अंतर्राष्ट्रीय इनकमिंग फर्जी कॉल रोकथाम प्रणाली

संदर्भ:

केंद्रीय संचार मंत्री ने सुरक्षित डिजिटल स्पेस बनाने और नागरिकों को साइबर अपराध से बचाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय इनकमिंग फर्जी कॉल रोकथाम प्रणाली’ का शुभारंभ किया।

अन्य संबंधित जानकारी

  • इसका उद्देश्य उन अंतर्राष्ट्रीय कॉलों की पहचान करना और उन्हें ब्लॉक करना है जिनमें गलत तरीके से भारतीय फोन नंबर दिखाए जाते हैं।
  • प्रणाली के चालू होने के मात्र 24 घंटे के भीतर दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (TSP) ने लगभग 1.35 करोड़  या  सभी आने वाली अंतर्राष्ट्रीय कॉलों में से 90 प्रतिशत को फर्जी कॉल्स के रूप में पहचान कर ब्लॉक कर दिया।

यह  किस प्रकार काम करता है

  • साइबर अपराधियों ने एक ऐसी तकनीक विकसित कर ली है जिससे अंतर्राष्ट्रीय कॉल स्थानीय भारतीय नंबरों (जैसे, +91-xxxxxxxxx) के रूप में दिखाई देती है।
  • कॉलिंग लाइन आइडेंटिटी (CLI) में परिवर्तन करके, इन कॉलों को ऐसा दिखाया जाता है जैसे कि वे भारत से आ रही हों, लेकिन वास्तव में ये कॉलें विदेश से आती हैं।
  • यह प्रणाली धोखाधड़ी करने वाले नंबरों की पहचान करके उन्हें ब्लॉक कर देती है, इससे पहले कि साइबर अपराधी अपने लक्ष्य तक पहुंच सकें।

विश्व आर्थिक परिदृश्य 

संदर्भ: 

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने वित्त वर्ष 2024-25 में भारत की विकास दर का अनुमान 7% पर बरकरार रखा है।

अन्य संबंधित जानकारी

  • अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के विश्व आर्थिक परिदृश्य (WEO) में भी अगले वित्त वर्ष (वित्त वर्ष 2025-26) में भारत की विकास दर 6.5% रहने की उम्मीद जताई गई है।
  • रिपोर्ट में इस बात पर प्रकाश डाला गया है कि इस वर्ष भारत की वृद्धि दर में 2023 के 8.2% से कम होने की संभावना है, क्योंकि महामारी के दौरान संचित रूकी हुई माँग मे कमी हो रही है, क्योंकि अर्थव्यवस्था अपनी पूर्व की क्षमता पर लौट रही है।
  • IMF के अनुसार, 2024 के साथ-साथ 2025 में भी वैश्विक उत्पादन में 3.2% की दर से वृद्धि होगी।

प्रत्यक्ष कर-जीडीपी अनुपात

संदर्भ:

वित्त वर्ष 2023-24 में प्रत्यक्ष कर-जीडीपी अनुपात 24 वर्ष के उच्च स्तर 6.64% पर पहुंच गया।

अन्य संबंधित जानकारी

प्रत्यक्ष कर उछाल (Buoyancy) पिछले वर्ष की तुलना में सुधरकर 2.12 हो गया। वर्ष के दौरान सांकेतिक जीडीपी में 8.42% की वृद्धि हुई, जबकि प्रत्यक्ष कर संग्रह में 17.82% की वृद्धि हुई।

  • कर उछाल किसी अर्थव्यवस्था के सकल घरेलू उत्पाद या जीडीपी में परिवर्तन के संबंध में कर राजस्व में परिवर्तन का अनुपात है

वित्त वर्ष 24 के दौरान प्रत्यक्ष करों ने कुल कर में 56.72% का योगदान दिया, जो 14 वर्षों का उच्चतम स्तर है, जबकि पिछले वर्ष यह 54.63% था।

  • प्रत्यक्ष कर वह कर है जो कोई व्यक्ति या संगठन सीधे उस संस्था को देता है जिसने इसे लगाया है। जैसे- आयकर, अचल संपत्ति कर, व्यक्तिगत संपत्ति कर, आदि।

समुद्री संरक्षित क्षेत्र (MPA)

संदर्भ:

अज़ोरेस द्वीप (पुर्तगाल) ने उत्तरी अटलांटिक महासागर में सबसे बड़ा समुद्री संरक्षित क्षेत्र (Marine Protected Area-MPA) नेटवर्क बनाने के लिए नया कानून पारित किया है।

अन्य संबंधित जानकारी

  • यह MPA 287,000 वर्ग किमी (110,811 वर्ग मील) में विस्तृत है तथा पुर्तगाली द्वीपसमूह के आसपास के समुद्र के लगभग 30% भाग को संरक्षित करता है।
  • अज़ोरेस द्वीपसमूह पुर्तगाल का एक स्वायत्त क्षेत्र है जिसकी अपनी क्षेत्रीय सरकार और क्षेत्रीय संसद है। यह श्रृंखला उत्तरी अटलांटिक महासागर में मुख्य भूमि पुर्तगाल से लगभग 1,000 मील (1,600 किमी) पश्चिम में स्थित है। इसमें नौ प्रमुख द्वीप शामिल हैं।

समुद्री संरक्षित क्षेत्र 

  • यह महासागर का एक भाग है जहां सरकार ने प्राकृतिक संसाधनों और जैविक विविधता के संरक्षण के लिए मानव गतिविधि पर सीमाएं लगा दी हैं।
  • विभिन्न MPA के अलग-अलग उद्देश्य होते हैं लेकिन कई MPA का मुख्य उद्देश्य समुद्री आवासों और उनके द्वारा समर्थित जैव विविधता का संरक्षण करना है

करतारपुर कॉरिडोर

संदर्भ:

हाल ही में, भारत और पाकिस्तान ने करतारपुर साहिब कॉरिडोर पर अपने समझौते को अगले पांच वर्षों के लिए नवीनीकृत करने पर सहमति व्यक्त की।

करतारपुर कॉरिडोर

  • करतारपुर साहिब कॉरिडोर के माध्यम से पाकिस्तान के नारोवाल में गुरुद्वारा दरबार साहिब करतारपुर तक भारत के तीर्थयात्रियों की यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए 24 अक्टूबर, 2019 को हस्ताक्षरित समझौता पाँच साल की अवधि के लिए वैध था।
  • 4 किलोमीटर लंबा करतारपुर कॉरिडोर भारतीय सिख तीर्थयात्रियों को सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव के अंतिम विश्राम स्थल, गुरुद्वारा दरबार साहिब तक वीजा-मुक्त पहुंच प्रदान करता है।

गुरुद्वारा दरबार साहिब

  • यह विश्व के सबसे बड़े गुरुद्वारों में से एक है।
  • करतारपुर गांव रावी नदी के पश्चिमी तट पर स्थित है जहां श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के अंतिम 18 वर्ष बिताए थे
  • गुरुद्वारा डेरा बाबा नानक (पंजाब के गुरदासपुर जिले में) भारत-पाकिस्तान सीमा से लगभग 1 किमी दूर और रावी नदी के पूर्वी तट पर है।

अंतर्राष्ट्रीय हिम तेंदुआ दिवस 2024 

संदर्भ:

अंतर्राष्ट्रीय हिम तेंदुआ दिवस प्रतिवर्ष 23 अक्टूबर को मनाया जाता है।

अन्य संबंधित जानकारी

  • थीम: “भविष्य की पीढ़ियों के लिए हिम तेंदुओं के आवासों की सुरक्षा करना”
  • यह दिन इस दुर्लभ बड़ी बिल्ली के संरक्षण पर ऐतिहासिक बिश्केक घोषणापत्र पर हस्ताक्षर की वर्षगांठ का प्रतीक है, जिस पर 23 अक्टूबर, 2013 को किर्गिज़स्तान की राजधानी बिश्केक में हिम तेंदुए के संरक्षण पर पहले वैश्विक फोरम में हस्ताक्षर किए गए थे।
  • हिम तेंदुए रेंज के 12 देश हैं – अफगानिस्तान, भूटान, चीन, भारत, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, मंगोलिया, नेपाल, पाकिस्तान, रूस, ताजिकिस्तान और उजबेकिस्तान।
  • वर्ष 2015 को अंतर्राष्ट्रीय हिम तेंदुए वर्ष के रूप में मनाया गया।

संरक्षण की स्थिति:

  • IUSN संरक्षण स्थिति: सुभेद्य 
  • CITES: परिशिष्ट I.
  • भारतीय वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972: अनुसूची-I

अमेज़न फ्यूचर इंजीनियर प्रोग्राम

संदर्भ:

नेशनल एजुकेशन सोसाइटी फॉर ट्राइबल स्टूडेंट्स (NESTS) ने ‘अमेज़ॅन फ्यूचर इंजीनियर प्रोग्राम’ के तीसरे चरण का शुभारंभ किया।

अमेज़न फ्यूचर इंजीनियर प्रोग्राम का तीसरा चरण

  • यह कार्यक्रम आंध्र प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और त्रिपुरा में फैले 50 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (EMRS) में शुरू किया गया।
  • तीसरे चरण में ब्लॉकचेन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, कोडिंग, ब्लॉक प्रोग्रामिंग और AI सत्रों पर अभिमुखीकरण शामिल होगा।
  • तीसरा चरण धीरे-धीरे भारत में प्रस्तावित 410 EMRS में लागू किया जाएगा।
  • अमेज़न फ्यूचर इंजीनियर प्रोग्राम दो वर्षों से चल रहा है, और इसके तहत कक्षा 6 से 8 तक के 7,000 से अधिक छात्रों को कंप्यूटर विज्ञान और ब्लॉक प्रोग्रामिंग की मूल बातें सिखाई जा चुकी हैं, तथा पिछले चरणों में 50 से अधिक शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
  • तीसरे चरण में कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों के लिए ब्लॉकचेन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और कोडिंग को शामिल करते हुए पाठ्यक्रम का विस्तार किया जाएगा।

एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS)

  • जनजातीय कार्य मंत्रालय जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (EMRS) की केंद्रीय क्षेत्र योजना को क्रियान्वित करता है।
  • पहले EMRS संविधान के अनुच्छेद 275(1) के तहत एक घटक था। नई योजना के तहत, सरकार ने 50% से अधिक ST आबादी और कम से कम 20,000 आदिवासी व्यक्तियों (जनगणना 2011 के अनुसार) वाले प्रत्येक ब्लॉक में एक EMRS स्थापित करने का निर्णय लिया।
  • इसके अलावा, एकलव्य मॉडल डे बोर्डिंग स्कूल (EMBDS) को 29.04.2022 से EMRS में विलय कर दिया गया है।
  • जनजातीय मामलों के मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संगठन, राष्ट्रीय जनजातीय छात्र शिक्षा सोसाइटी (NESTS) को EMRS योजना के प्रबंधन और कार्यान्वयन के लिए बनाया गया है। 

Also Read:

Shares: