संबंधित पाठ्यक्रम

सामान्य अध्ययन-2: भारत से संबंधित और/अथवा भारत के हितों को प्रभावित करने वाले द्विपक्षीय, क्षेत्रीय एवं वैश्विक

संदर्भ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस की अध्यक्षता में मनीला, फिलीपींस में आयोजित 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में भाग लिया। इसका उद्देश्य व्यापक रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना था।

शिखर सम्मेलन की प्रमुख विशेषताएँ

  • विषय: शिखर सम्मेलन का आयोजन ‘हमारे भविष्य की दिशा: मिलकर आगे बढ़ना (Navigating Our Future, Together)’ विषय के अंतर्गत किया गया, जिसमें वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच सहयोग के महत्त्व को रेखांकित किया गया।
  • फिलीपींस की अध्यक्षता: प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के लिए देश समन्वयक के रूप में फिलीपींस की भूमिका की सराहना की।
  • हिंद-प्रशांत दृष्टिकोण: भारत ने स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र का आह्वान किया। साथ ही, प्रतिस्पर्धा के स्थान पर सहयोग पर बल देते हुए आसियान की एकता और केंद्रीयता के प्रति अपना समर्थन दोहराया।
  • साझा विकास लक्ष्य: प्रधानमंत्री मोदी ने आसियान कम्युनिटी विजन 2045 और भारत के विकसित भारत 2047 के बीच समानता को रेखांकित किया।
  • नौ पहलें: भारत ने निम्नलिखित पहलें प्रस्तावित कीं:
  1. दीर्घकालिक समुद्री सहयोग योजना।
  2. संयुक्त साइबर फॉरेंसिक प्रशिक्षण कार्यक्रम।
  3. परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में तकनीकी आदान-प्रदान।
  4. आसियान-भारत अंतरिक्ष हैकथॉन।
  5. खनन एवं महत्त्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग।
  6. युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम।
  7. नालंदा विश्वविद्यालय में छात्रवृत्तियों का विस्तार।
  8. WAVES 2027 में रचनात्मक साझेदारी मंडप (Creative Partnership Pavilion)।
  9. आसियान देशों के पर्यटकों के लिए निःशुल्क ई-वीजा की सुविधा।
  • समुद्री सहयोग: समुद्री संपर्क एवं सुरक्षा को मजबूत करने के लिए वर्ष 2026 को आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।
  • आपदा प्रबंधन: नेताओं ने आपदा प्रबंधन में सहयोग पर आसियान-भारत संयुक्त वक्तव्य को अपनाया। इसमें संस्थागत समन्वय, उपग्रह-आधारित पूर्व चेतावनी प्रणालियाँ, संयुक्त अभ्यास, मानवीय सहायता, आपदाओं के बाद आपदा-रोधी पुनर्निर्माण तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के जिम्मेदार उपयोग जैसे विषय शामिल हैं।
    • इसमें आसियान-भारत कार्ययोजना (2026–2030) के अंतर्गत तकनीकी आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण एवं सहयोग का भी प्रावधान किया गया है। साथ ही, भारत के महासागर (MAHASAGAR) विजन के साथ संभावित तालमेल को भी स्वीकार किया गया है।
  • वर्ष 2027 की महत्त्वपूर्ण उपलब्धि: वर्ष 2027 में भारत और आसियान के बीच संवाद संबंधों के 35 वर्ष तथा व्यापक रणनीतिक साझेदारी के 5 वर्ष पूरे होंगेहोने का उत्सव मनाया जाएगा।

भारत-आसियान शिखर सम्मेलन के बारे में

  • आसियान-भारत शिखर सम्मेलन एक उच्चस्तरीय मंच है, जिसमें भारत के प्रधानमंत्री और आसियान सदस्य देशों के नेता भाग लेते हैं। इसका उद्देश्य सहयोग की समीक्षा करना तथा रणनीतिक दिशा प्रदान करना है।
  • प्रथम शिखर सम्मेलन: इसका आयोजन वर्ष 2002 में नोम पेन्ह, कंबोडिया में किया गया था।
  • 23वाँ शिखर सम्मेलन: इस प्रारूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आसियान नेताओं के साथ यह 13वीं बातचीत थी तथा वर्ष 2026 में किसी आसियान देश की उनकी तीसरी यात्रा थी।

भारत-आसियान संबंध

  • भारत और आसियान के बीच सहयोग की शुरुआत वर्ष 1992 में क्षेत्रीय संवाद साझेदारी के रूप में हुई तथा वर्ष 1995 में इसे पूर्ण संवाद साझेदारी का दर्जा दिया गया।
  • पहली शिखर सम्मेलन-स्तरीय बैठक वर्ष 2002 में आयोजित हुई। भारत ने वर्ष 2003 में दक्षिण-पूर्व एशिया में मैत्री एवं सहयोग संधि (Treaty of Amity and Cooperation–TAC) में प्रवेश किया।
  • वर्ष 2004 में दोनों पक्षों ने शांति, प्रगति एवं साझा समृद्धि के लिए आसियान-भारत साझेदारी पर हस्ताक्षर किए।
  • वर्ष 2012 में संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तथा वर्ष 2022 में व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत किया गया।
  • वर्ष 2018 में आयोजित स्मारक शिखर सम्मेलन ने संवाद संबंधों के 25 वर्ष पूरे होने का अवसर चिह्नित किया।
  • सहयोग के प्रमुख क्षेत्र:
    • राजनीतिक एवं सुरक्षा सहयोग: आसियान क्षेत्रीय मंच (ARF), पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (EAS) तथा आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस (ADMM-Plus) के माध्यम से सहयोग।
    • आर्थिक सहयोग: वित्त वर्ष 2025–26 में भारत-आसियान द्विपक्षीय व्यापार 128.37 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुँच गया, जो बढ़ती आर्थिक साझेदारी को दर्शाता है। आसियान-भारत मुक्त व्यापार क्षेत्र (AIFTA) में वस्तुओं, सेवाओं एवं निवेश का व्यापार शामिल है।
    • संपर्क (कनेक्टिविटी): भारत-म्यांमार-थाईलैंड त्रिपक्षीय राजमार्ग तथा इसके लाओस और कंबोडिया तक प्रस्तावित विस्तार।
    • संस्थागत तंत्र: आसियान-भारत केंद्र (AIC) व्यापार, निवेश एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देता है; आसियान-भारत कोष (ASEAN-India Fund) सहयोगात्मक परियोजनाओं को सहायता प्रदान करता है; आसियान-भारत हरित कोष जलवायु संबंधी पहलों को समर्थन देता है; तथा आसियान-भारत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विकास कोष सहयोगात्मक अनुसंधान को बढ़ावा देता है।
Shares: