संदर्भ : 

भारत व्यापार, ऊर्जा, निवेश और सुरक्षा में सहयोग बढ़ाने के लिए खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) और कतर के साथ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर वार्ता कर रहा है।

अन्य संबंधित जानकारी

  • फरवरी 2025 में कतर के अमीर की भारत की राजकीय यात्रा पर एक विशेष ब्रीफिंग के दौरान विदेश मंत्रालय (MEA) ने इसकी घोषणा की।

भारत-कतर आर्थिक संबंध

  • वर्ष 2023-24 में कतर से देश का आयात 12.34 बिलियन अमरीकी डॉलर था, जबकि इसका निर्यात केवल 1.7 बिलियन अमरीकी डॉलर था।
  • कतर, LNG और LPG का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता है। इसके अलावा भारत कतर से एथिलीन, प्रोपलीन, अमोनिया, यूरिया और पॉलीथीन भी आयात करता है।
  • भारत का संयुक्त अरब अमीरात के साथ पहले से ही एक मुक्त व्यापार समझौता है तथा वह ओमान के साथ भी इसी तरह के समझौते के लिए वार्ता को अंतिम रूप देने के लिए अंतिम चरण में है।
  • हाल की बैठक के दौरान, दोनों पक्षों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करके 28 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाने के लिए द्विपक्षीय व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) में प्रवेश करने की संभावना तलाशने पर सहमति व्यक्त की।

मुक्त व्यापार समझौता (FTA) और अन्य व्यापार समझौते

FTA , व्यापार को बढ़ाने के लिए आपसी बातचीत के माध्यम से व्यापार बाधाओं को कम करने या समाप्त करने के लिए देश/देशों या क्षेत्रीय ब्लॉकों के बीच एक समझौता है।

  • विश्व व्यापार संगठन (WTO) FTA का वर्णन करने के लिए क्षेत्रीय व्यापार समझौतों (RTA) की शब्दावली का उपयोग करता है।

अधिमान्य व्यापार समझौता (PTA): यह शब्द विश्व व्यापार संगठन में व्यापार वरीयताओं के लिए प्रयोग किया जाता है, जैसे कि कम या शून्य टैरिफ, जो एक सदस्य अपने व्यापार साझेदार को एकतरफा रूप से प्रदान कर सकता है।

  • PTA में उन उत्पादों की एक सकारात्मक सूची होती है जिन पर शुल्क कम किया जाना होता है, जबकि FTA में उन उत्पादों की एक नकारात्मक सूची होती है जिन पर शुल्क कम या समाप्त नहीं किया जाता।

व्यापक आर्थिक सहयोग समझौता (CECA)/व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौता (CEPA): ये शब्द ऐसे समझौतों का वर्णन करते हैं जिनमें IPR, प्रतिस्पर्धा आदि जैसे अन्य क्षेत्रों के साथ वस्तुओं/सेवाओं और निवेश का एक एकीकृत पैकेज शामिल होता है।

  • क्षेत्रों के कवरेज और प्रतिबद्धताओं के प्रकार के संदर्भ में CECA/CEPA, FTA की तुलना में अधिक व्यापक और महत्वाकांक्षी हैं।

सीमा शुल्क संघ: इस प्रणाली में भागीदार देश आपस में शून्य शुल्क पर व्यापार करने का निर्णय ले सकते हैं, हालांकि, वे शेष विश्व के साथ समान शुल्क बनाए रखते हैं।

साझा बाज़ार: साझा बाजार एक सीमा शुल्क संघ है जिसमें श्रम और पूंजी के मुक्त आवागमन को सुविधाजनक बनाने, सदस्यों के बीच तकनीकी मानकों में सामंजस्य स्थापित करने आदि के प्रावधान हैं। उदाहरण: यूरोपीय साझा बाजार।

आर्थिक संघ: यह एक साझा बाज़ार है जिसे राजकोषीय/मौद्रिक नीतियों और साझा कार्यकारी, न्यायिक और विधायी संस्थाओं के सामंजस्य के माध्यम से बढ़ाया जाता है। उदाहरण: यूरोपीय संघ।

भारत के प्रमुख व्यापार समझौते

  • वर्ष 2020 तक, भारत के पास लगभग 54 देशों के साथ विशेष पहुंच, आर्थिक साझेदारी और मुक्त व्यापार समझौते (FTA) थे।
  • भारत ने लगभग 18 समूहों/देशों (2020) के साथ CEPA/CECA/FTA/PTA के रूप में द्विपक्षीय व्यापार सौदों पर हस्ताक्षर किए हैं।
  • भारत ने अब तक 14 FTA और 6 PTA पर हस्ताक्षर किए हैं।
  • एशिया में भारत ने श्रीलंका (1998), अफगानिस्तान (2003), थाईलैंड (2004), सिंगापुर (2005), भूटान (2006), नेपाल (2009), कोरिया (2009), मलेशिया (2011) और जापान (2011) के साथ द्विपक्षीय FTA पर हस्ताक्षर किए हैं।
  • इसके अलावा दो क्षेत्रीय व्यापार समझौते भी हुए हैं, जिसमें दक्षिण एशियाई मुक्त व्यापार समझौता (SAFTA, 2004) और भारत-दक्षिण-पूर्वी एशियाई राष्ट्र संघ समझौता (ASEAN, 2010) शामिल हैं।
  • एशिया के बाहर, चिली (2006) और मर्कोसुर (2004) के साथ FTA पर सहमति व्यक्त की गई है। 
Shares: