संबंधित पाठ्यक्रम
सामान्य अध्ययन-2: भारत से संबंधित और/अथवा भारत के हितों को प्रभावित करने वाले द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक समूह तथा करार।
संदर्भ: भारत-इथियोपिया संबंधों को नई दिशा देते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने इथियोपिया की अपनी पहली द्विपक्षीय यात्रा की। इस अवसर पर उन्हें भारत-इथियोपिया संबंधों को प्रगाढ़ करने में उनकी भूमिका और वैश्विक नेतृत्व के लिए इथियोपिया के सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया‘ से सम्मानित किया गया।
अन्य संबंधित जानकारी
- पीएम मोदी विश्व स्तर पर इथियोपिया का सर्वोच्च सम्मान प्राप्त करने वाले पहले राष्ट्राध्यक्ष हैं।
- पीएम मोदी ने विश्व व्यापार संगठन (WTO) में इथियोपिया की प्रवेश प्रक्रिया के साथ-साथ न्यू डेवलपमेंट बैंक (NDB) की सदस्यता के लिए भारत की ओर से समर्थन देने का आश्वासन दिया।
- पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री अबी अहमद अली को फरवरी 2026 में भारत में आयोजित होने वाली ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ (AI Impact Summit) और 2026 के ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भी आमंत्रित किया है।
- दरअसल, 2011 में डॉ. मनमोहन सिंह की यात्रा के बाद से किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह दूसरी इथियोपिया यात्रा है।
यात्रा के मुख्य परिणाम
- भारत और इथियोपिया ने निम्नलिखित क्षेत्रों में आठ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए:
- संयुक्त राष्ट्र शांति सेना संचालन प्रशिक्षण में सहयोग के लिए समझौते का कार्यान्वयन।
- सीमा शुल्क मामलों में सहयोग और पारस्परिक प्रशासनिक सहायता पर समझौता।
- इथियोपिया के विदेश मंत्रालय में डेटा सेंटर की स्थापना।
- द्विपक्षीय संबंधों को ‘रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक उन्नत करना।
- G20 कॉमन फ्रेमवर्क के तहत इथियोपिया के ऋण पुनर्गठन के संबंध में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर।
- भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) छात्रवृत्ति कार्यक्रम के तहत इथियोपियाई विद्वानों के लिए छात्रवृत्तियों की संख्या को दोगुना करना।
- भारतीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग (ITEC) कार्यक्रम के तहत इथियोपिया के छात्रों और पेशेवरों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में विशेष अल्पकालिक पाठ्यक्रम।
- अदीस अबाबा स्थित महात्मा गांधी अस्पताल की क्षमता को मातृ स्वास्थ्य देखभाल और नवजात देखभाल के क्षेत्रों में बढ़ाने के लिए भारत सहायता करेगा।
भारत-इथियोपियासंबंध
- राजनीतिक जुड़ाव: इथियोपिया में अफ्रीकी संघका मुख्यालय स्थित है, जिस कारण यह भारत की ‘अफ्रीका कूटनीति’ के लिए रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
- दोनों राष्ट्र इनमें सहयोग करते हैं: संयुक्त राष्ट्र, गुट-निरपेक्ष आंदोलन और G-77.
- आर्थिक जुड़ाव: वाणिज्य विभाग के अनुसार, 2024-2025 के दौरान इथियोपिया के साथ भारत का कुल व्यापार 550.19 मिलियन अमेरिकी डॉलर रहा। इस अवधि के दौरान, इथियोपिया को भारत से होने वाला निर्यात 476.81 मिलियन अमेरिकी डॉलर और आयात 73.38 मिलियन अमेरिकी डॉलर का रहा। भारत, इथियोपिया का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक भागीदार है।
- सुरक्षा और सामरिक सहयोग: इथियोपिया और भारत दोनों का ही संयुक्त राष्ट्र (UN) के शांति स्थापना अभियानों में महत्वपूर्ण योगदान है।
- इथियोपिया ‘हॉर्न ऑफ अफ्रीका’ और पूर्वी अफ्रीकी बाजारों का प्रवेश द्वार है। यह भारत की अफ्रीका नीति और ‘एक्ट ईस्ट-अफ्रीका’ समुद्री विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
- भारतीय समुदाय: इथियोपिया में भारतीय प्रवासियों की अनुमानित संख्या लगभग 2500 है। इस देश में बड़ी संख्या में भारतीय कंपनियाँ कार्यरत हैं।
