संबंधित पाठ्यक्रम
सामान्य अध्ययन 2: शासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के महत्त्वपूर्ण पक्ष; महत्त्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय संस्थान, एजेंसियाँ और मंच- उनकी संरचना, अधिदेश।
संदर्भ: हाल ही में पूर्व राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद ने ‘रिस्पॉन्सिबल नेशंस इंडेक्स’ 2026 जारी किया। इस सूचकांक से देशों का मूल्यांकन उनकी सैन्य या आर्थिक शक्ति के बजाय उनके नैतिक शासन, वैश्विक उत्तरदायित्व और सतत विकास के प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है।
अन्य संबंधित जानकारी:
- रिस्पॉन्सिबल नेशंस इंडेक्स (RNI) एक नई वैश्विक रैंकिंग है जो देशों का मूल्यांकन उनकी आर्थिक या सैन्य शक्ति के बजाय इस आधार पर करती है कि वे अपनी शक्ति का उपयोग कितने जिम्मेदार तरीके से करते हैं।
- इस सूचकांक का उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय रैंकिंग के केंद्र बिंदु को पारंपरिक शक्ति मानकों, जैसे कि जीडीपी (GDP) और सैन्य बल से हटाकर इस ओर ले जाना है कि राष्ट्र अपनी शक्ति का प्रयोग कितनी जिम्मेदारी से करते हैं।
- यह सूचकांक विश्व बैंक, संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियों और वर्ल्ड जस्टिस प्रोजेक्ट सहित वैश्विक संस्थानों के आंकड़ों पर आधारित है। इसमें 2023 तक के उपलब्ध नवीनतम डेटा का उपयोग किया गया है।
सूचकांक के मुख्य निष्कर्ष:
वैश्विक रैंकिंग:
- शीर्ष प्रदर्शनकर्ता देश: 0.61945 के स्कोर के साथ सिंगापुर रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर है।
- स्विट्ज़रलैंड और डेनमार्क को 0.58692 और 0.58372 के स्कोर के साथ क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान मिला।
- भारत का स्थान: भारत को 0.551513 के स्कोर के साथ 16वाँ स्थान मिला।
- सूचकांक में भारत का स्थान शासन, सामाजिक उत्तरदायित्व और बाह्य जुड़ाव में इसके तुलनात्मक रूप से बेहतर प्रदर्शन को दर्शाता है और इस प्रकार यह वैश्विक स्तर पर अधिक जिम्मेदार राष्ट्रों की श्रेणी में शामिल है।
- निम्न रैंकिंग वाले राष्ट्र: दक्षिण सूडान को 0.37389 के स्कोर के साथ 152वाँ स्थान मिला है।
- 0.37254 के स्कोर के साथ सीरिया का स्थान 153वाँहै।
- 0.35715 के स्कोर और 154वें स्थान के साथ मध्य अफ़्रीकी गणराज्य इस सूचकांक में सबसे नीचे है।
- सूचकांक में अन्य राष्ट्रों की रैंक:

महत्त्वपूर्ण बिंदु
- विधि का शासन और कल्याणकारी दृष्टिकोण: उत्तरी और पूर्वी यूरोपीय देश विधि का शासन, समावेशी कल्याणकारी प्रणालियों और जलवायु कार्रवाई के प्रति दीर्घकालिक प्रतिबद्धताओं के कारण लगातार उच्च स्कोर करते हैं।
- उभरती अर्थव्यवस्थाओं का प्रदर्शन: उभरते हुए देश शांति स्थापना, नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाने और समावेशी कल्याण वितरण जैसे विशिष्ट क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करते हैं।
- जिम्मेदार राष्ट्रीय आचरण: यह अर्थव्यवस्था के आकार पर कम, और संस्थानों की गुणवत्ता, नैतिक शासन तथा इस बात पर अधिक निर्भर करता है कि विकास के लाभों का साझाकरण कितनी न्यायसंगत तरीके से किया गया है।
- कई विकासशील देशों ने पर्यावरणीय नैतिकता, लैंगिक निष्पक्षता और सामाजिक न्याय जैसे क्षेत्रों में संपन्न देशों को पीछे छोड़ दिया है।
- शासन और उत्तरदायित्व: यह रिपोर्ट इस बात को भी रेखांकित करती है कि उत्तरदायित्व केवल धन या संपदा के बजाय राजनीतिक इच्छाशक्ति और संस्थागत शुचिता से प्रेरित होता है।
सूचकांक का महत्त्व
- वैश्विक जवाबदेही: यह सूचकांक विश्व को उत्तरदायित्व के आधार पर रैंक देने और उस पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करता है, और वैश्विक शक्तियों सहित सभी देशों से जवाबदेही की आवश्यकता को उजागर करता है।
- वस्तुनिष्ठ ढांचा: यह 21वीं सदी में नेतृत्व के मूल्यांकन के लिए एक सामयिक और वैकल्पिक ढाँचा है।
- इसमें तर्क दिया जाता है कि किसी राष्ट्र का वास्तविक मूल्यांकन केवल इस आधार पर नहीं किया जाना चाहिए कि वह आर्थिक तौर पर कितना शक्तिशाली है, बल्कि इस आधार पर किया जाना चाहिए कि वह कितने जिम्मेदार तरीके से कार्य करता है।
- शोध एकीकरण: RNI ने मौजूदा वैश्विक शोधों को एक एकल, विश्वसनीय माप में संयोजित करके समाधान प्रस्तुत किया है।
- उदाहरण के लिए: यूरोप और लैटिन अमेरिका के अनुसंधान केंद्र चीन के निवेशों को ट्रैक करते हैं, और यह सूचकांक इस प्रकार की जानकारियों को एक स्थान पर संकलित करता है।
- आत्ममंथन के माध्यम: इस सूचकांक ने राष्ट्रों की कमियों को उजागर किया है, जो उन्हें अपनी स्थिति में सुधार करने और प्रतिवर्ष निरंतर प्रगति करने के लिए प्रेरित करता है।
- सिफारिश: इस सूचकांक के उत्तरदायित्व की अवधारणा में मानसिक स्वास्थ्य, प्रसन्नता, समता और सामाजिक एकजुटता जैसे कम मूर्त पहलुओं को शामिल करने का भी सुझाव दिया गया है।

