संदर्भ:

हाल ही में, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और स्नायु विज्ञान संस्थान (निमहांस- NIMHANS), बेंगलूरु को नेल्सन मंडेला पुरस्कार, 2024 से सम्मानित किया गया है।

अन्य संबंधित जानकारी

  • यह पुरस्कार राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और स्नायु विज्ञान संस्थान (निमहांस), बेंगलूरु के निदेशक को स्विटजरलैंड के जिनेवा में आयोजित 77वीं विश्व स्वास्थ्य सभा में प्रदान किया गया है।
    विश्व स्वास्थ्य सभा विश्व स्वास्थ्य संगठन की निर्णय लेने वाली निकाय (Decision-Making Body) है।
  • विश्व स्वास्थ्य संगठन अनुसंधान, शिक्षा और मरीज देखभाल में निमहांस की उपलब्धियों को मान्यता देता है, तथा विविध जनसंख्या की आवश्यकताओं की पूर्ति करने तथा प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल प्रणालियों में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को एकीकृत करने में इसकी भूमिका को रेखांकित करता है।

स्वास्थ्य संवर्धन के लिए नेल्सन मंडेला पुरस्कार (Nelson Mandela Award for Health Promotion) के बारे में

  • यह पुरस्कार वर्ष 2019 में अफ्रीकी क्षेत्र के सदस्य राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों की पहल पर शुरू किया गया था।
  • यह स्वास्थ्य संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं और सरकारी या गैर-सरकारी संगठनों को मान्यता देता है।
  • इसे विश्व स्वास्थ्य सभा के अध्यक्ष द्वारा विश्व स्वास्थ्य सभा के पूर्ण अधिवेशन के दौरान एक विशेष समारोह में प्रदान किया जाता है, जिसमें विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक और सामान्यतः नेल्सन मंडेला फाउंडेशन के प्रतिनिधि भी शामिल होते हैं।

पुरस्कार के लिए उपयुक्त नाम का प्रस्ताव और चयन की प्रक्रिया

  • विश्व स्वास्थ्य संगठन के किसी सदस्य देश का कोई भी राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रशासन, या पुरस्कार का कोई भी पूर्व प्राप्तकर्ता, पुरस्कार के लिए किसी उपयुक्त संस्था के नाम का प्रस्ताव दे सकता है।
  • उस प्रस्ताव को विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक के पास भेजा जाता हैं, जो उन्हें पुरस्कार चयन पैनल (Award Selection Panel) के समक्ष रखते हैं।
  • पुरस्कार चयन पैनल अपनी एक बेहद संवेदनशील निजी बैठक (Private Meeting) में कार्यकारी बोर्ड के सामने पुरस्कार के प्राप्तकर्ता(ओं) के नाम का प्रस्ताव करता है। उस प्रस्ताव पर कार्यकारी बोर्ड द्वारा विचार करके पुरस्कार के प्राप्तकर्ता(ओं) के नाम को निर्दिष्ट करता है, यानी अंतिम रूप देता है।
  • यह पुरस्कार विश्व स्वास्थ्य संगठन के वर्तमान या पूर्व स्टाफ सदस्यों या कार्यकारी बोर्ड के वर्तमान सदस्यों को नहीं दिया जा सकता है।

राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और स्नायु विज्ञान संस्थान (निमहांस) के बारे में

  • यह संसद द्वारा अधिनियमित राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और स्नायु विज्ञान संस्थान अधिनियम, 2012 द्वारा शासित एक राष्ट्रीय महत्व का संस्थान है।
  • यह मानसिक स्वास्थ्य और स्नायु यानी तंत्रिका विज्ञान के क्षेत्र में मरीज की देखभाल और शैक्षणिक अनुसंधान के लिए एक बहु-विषयक संस्थान है।
  • वर्ष 1974 में, अखिल भारतीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थान (AIIMH) और मानसिक अस्पताल का विलय करके राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और स्नायु विज्ञान संस्थान (NIMHANS) का गठन किया गया।
  • केंद्र सरकार ने वर्ष 1994 में इसे ‘डीम्ड यूनिवर्सिटी’ घोषित किया। वर्ष 2012 में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और स्नायु विज्ञान संस्थान (NIMHANS) को ‘राष्ट्रीय महत्व के संस्थान’ का दर्जा दिया गया।
  • यह संस्थान इस वर्ष अपनी स्थापना के 50 वीं और अपने पूर्ववर्ती अखिल भारतीय मानसिक स्वास्थ्य संस्थान (AIIMH) की 70 वीं वर्षगाँठ मना रहा है।

मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में भारत का प्रयास

  • आज देश के लगभग सभी जिलों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य इकाइयों को सहायता प्रदान की जा रही है। 
  • हाल ही में, भारत की राष्ट्रीय टेली मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन, टेली मानस (जो 10 अक्तूबर, 2022 को लॉन्च हुई) ने भी 10 लाख कॉल प्राप्त करने की उपलब्धि हासिल की है।

Also Read:

कुछ विश्व व्यापार संगठन सदस्यों ने भारत की कृषि सब्सिडी पर उठाए सवाल

Shares: