स्वास्थ्य, शिक्षा, मानव संसाधन से संबंधित सामाजिक क्षेत्र/सेवाओं के विकास और प्रबंधन से संबंधित मुद्दे
संदर्भ:
वैक्सीन अलायंस GAVI ने UNICEF के साथ साझेदारी में एक नए समझौते को अंतिम रूप दिया है, जिसका उद्देश्य R21/Matrix-M मलेरिया वैक्सीन को और अधिक सुलभ और किफायती बनाना है।
समझौते के प्रमुख बिन्दु
- वैक्सीन कीमतों मे कमी: इस समझौते के तहत प्रत्येक डोज़ की लागत US $2.99 हो गई है, जो कि इसकी पहले की कीमतों की तुलना में काफी कम है।
- अधिक वित्तीय बचत: कम कीमत से Gavi और मलेरिया टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल देशों को लगभग US $90 मिलियन की बचत होने का अनुमान है।
- वैक्सीन खरीद में विस्तार: इससे हुई बचत का उपयोग लगभग 30 मिलियन अतिरिक्त डोज़ सुरक्षित करने के लिए किया जाएगा, जिससे अगले पांच वर्षों में लगभग 7 मिलियन और बच्चों का टीकाकरण संभव होगा।
- नवीन वित्तपोषण तंत्र: यह समझौता वित्तीय रूप से Gavi द्वारा समर्थित है और UNICEF के माध्यम से कार्यान्वित किया जाता है, जो कि टीकाकरण के लिए अंतर्राष्ट्रीय वित्त सुविधा (IFFIm) का उपयोग करता है।
- यह एक ऐसा तंत्र है जो दीर्घकालिक दाता प्रतिबद्धताओं को तत्काल वित्तीय सहायता में बदलता है, ताकि वैक्सीन की स्थिर और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
- दीर्घकालिक पहुंच के लिए बाज़ार-संरचना: यह समझौता Gavi की व्यापक बाज़ार-संरचना रणनीति के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य कम कीमतें सुनिश्चित करना और स्थायी आपूर्ति श्रृंखलाओं को बढ़ावा देना है, ताकि मलेरिया वैक्सीन विशेष रूप से कम और मध्यम आय वाले देशों के लिए किफायती और स्केलेबल बनी रहे।
समझौते का महत्व
- वैक्सीन की पहुँच में वृद्धि: कीमत में कटौती और आपूर्ति के विस्तार से R21/Matrix-M वैक्सीन की उपलब्धता में उल्लेखनीय सुधार होगा, विशेषकर अफ्रीकी देशों में जहाँ मलेरिया बच्चों की मृत्यु का प्रमुख कारण है।
- वैश्विक टीकाकरण प्रयासों का विस्तार: इस समझौते के माध्यम से अगले पांच वर्षों में लगभग 7 मिलियन अतिरिक्त बच्चों का टीकाकरण संभव होगा, जिससे वैश्विक मलेरिया टीकाकरण में महत्वपूर्ण प्रगति होगी और जोखिम में बच्चों की सुरक्षा बढ़ेगी।
- स्थायी बाज़ार का संवर्धन: यह समझौता मलेरिया वैक्सीन के लिए स्थायी बाजार बनाने में मदद करता है, लागत को कम करता है और आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ाता है, जो कम और मध्यम आय वाले देशों के लिए अत्यंत आवश्यक है।
- वैश्विक स्वास्थ्य समानता: R21/Matrix-M वैक्सीन की व्यापक और किफायती पहुँच मलेरिया के मामलों और बच्चों की मृत्यु दर को काफी कम कर सकती है, स्वास्थ्य प्रणाली पर दबाव घटा सकती है और वैश्विक स्तर पर संवेदनशील समुदायों में स्वास्थ्य समानता को बढ़ावा देती है
मलेरिया के बारे में
- रोग का स्वरूप:
- मलेरिया एक जीवन के लिए खतरा उत्पन्न करने वाला, लेकिन रोकथाम योग्य और उपचार योग्य रोग है।
- यह परजीवी के कारण होता है और सीधे व्यक्ति से व्यक्ति में नहीं फैलता।
- यह रोग उष्णकटिबंधीय देशों में सबसे अधिक पाया जाता है।
- संक्रमण:
- मलेरिया मुख्य रूप से संक्रमित मादा एनोफ़िलीज मच्छरों के काटने से फैलता है।
- परजीवी प्रजातियाँ (Parasite Species):
- मानव में पाँच प्रकार के प्लास्मोडियम परजीवी संक्रमण करते हैं।
- पी. फाल्सीपेरम: सबसे घातक और अफ्रीका में व्यापक रूप से फैला हुआ।
- पी. विवैक्स: उप-सहारा अफ्रीका के बाहर के देशों में प्रमुख परजीवी।
- अन्य प्रजातियों में पी. मलेरिया, पी. ओवेल, और पी. नोलेसी शामिल हैं।
- WHO द्वारा पूर्व-प्रमाणित वैक्सीन:
- R21/Matrix-M: ऑक्सफ़ोर्ड विश्वविद्यालय और सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा सह-विकसित, जिसमें Novavax की Matrix-M एडजुवेंट तकनीक का उपयोग किया गया।
- RTS,S/AS01: ग्लैक्सोस्मिथक्लाइन (GSK), पाथ (PATH) और उनके साझेदारों द्वारा विकसित।
Sources:
The Hindu
Unicef Org
