संबंधित पाठ्यक्रम
सामान्य अध्ययन-3: भारतीय अर्थव्यवस्था तथा नियोजन, संसाधनों को जुटाने, प्रगति, विकास और रोजगार से संबंधित विषय।
संदर्भ: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने लघु एवं मध्यम उद्यमों (SMEs) को विकासोन्मुख इक्विटी पूंजी प्रदान करने के लिए एसएमई विकास निधि (SGF) की स्थापना हेतु भारत सरकार की 10,000 करोड़ रुपये की प्रतिबद्धता को मंजूरी दी है। इसकी घोषणा केंद्रीय बजट 2026–27 के तहत की गई थी।
अन्य संबंधित जानकारी
- एसजीएफ बजट 2026–27 के तहत किए गए उन उपायों का हिस्सा है, जिनका उद्देश्य इक्विटी, तरलता और पेशेवर सहायता के माध्यम से एमएसएमई इकोसिस्टम को मजबूत करना है।
- इसका उद्देश्य एसएमई के लिए दीर्घकालिक विकास पूंजी की संरचनात्मक कमी को दूर करना है, क्योंकि मौजूदा इक्विटी-सहायता फंड मुख्य रूप से प्रारंभिक चरण के उद्यमों और सूक्ष्म उद्यमों पर केंद्रित हैं।
- इस फंड का उद्देश्य विनिर्माण, सेवाओं, प्रौद्योगिकी, नवाचार-आधारित क्षेत्रों और रणनीतिक मूल्य श्रृंखलाओं में वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी भारतीय उद्यमों की एक मजबूत श्रृंखला तैयार करना है, जो विकसित भारत@2047 के विज़न को समर्थन प्रदान करेगी।
एसएमई विकास निधि (SGF) के बारे में

- सरकारी प्रतिबद्धता: भारत सरकार एसजीएफ के तहत स्थापित वैकल्पिक निवेश निधि (AIF) के लिए कुल 10,000 करोड़ रुपये की प्रतिबद्धता प्रदान करेगी।
- सहायता का स्वरूप: एसजीएफ उच्च क्षमता वाले एसएमई को धैर्यपूर्ण, दीर्घकालिक विकास इक्विटी पूंजी प्रदान करेगा, जिनकी व्यावसायिक व्यवहार्यता और विस्तार क्षमता प्रदर्शित हो चुकी है।
- निवेश दृष्टिकोण: इसे प्रत्यक्ष इक्विटी निवेश निधि के रूप में तैयार किया गया है, जो पारंपरिक ऋण के बजाय विकास चरण की जोखिम पूंजी प्रदान करेगा।
- क्षेत्रीय कवरेज: यह निधि विनिर्माण, सेवाओं, प्रौद्योगिकी, नवाचार-आधारित क्षेत्रों और रणनीतिक मूल्य श्रृंखलाओं में उद्यमों को सहायता प्रदान करेगा।
- विनिर्माण को प्राथमिकता: आवंटन का अधिकांश हिस्सा लघु एवं मध्यम विनिर्माण-केंद्रित उद्यमों के लिए निर्देशित किया जाएगा।
- क्षेत्रीय फोकस: यह निधि टियर-2 और टियर-3 शहरों के औद्योगिक क्लस्टरों में संचालित एसएमई पर भी विचार करेगा।
- सहायता के क्षेत्र: दीर्घकालिक पूंजी एसएमई को निम्नलिखित में सक्षम बना सकती है:
- परिचालन और विनिर्माण क्षमता का विस्तार करना;
- उन्नत प्रौद्योगिकियों को अपनाना और नवाचार को बढ़ावा देना;
- उत्पादकता और प्रतिस्पर्धात्मकता में सुधार करना;
- अधिग्रहण और रणनीतिक निवेश करना;
- अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विस्तार करना; और
- वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में एकीकृत होना।
इस निधि की आवश्यकता और महत्त्व
- विकास पूंजी की कमी को दूर करना: मौजूदा इक्विटी-सहायता फंड मुख्य रूप से प्रारंभिक चरण के उद्यमों और सूक्ष्म उद्यमों पर केंद्रित हैं, जिससे एसएमई के लिए विकास इक्विटी पूंजी की संरचनात्मक कमी उत्पन्न हो रही है। एसजीएफ दीर्घकालिक जोखिम पूंजी के माध्यम से इस कमी को दूर करता है।
- महत्त्वपूर्ण विकास चरणों में सहायता: धैर्यपूर्ण इक्विटी एसएमई को विकास के महत्त्वपूर्ण चरणों में क्षमता का विस्तार करने, प्रौद्योगिकी में निवेश करने, नवाचार करने और रणनीतिक निवेश करने में सहायता करेगी।
- वैश्विक रूप से प्रतिस्पर्धी उद्यमों का निर्माण: इस फंड का उद्देश्य ऐसी भारतीय कंपनियों की एक मजबूत श्रृंखला तैयार करना है, जिनके पास क्षेत्रीय अग्रणी बनने और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए आवश्यक पैमाना, नवाचार क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मकता हो।
- विनिर्माण और निर्यात को मजबूत करना: विनिर्माण-केंद्रित आवंटन उत्पादन क्षमता बढ़ाने, उत्पादकता में सुधार करने और वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में एकीकरण के माध्यम से निर्यात प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाने में सहायता करेगा।
- संतुलित क्षेत्रीय औद्योगिक विकास: टियर-2 और टियर-3 शहरों के औद्योगिक क्लस्टरों को सहायता प्रदान करने से स्थानीय आपूर्ति श्रृंखलाएँ मजबूत होंगी, संतुलित क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और गुणवत्तापूर्ण रोजगार का सृजन होगा।
- विकसित भारत@2047 को समर्थन: उद्यमिता को मजबूत करने, घरेलू पूंजी बाजार को गहरा करने और नवाचार-आधारित औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने के माध्यम से एसएमई विकास निधि विकसित भारत@2047 में योगदान देगा।
लघु एवं मध्यम उद्यमों (SMEs) के बारे में
- अप्रैल 2025 से प्रभावी नवीनतम एमएसएमई वर्गीकरण मानदंडों के तहत:
- लघु उद्यम: 25 करोड़ रुपये तक का निवेश और 100 करोड़ रुपये तक का वार्षिक कारोबार।
- मध्यम उद्यम: 125 करोड़ रुपये तक का निवेश और 500 करोड़ रुपये तक का वार्षिक कारोबार।
- आर्थिक सर्वेक्षण 2025–26 के अनुसार, एमएसएमई भारत के सकल घरेलू उत्पाद में 31.1%, विनिर्माण उत्पादन में 35.4% और निर्यात में 48.58% का योगदान करते हैं।
- महिलाओं की भागीदारी: महिला-स्वामित्व वाले उद्यम कुल एमएसएमई पंजीकरण का 37.6% हैं।
- औपचारिक एमएसएमई आधार का विस्तार: उद्यम और उद्यम सहायता मंच (यूएपी) के तहत कुल एमएसएमई पंजीकरण लगभग 9.78 करोड़ तक पहुँच गए हैं, जिनमें लगभग 43.28 करोड़ रोजगार अवसरों की सूचना दी गई है।
