संबंधित पाठ्यक्रम

सामान्य अध्ययन-2: सामाजिक क्षेत्र/सेवाओं के विकास और प्रबंधन से संबंधित विषय।

संदर्भ: हाल ही में, ICMR- NIRT के एक अध्ययन में यह पाया गया है कि मल्टी ड्रग रेजिस्टेंट और रिफैम्पिसिन- रेजिस्टेंट टीबी (MDR/RR-TB) के लिए छह महीने के पूर्णतः मुँह से की जाने वाली उपचार पद्धति भारत में किए जाने वाले लंबी अवधि के उपचारों की तुलना में लागत-प्रभावी है और इसका स्वास्थ्य पर अच्छा प्रभाव पड़ता है।

अन्य संबंधित जानकारी

  • भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) ने अपने ‘ICMR-NIRT संस्थान’ के माध्यम से, इंडियन जर्नल ऑफ मेडिकल रिसर्च में एक आर्थिक मूल्यांकन प्रकाशित किया, जिसमें मल्टी-ड्रग रेजिस्टेंट और रिफैम्पिसिन- रेजिस्टेंट टीबी (MDR/RR-TB) के लिए लघु उपचार विधियों का आकलन किया गया है।
  • इस अध्ययन में ‘बेडाक्विलिन-आधारित’ छह माह की उपचार पद्धतियों, विशेष रूप से BPaL और BPaLM की तुलना राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के तहत वर्तमान में प्रचलित 9-11 माह और 18-20 माह की उपचार पद्धतियों से की गई है।
  • अध्ययन के निष्कर्ष ड्रग रेजिस्टेंट टीबी के प्रति भारत की प्रतिक्रिया में सुधार हेतु पूर्णतः मुँह से की जाने वाली लघु उपचार विधियों को कार्यक्रम स्तर पर अपनाने का समर्थन करते हैं।

अध्ययन के प्रमुख निष्कर्ष

  • मानक उपचार पद्धति की तुलना में BPaL उपचार पद्धति अधिक प्रभावी और लागत-प्रभावी पाई गई।
  • BPaL पद्धति के अंतर्गत हासिल प्रत्येक अतिरिक्त गुणवत्ता समायोजित जीवन वर्ष (Quality Adjusted Life Year – QALY) के लिए स्वास्थ्य प्रणाली में प्रति रोगी ₹379 की बचत होती है।
  • BPaLM पद्धति अत्यधिक लागत-प्रभावी पाई गई है जिसमें प्रति अतिरिक्त ‘गुणवत्ता समायोजित जीवन वर्ष’ हासिल करने के लिए प्रति रोगी केवल ₹37 का अतिरिक्त व्यय होता है।
  • दोनों उपचार पद्धतियों में दवाओं, अस्पताल के दौरों और अनुवर्ती देखभाल सहित कुल स्वास्थ्य देखभाल लागत में कमी या उसके बराबर व्यय होता है।
  • उपचार की अवधि को 9-18 माह से घटाकर छह माह करने से रोगियों की उपचार विधियों का पालन करते की प्रवृत्ति में सुधार होता है और रुग्णता में कमी आती है।
  • ये निष्कर्ष ‘राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम’ (NTEP) के तहत लघु उपचार पद्धतियों के विस्तार हेतु प्रेरित करते हैं।

ड्रग-रेजिस्टेंट क्षय रोग  (DR-TB) के लिए पूर्णतः मुँह से की जाने वाली उपचार पद्धतियां

  • विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) वर्तमान में मल्टी-ड्रग रेजिस्टेंट/रिफैम्पिसिन रेजिटीबी स्टेंट  (MDR/RR-TB) के लिए पूर्णतः मुँह से की जाने वाली उपचार पद्धतियों की तीन मुख्य श्रेणियों की सिफारिश करता है।

6-माह की BPaLM/BPaL पद्धति 

  • यह 14 वर्ष और उससे अधिक आयु के MDR/RR-TB अथवा pre-XDR-TB से पीड़ित रोगियों के लिए प्राथमिकता प्राप्त प्रथम श्रेणी का विकल्प है। इसकी समयावधि पिछले मानकों की तुलना में काफी कम है और इसकी उपचार सफलता दर अत्यधिक (लगभग 90%) है।
  • BPaLM के घटक: बेडाक्विलिन (B), प्रेटोमैनिड (Pa), लाइनज़ोलिड (L), और मोक्सीफ्लोक्सासिन (M)।
  • BPaL संस्करण: यदि रोगी में फ्लुओरोक्विनोलोनके प्रति प्रतिरोध दर्ज किया जाता है, तो मोक्सीफ्लोक्सासिन को हटा दिया जाता है (केवल B, Pa, और L शेष रहते हैं)।
  • अवधि: सामान्यतः 6 महीने (26 सप्ताह), हालांकि आवश्यकता पड़ने पर इसे 9 माह तक बढ़ाया जा सकता है।
  • लाभ: दवाओं का कम उपयोग, कम लागत और रोगियों द्वारा उपचार के बेहतर अनुपालन में सहायक।

9-माह की पूर्णतः मुँह से की जाने वाली उपचार पद्धति

  • ये उन रोगियों के लिए अनुशंसित हैं जिनमें फ्लुओरोक्विनोलोन के प्रति प्रतिरोध की संभावना नहीं है और जो 6-माह की उपचार पद्धति के लिए पात्र नहीं हो सकते हैं।
    • मानक 9-माह की पद्धति: सात दवाओं का एक संयोजन, जिसमें बेडाक्विलिन, लेवोफ्लोक्सासिन (या मोक्सीफ्लोक्सासिन), क्लोफैज़िमिन, एथियोनामाइड (जिसे 2 महीने के लाइनज़ोलिड द्वारा प्रतिस्थापित किया जा सकता है), एथमब्यूटोल, पाइराज़िनामाइड और उच्च-खुराक वाली आइसोनियाज़िड शामिल हैं।
    • संशोधित 9-माह की पद्धति (endTB परीक्षण से): हालिया 2024 के अपडेट में BLMZ (बेडाक्विलिन, लाइनज़ोलिड, मोक्सीफ्लोक्सासिन, पाइराज़िनामाइड) जैसे संस्करण शामिल हैं, जिन्हें अक्सर उनकी कम लागत और दवाओं के कम उपयोग के कारण प्राथमिकता दी जाती है।

लंबी अवधि की व्यक्तिगत उपचार पद्धतियां

  • व्यक्तिगत उपचार पद्धति: उन रोगियों के लिए जो लघु अवधि के उपचार जैसे कि व्यापक दवा प्रतिरोध (XDR-TB), अतिरिक्त-फुफ्फुसीय टीबी के गंभीर रूप (जैसे केंद्रीय तंत्रिका तंत्र यानी CNS का प्रभावित होना), या मुख्य दवाओं के प्रति असहिष्णुता हेतु पात्र नहीं हैं—उनके लिए WHO एक व्यक्तिगत उपचार पद्धति का सुझाव देता है।
    • अवधि: 18–20 माह (या कल्चर रूपांतरण के 15–17 महीने बाद)।
    • संगठन: इसे दवाओं की प्राथमिकता रैंकिंग के आधार पर तैयार किया जाता है:
      • समूह A (दृढ़ता से अनुशंसित): लेवोफ्लोक्सासिन/मोक्सीफ्लोक्सासिन, बेडाक्विलिन और लाइनज़ोलिड।
      • समूह B: क्लोफैज़िमिन, साइक्लोसेरिन/टेरिज़िडोन।
      • समूह C: अन्य एजेंट (जैसे डेलामैनिड, पाइराज़िनामाइड, एथमब्यूटोल) जिन्हें कम से कम 4-5 प्रभावी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकतानुसार जोड़ा जाता है।

क्षय रोग के बारे में

  • क्षय रोग (Tuberculosis – TB) एक जीवाणु संक्रमण है जो माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस नामक जीवाणु के कारण होता है। यह मुख्य रूप से फेफड़ों (फुफ्फुस) को प्रभावित करता है और हवा के माध्यम से तब फैलता है जब कोई संक्रमित व्यक्ति खांसता, छींकता या थूकता है।
  • यह रिफैम्पिसिन और आइसोनियाज़िड जैसी एंटीबायोटिक दवाओं के माध्यम से इसे रोका जा सकता है और यह ठीक हो सकता है।
  • HIV से पीड़ित व्यक्तियों की मृत्यु का प्रमुख कारण क्षय रोग है और यह रोगाणुरोधी प्रतिरोध (Antimicrobial Resistance – AMR) में भी एक बड़ा योगदानकर्ता है।
  • गंभीर क्षय रोग को रोकने और मृत्यु के जोखिम को कम करने के लिए कुछ देशों में शिशुओं और छोटे बच्चों को बैसिल कैलमेट-गुएरिन (BCG) का टीका लगाया जाता है।
  • मधुमेह, कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली (जैसे HIV/AIDS), कुपोषण, तंबाकू का सेवन और हानिकारक मदिरापान जैसे जोखिम कारकों से क्षय रोग हो सकता है।

टीबी स्थितियों के प्रकार

  • पल्मोनरी टीबी: इसमें फेफड़े प्रभावित होते हैं और यह क्षय रोग का सबसे सामान्य रूप है।
  • एक्स्ट्रापल्मोनरी टीबी: यह फेफड़ों के बाहर होता है, जो अस्थियों, वृक्क, रीढ़ की हड्डी, मस्तिष्क और लसीका ग्रंथियों जैसे अंगों को प्रभावित करता है।
  • मिलियरी टीबी: यह एक दुर्लभ लेकिन गंभीर रूप है जहाँ क्षय रोग के जीवाणु रक्तप्रवाह के माध्यम से शरीर के कई अंगों में फैल जाते हैं। यह छोटे बच्चों और कमजोर प्रतिरक्षा तंत्र वाले व्यक्तियों में अधिक सामान्य है।
  • टीबी मेनिन्जाइटिस: यह मस्तिष्क और मेरुरज्जु के चारों ओर के ऊतकों को प्रभावित करता है, जो अक्सर मस्तिष्क के आधार पर देखा जाता है।
  • ड्रग-रेजिस्टेंट टीबी: यह तब होता है जब क्षय रोग के जीवाणु इस बीमारी के इलाज के लिए उपयोग में लाई जाने वाली मानक दवाओं के प्रति प्रतिरोधी हो जाते हैं।

Source:
The Hindu
New Indian Express
Indian Express

Shares: