संबंधित पाठ्यक्रम

सामान्य अध्ययन-2:  महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय संस्थान, एजेंसियाँ और मंच – उनकी संरचना, अधिदेश।

संदर्भ: व्यापार और विकास पर संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन (UNCTAD) द्वारा जारी ‘द लीस्ट डेवलप्ड कन्ट्रीज रिपोर्ट 2025′ के अनुसार, अब अल्पविकसित देशों (LDCs) के आर्थिक उत्पादन में लगभग आधी हिस्सेदारी सेवा क्षेत्र की है। इसके बावजूद, इस वृद्धि से उत्पादकता, आय या समावेशी विकास में कोई उल्लेखनीय बदलाव नहीं आया है।

अन्य संबंधित जानकारी

  • अंकटाड द्वारा जारी यह रिपोर्ट अल्पविकसित देशों में संरचनात्मक परिवर्तन, रोजगार और उत्पादकता की प्रवृत्तियों का परीक्षण करती है।
  • यह रिपोर्ट इस तथ्य को रेखांकित करती है कि रोजगार सृजन, विशेष रूप से गुणवत्तापूर्ण रोजगार, आगामी दशकों में अल्पविकसित देशों के लिए विकास की मुख्य बाधा के रूप में उभरा है।

रिपोर्ट के मुख्य निष्कर्ष

  • रूपांतरण रहित सेवा क्षेत्र आधारित वृद्धि:
  • सेवाओं की बढ़ती भूमिका के बावजूद, 2024 में अल्पविकसित देशों में औसत प्रति व्यक्ति संवृद्धि कमजोर बनी रही, जो रोजगार सृजन और गरिमापूर्ण कार्य के बीच बढ़ते अंतराल को रेखांकित करती है।
  • एक औसत अल्पविकसित देश में श्रम उत्पादकता, मध्यम विकसित अर्थव्यवस्था की तुलना में लगभग 11 गुना कम है, जो उत्पादित और निर्यात की जाने वाली सेवाओं के प्रकारों को सीमित करती है।
  • रोजगार बनाम शिष्ट कार्य:
  • श्रम बाजार में प्रवेश करने वाले नए लोगों को समाहित करने के लिए अल्पविकसित देशों को 2050 तक प्रतिवर्ष लगभग 1.32 करोड़ (13.2 मिलियन) रोजगारों का सृजन करना होगा। इस प्रकार रोजगार सृजन विकास की एक मुख्य बाधा बन जाता है।
  • यद्यपि सेवा क्षेत्र में श्रम का बड़ा हिस्सा संलग्न है, किंतु रोजगार पर अनौपचारिक खुदरा व्यापार, व्यक्तिगत सेवाओं और जीवन-निर्वाह कार्य का वर्चस्व है। परिणामतः, कार्यशील निर्धनता व्यापक रूप से बनी हुई है और “अधिक रोजगार” तथा “बेहतर रोजगार” के बीच का अंतराल निरंतर बढ़ रहा है।
  • कमजोर संरचनात्मक जुड़ाव: सेवा क्षेत्र का विस्तार विनिर्माण, निर्यात और तकनीकी उन्नयन के साथ कमजोर तरीके से जुड़ा हुआ है।
  • बिना अग्रगामी और पश्चगामी जुड़ाव के, सेवा आधारित संवृद्धि हाशिए पर जाने के जोखिम को बढ़ाती है।
  • गहन डिजिटल और लैंगिक अंतराल: अल्पविकसित देशों में, पुरुषों की तुलना में महिलाओं द्वारा मोबाइल इंटरनेट का उपयोग करने की संभावना लगभग 42% कम है, और ग्रामीण निवासियों के जुड़े  होने की संभावना शहरी निवासियों की तुलना में 50% कम है।
  • ये असमानताएँ उच्च-उत्पादकता वाली सेवा नौकरियों तक पहुँच को प्रतिबंधित करती हैं, जिससे असमानता का स्तर और बढ़ जाती हैं।

रिपोर्ट की सिफारिशें

  • विकास का कोई संक्षिप्त मार्ग नहीं: UNCTAD का यह मानना है कि सेवा क्षेत्र आधारित विकास का कोई संक्षिप्त मार्ग नहीं है। सेवाएँ केवल तभी विकास का आधार बन सकती हैं यदि वे उत्पादकता बढ़ाएँ, कृषि और विनिर्माण के साथ संबंधों को मजबूत करें तथा बुनियादी ढाँचा, ऊर्जा, शिक्षा और कौशल में निवेश किया जाए।
  • कौशल और डिजिटल अंतराल को समाप्त करना: सार्वभौमिक और किफायती कनेक्टिविटी (जुड़ाव), विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में निवेश करें और लिंग-समावेशी डिजिटल पहुंच को बढ़ावा दें।
  • उच्च-उत्पादकता वाली सेवाओं की ओर स्थानांतरण को सक्षम करने के लिए डिजिटल और व्यवहार कौशलमें प्रशिक्षण दें, स्थानीय नवाचार केंद्रों का समर्थन करें और डिजिटल साक्षरता को शिक्षा प्रणालियों में एकीकृत करें।
  • संरचनात्मक रूपांतरण का सुदृढ़ीकरण: सरकारों को गुणवत्ता मानकों, बेहतर बुनियादी ढांचे और लघु एवं मध्यम उद्यमों (SME) के समर्थन के माध्यम से पारंपरिक सेवाओं (खुदरा, परिवहन, पर्यटन) को अपग्रेड करना चाहिए ताकि वे गरिमापूर्ण कार्य और स्थानीय जुड़ाव को बढ़ावा दे सकें।

अल्पविकसित देशोंके बारे में

  • अल्पविकसित देश संयुक्त राष्ट्र द्वारा चिन्हित निम्न-आय वाले देशों का एक समूह है, जिन्हें तीन मानदंडों के आधार पर पहचाना जाता है: निम्न प्रति-व्यक्ति आय, कमजोर मानव संपत्ति (स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण), और जलवायु परिवर्तन या वस्तु निर्भरता जैसे झटकों के प्रति उच्च आर्थिक सुभेद्यता।
  • वर्तमान में संयुक्त राष्ट्र द्वारा 44 अर्थव्यवस्थाओं को अल्पविकसित देशों (LDCs) के रूप में नामित किया गया है, जो उन्हें अन्य रियायतों के साथ-साथ अधिमान्य बाजार पहुंच, सहायता, विशेष तकनीकी सहायता और प्रौद्योगिकी पर क्षमता निर्माण का अधिकार प्रदान करते हैं।
  • इनकी सर्वाधिक संख्या अफ़्रीका (32) में है, इसके बाद एशिया (8) का स्थान है।
  • 2026 की शुरुआत तक, 1971 में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) द्वारा इस श्रेणी की स्थापना के बाद से आठ देश अल्पविकसित देश की श्रेणी से बाहर हो चुके हैं।

UNCTADके बारे में

  • अंकटाड संयुक्त राष्ट्र का एक स्थायी अंतर-सरकारी निकाय है, जिसकी स्थापना 1964 में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) द्वारा की गई थी।
  • इसका प्राथमिक लक्ष्य विकासशील देशों, विशेष रूप से अल्पविकसित देशों को निष्पक्ष व्यापार, निवेश, वित्त और प्रौद्योगिकी नीतियों के माध्यम से वैश्विक अर्थव्यवस्था में एकीकृत करना है।
  • UNCTAD की प्रमुख रिपोर्टें हैं: ट्रेड एंड डेवलपमेंट रिपोर्ट, वर्ल्ड इन्वेस्टमेंट रिपोर्ट, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन रिपोर्ट, द लीस्ट कन्ट्रीज रिपोर्ट
  • इसका मुख्यालय जिनेवा, स्विट्जरलैंड में स्थित है।

Sources:
Downtoearth
Unctad

Shares: