संदर्भ:

हाल ही में एक भारतीय पहलवान ने पेरिस ओलंपिक से अयोग्य घोषित किये जाने के बाद न्यायाधिकरण से संयुक्त रजत पदक देने की अपील की।

अन्य संबंधित जानकारी

  • भारतीय पहलवान शुरू में चाहती थी कि उसका स्वर्ण पदक मुकाबला बहाल किया जाए, जिसे खेल पंचाट न्यायालय या खेल मध्यस्थता न्यायालय (Court of Arbitration for Sport-CAS) ने अस्वीकार कर दिया था।
  • खेल पंचाट न्यायालय ने पेरिस ओलंपिक के लिए पेरिस में दो अस्थायी कार्यालय खोले हैं। 
  • पहला, सीएएस तदर्थ मंडल (CAS Ad Hoc Division), खेलों के दौरान उत्पन्न होने वाले किसी भी कानूनी विवाद का समाधान करेगा। यह अस्थायी न्यायाधिकरण वर्ष 1996 से ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन ओलंपिक खेलों के हर आयोजन के साथ-साथ अन्य प्रमुख खेल आयोजनों में भी काम करता रहा है।
  • दूसरा अस्थायी कार्यालय सीएएस एंटी-डोपिंग डिवीजन के लिए है, जो खेलों के दौरान उत्पन्न होने वाले एंटी-डोपिंग संबंधी मामलों पर निर्णय लेगा।

खेल पंचाट न्यायालय 

  • इसकी स्थापना वर्ष 1984 में एक स्वतंत्र संस्था के रूप में की गई थी जो पंच-निर्णय या मध्यस्थता के माध्यम से खेल-संबंधी विवादों के निपटारे की सुविधा प्रदान करती है।
  • इसके निर्णयों की प्रवर्तनीयता सामान्य न्यायालयों के निर्णयों के समान ही है।
  • खेल पंचाट न्यायालय द्वारा सुनाया गया निर्णय अंतिम और इसमें शामिल पक्षों पर बाध्यकारी होता है। इसके निर्णयों की प्रवर्तनीयता सामान्य न्यायालयों के निर्णयों के समान ही होती है।
  • इसका मुख्यालय लॉज़ेन (स्विटज़रलैंड) में है। इसके अतिरिक्त न्यायालय न्यूयॉर्क (अमेरिका) और सिडनी (ऑस्ट्रेलिया) में भी हैं।
  • ‘पेरिस समझौते’ के तहत वर्ष 1994 में गठित अंतर्राष्ट्रीय खेल मध्यस्थता परिषद (ICAS) खेल पंचाट न्यायालय का सर्वोच्च अंग है।
  • अंतर्राष्ट्रीय खेल मध्यस्थता परिषद का मुख्य कार्य खेल पंचाट न्यायालय की स्वतंत्रता और पक्षों के अधिकारों की रक्षा करना है। इस उद्देश्य से, यह खेल पंचाट न्यायालय के प्रशासन और वित्तपोषण की देखभाल करता है। 
  • वर्ष 1996 में, अंतर्राष्ट्रीय खेल मध्यस्थता परिषद ने दो स्थायी विकेन्द्रीकृत कार्यालय बनाए, पहला सिडनी, ऑस्ट्रेलिया में और दूसरा संयुक्त राज्य अमेरिका के डेनवर में। 

खेल पंचाट न्यायालय मध्यस्थता प्रक्रिया कैसे काम करती है? 

  • कोई भी व्यक्ति या कानूनी इकाई जो कार्य करने की क्षमता रखती है, वह खेल पंचाट न्यायालय की सेवाओं का लाभ उठा सकती है। इनमें एथलीट, क्लब, खेल महासंघ, खेल आयोजनों के आयोजक, प्रायोजक या टेलीविजन कंपनियां शामिल हैं।
  • एक बार मध्यस्थता अनुरोध या अपील का विवरण दायर हो जाने पर, प्रतिवादी खेल पंचाट न्यायालय को उत्तर प्रस्तुत करता है।
  • मामले के बारे में बयानों के किसी भी अतिरिक्त आदान-प्रदान के बाद, पक्षों को सुनवाई के लिए बुलाया जाता है, ताकि उनकी बात सुनी जा सके, साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकें और वे अपने मामले पर बहस कर सकें।
  • अंतिम निर्णय पक्षकारों को कुछ सप्ताह बाद सूचित किया जाता है, जब तक कि वह उसी दिन (अपील प्रक्रिया के तहत) घोषित न कर दिया जाए।

Also Read:

जीन-संपादन कीटनाशक

Shares: