संदर्भ:

हाल ही में, संयुक्त राष्ट्र महासभा (United Nations General Assembly-UNGA) ने इजरायल को एक वर्ष के अंदर फिलिस्तीन पर कब्जे वाले क्षेत्रों से अपने अवैध कब्जे को छोड़ने का आह्वान करने वाले एक संकल्प को पारित किया है।

अन्य संबंधित जानकारी  

  • भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के इजरायल को उसके द्वारा अवैध रूप से कब्जा किए गए फिलिस्तीनी क्षेत्र को “बिना किसी देरी” के छोड़ने को कहने वाले संकल्प पर मतदान में हिस्सा नहीं लिया।
  • इस संकल्प में इजरायल से अंतर्राष्ट्रीय कानून का पालन करने, अपने सैन्य बलों को वापस बुलाने, सभी नई बस्तियों संबंधी गतिविधियों को तत्काल रोकने, तथा कब्जे वाली भूमि से सभी बसे लोगों को बाहर निकालने का आह्वान किया गया है।
  • 193 सदस्यीय महासभा ने इस संकल्प को पारित कर दिया। इसमें 124 देशों ने इसके पक्ष में, 14 ने इसके विरुद्ध में तथा 43 देशों ने मतदान में भाग नहीं लिया।  
  • मतदान में भाग न लेने वालों देशों में ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, जर्मनी, इटली, नेपाल, यूक्रेन और यूनाइटेड किंगडम शामिल थे। इस संकल्प के विरुद्ध मतदान करने वाले देशों में इजरायल और अमेरिका सहित अन्य देश शामिल थे।
  • संयुक्त राष्ट्र के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ कि फिलिस्तीन ने 193 सदस्यीय संयुक्त राष्ट्र महासभा में मतदान के लिए अपना मसौदा संकल्प पेश किया।

संकल्प पर भारत का मत 

  • भारत ने इजरायल-फिलिस्तीन मुद्दे का न्यायोचित, शांतिपूर्ण और स्थायी समाधान करने की अपनी प्रतिबद्धता को जताते हुए दोनों पक्षों के बीच प्रत्यक्ष और सार्थक वार्ता के माध्यम से होने वाले द्वि-राष्ट्र सिद्धांत (Two-State Solution) से ही स्थायी शांति के अपने पूर्व-कथन को दोहराया।
  • भारत ने इस बात को रेखांकित किया कि वह बातचीत और कूटनीति का प्रबल समर्थक है तथा इस मुद्दे पर विभाजन को आगे बढ़ाने के बजाय शांति स्थापित करने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।

संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA)

  • वर्ष 1945 में संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की स्थापना की गई थी।
  • यह संयुक्त राष्ट्र संगठन का मुख्य विचार-विमर्श, नीति-निर्माण और प्रतिनिधि निकाय है।
  • संयुक्त राष्ट्र महासभा में संयुक्त राष्ट्र के सभी 193 सदस्य देशों का प्रतिनिधित्व होता है, जिससे यह सार्वभौमिक प्रतिनिधित्व वाला एकमात्र संयुक्त राष्ट्र का निकाय बन जाता है।
  • प्रत्येक वर्ष, सितंबर माह में, संयुक्त राष्ट्र के सभी सदस्य देश वार्षिक महासभा सत्र में शामिल होने हेतु न्यूयॉर्क के जनरल असेंबली हॉल में मिलते है।  

Also Read:

Shares: