संदर्भ    

हाल ही में, भारत और मंगोलिया के रक्षा मंत्रालयों के बीच 12 वीं संयुक्त कार्य समूह (JWG) की बैठक 16 और 17 मई, 2024 को मंगोलिया के उलानबटार में आयोजित की गई।

अन्य संबंधित जानकारी     

  • दोनों देशों ने संयुक्त कार्य समूह (JWG) की बैठक में वर्तमान भू-राजनीतिक स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
  • भारत की ओर से रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव ने भारतीय रक्षा उद्योग की क्षमता और योग्यता पर प्रकाश डाला और मंगोलिया के सशस्त्र बलों के साथ एक उपयोगी साझेदारी की संभावना जतायी।
  • भारत के रक्षा मंत्रालय के संयुक्त सचिव और मंगोलिया के रक्षा मंत्रालय के राज्य सचिव ने इस बैठक की सह-अध्यक्षता की।

भारत और मंगोलिया के बीच का संबंध 

  • मंगोलिया के अधिकांश लोग के लिए भारत एक “आध्यात्मिक पड़ोसी”, एक घोषित ‘तीसरा पड़ोसी’, एक ‘रणनीतिक साझेदार’ और तीर्थयात्रा का केंद्र है।
  • तीन ‘डी’ (D) लोकतंत्र (Democracy), धर्म (Dharma) और विकास साझेदारी (Development Partnership) भारत-मंगोलिया संबंधों के स्तंभ बनकर उभरे हैं।
  • लोकतंत्र, स्वतंत्रता और बाजार अर्थव्यवस्था के मूल्य आधुनिक समय में उनके बंधन को और मजबूत करते हैं।

राजनयिक संबंध

  • भारत ने दिसंबर, 1955 में मंगोलिया के साथ राजनयिक संबंध स्थापित किया तथा मंगोलिया ने जनवरी, 1956 में नई दिल्ली में अपने पहले राजदूत को नियुक्त किया।
  • भारत के द्वारा फरवरी, 1971 में उलानबटार (मंगोलिया की राजधानी) में भारतीय निवासी मिशन को खोला गया।
  • वर्ष 1994 में दोनों देशों ने मैत्रीपूर्ण संबंध और सहयोग संधि पर हस्ताक्षर किये, जिससे दोनों देशों के बीच के संबंध और मजबूत हुए।
  • वर्ष 2015 में, दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी में परिणित किया गया, जिसमें रक्षा द्विपक्षीय भागीदारी का एक अनिवार्य तत्व है।

ऊर्जा सहयोग

दक्षिण गोबी मरुस्थल में भारत द्वारा वित्तपोषित ग्रीनफील्ड तेल रिफाइनरी परियोजना का उद्देश्य मंगोलिया की रूसी तेल आयात पर निर्भरता को कम करना है। यह वर्ष 2026 तक चालू हो जाएगी।

  • प्रायः इन रिफाइनरियों का निर्माण पहले से अविकसित भूमि पर शुरू से किया जाता है, इसलिए इन्हें “ग्रीनफील्ड” कहा जाता है।
  • प्रस्तावित रिफाइनरी का वित्तपोषण भारत के एक्ज़िम बैंक द्वारा किया जाएगा।
  • भारत की सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (Central Electronics Ltd.) ने मंगोलिया में पहली सौर ऊर्जा विद्युतीकरण परियोजना शुरू की, जिसे औपचारिक रूप से अप्रैल, 2006 में डाडल सौम (Dadal Soum) में शुरू किया गया था।

रक्षा सहयोग

  • भारत और मंगोलिया संयुक्त रूप से प्रतिवर्ष ‘नोमैडिक एलीफेंट’ (Nomadic Elephant) युद्धाभ्यास आयोजित करते हैं। इसे पहली बार वर्ष 2004 में आयोजित किया गया था।
  • भारतीय सशस्त्र बल पर्यवेक्षक नियमित रूप से मंगोलिया में आयोजित वार्षिक बहुपक्षीय शांति अभ्यास ‘खान क्वेस्ट’ (Khan Quest) में भाग लेते हैं।

Also Read :

जीवन प्रत्याशा में उछाल: वैश्विक आंकड़ा महामारी की गिरावट से उबरा

Shares: